Mukhyamantri Majhi Ladki Bahin Yojana: 21 से 60 साल की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये, इस राज्य सरकार का तोहफा

Mukhyamantri Majhi Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत सरकार महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देगी। साथ ही सरकार ने हर साल तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देने का एलान किया है।

By Kushagra Valuskar

Publish Date: Fri, 28 Jun 2024 06:37:38 PM (IST)

Up to date Date: Fri, 28 Jun 2024 06:40:37 PM (IST)

Mukhyamantri Majhi Ladki Bahin Yojana: 21 से 60 साल की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये, इस राज्य सरकार का तोहफा
महाराष्ट्र सरकार करेगी महिलाओं की आर्थिक मदद। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री अजित पवार ने बजट पेश किया।
  2. महिलाओं के लिए पिंक ई-रिक्शा योजना का एलान किया है।
  3. सरकार का 25 लाख महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य है।

एएनआई, मुंबई। Mukhyamantri Majhi Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र सरकार ने बजट में महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना का एलान किया। वित्त मंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राज्य का बजट पेश किया। उन्होंने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना की घोषणा की। इस स्कीम के तहत 21 से 60 साल की सभी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे।

जुलाई 2024 से लागू होगी योजना

यह योजना मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार की लाडली बहना योजना से प्रेरित है। बजट पेश करते हुए अजित पवार ने कहा, हम मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना की घोषणा कर रहे हैं। इसके तहत सभी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। यह योजना जुलाई 2024 से लागू होगी।

मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना की खास बातें

  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के बैंक खाते में प्रतिमाह में 1500 रुपये जमा होंगे।
  • 21 से 60 वर्ष की महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।
  • जिनके परिवार की संयुक्त वार्षिक इनकम 2.50 लाख रुपये से कम है, उन्हें स्कीम का लाभ मिलेगा।

किसानों को बोनस देने का एलान

इसके अलावा अजित पवार ने कहा कि राज्य में कपास और सोयाबीन की फसलों के लिए किसानों को पांच हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का बोनस दिया जाएगा। 1 जुलाई 2024 के बाद दूध उत्पाद किसानों को पांच रुपये प्रति लीटर बोनस देंगे। उन्होंने कहा, ‘सरकार ने जानवरों के हमलों से होने वाली मौतों में आर्थिक मदद बढ़ा दी है, अब 20 लाख के बजाय 25 लाख रुपये मिलेंगे।’

शुभमंगल विवाह योजना की बढ़ी रकम

महाराष्ट्र सरकार ने शुभमंगल विवाह योजना की रकम बढ़ा दी है। पहले महिलाओं को दस हजार रुपये मिलते थे। अब इस स्कीम में पचीस हजार रुपये मिलेंगे। वहीं, उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी में आने वाली लड़कियों की फीस माफ की जाएगी। इसके अलावा, सरकार ने मुंबई में डीजल पर टैक्स 24% से घटाकर 21% और पेट्रोल पर 26% से घटाकर 25% कर दिया है।