Bilaspur Crime Information : कार से कुचल दिया बछड़े को, इतने में मन नहीं भरा तो रिवर्स करके चढ़ा दी गाड़ी
सरकंडा के बंगालीपारा में रहने वाले शिवांश पांडेय ने तारबाहर थाने में बछड़े की मौत की शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि तारबाहर डिसाइपल चर्च के पास कार (क्रमांक सीजी 10 ए क्यू 3177) के चालक ने बछड़े के उपर कार चढ़ा दी थी।
By sarfraj memon
Publish Date: Thu, 27 Jun 2024 12:31:29 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 27 Jun 2024 12:31:29 AM (IST)

HighLights
- मौके पर बछड़े की मौत
- पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
- तारबाहर क्षेत्र की घटना, जुर्म दर्ज, आरोपित फरार
नईदुनिया न्यूज, बिलासपुर। तारबाहर क्षेत्र के डिसाइपल चर्च के सामने कार चालक ने बछड़े को कुचल दिया, इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा तो उसने गाड़ी रिवर्स करके दोबारा बछड़े पर कार चढ़ा दी। इससे बछड़े की मौके पर मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित कार चालक की तलाश कर रही है।
सरकंडा के बंगालीपारा में रहने वाले शिवांश पांडेय ने तारबाहर थाने में बछड़े की मौत की शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि तारबाहर डिसाइपल चर्च के पास कार (क्रमांक सीजी 10 ए क्यू 3177) के चालक ने बछड़े के उपर कार चढ़ा दी थी। बुधवार की सुबह इसकी सूचना उन्हें मोबाइल पर मिली। इस पर वे करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे। पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखने पर पता चला कि कार का ड्राइवर पहले धीरे-धीरे बछड़े के ऊपर कार चढ़ाया। इसके बाद उसने कार रिवर्स कर एक बार फिर से बछड़े के ऊपर कार चढ़ा दी। इससे बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने घटना की शिकायत तारबाहर थाने में की है। शिवांश ने आरोप लगाया कि कार चालक का नाम शेख शाहिद है। उसने जानबूझकर बछड़े पर कार चढ़ाकर हत्या की है। उन्होंने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान गौसेवक शिवांश पांडे, शुभम शुक्ला, गोपाल कृष्ण, रामानुज दास, निधि तिवारी, राजवीर, आचार्य सचिन द्विवेदी, करन पाटले, आकाश, राहुल, करन ठाकुर मौजूद रहे। तारबाहर पुलिस ने आरोपित कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, आरोपित फरार बताया जा रहा है। पुलिय उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बछड़े का शव लेकर पहुंचे थाना, आंदोलन की चेतावनी
गो सेवकों ने आरोप लगाया कि आरोपित कार के चालक ने जानबूझकर बछड़े की हत्या की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने आरोपित की आरोपित ने दो बार कार चढ़ाकर बछड़े की हत्या की है। गो सेवकों ने आरोपित कार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है, साथ ही कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्टेशन के पास दिखी कार
बताया जा रहा कि घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित ने अपनी कार को स्टेशन के पास रखकर भाग गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, साथ ही कार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

