‘अनलकी’ ऑलराउंडर! टीम इंडिया में नाम आते ही हो गया बाहर, शिवम दुबे को मिला मौका
नई दिल्ली. हर खिलाड़ी का सपना अपने देश के लिए खेलना होता है. कोई शक नहीं कि ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी यही सोचकर खेलते आए हैं. लेकिन इस खिलाड़ी को जैसे ही टीम इंडिया में शामिल किया गया, वैसे ही उनकी दूसरी समस्या सामने आ गई. इस समस्या के चलते नीतीश रेड्डी का भारत के लिए डेब्यू टल गया है. उनकी जगह शिवम दुबे को भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है.
भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप के ठीक बाद जिम्बाब्वे से टी20 सीरीज खेलेगी. दोनों टीमों के बीच 6 जुलाई से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज के लिए टीम के ज्यादातर सीनियर्स को रेस्ट दिया गया है. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम के अधिकतर सदस्य युवा हैं.
भारतीय टीम में शामिल युवा चेहरों में नीतीश रेड्डी, अभिषेक शर्मा, रियान पराग और तुषार देशपांडे शामिल हैं. इन चारों को आईपीएल 2024 में बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया में जगह मिली थी. लेकिन नीतीश अब इस दौरे पर नहीं जाएंगे. नीतीश को भारतीय टीम में पहली बार शामिल किया गया था.
बीसीसीआई ने नीतीश रेड्डी की जगह शिवम दुबे को जिम्बाब्वे जाने वाली भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा है कि नीतीश चोटिल हैं. मेडिकल टीम उनकी चोट पर नजर रखेगी. क्रिकइंफो के मुताबिक नीतीश हार्निया से परेशान हैं. इसी कारण वे जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं जा सकेंगे.
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, शिवम दुबे, रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, मुकेश कुमार, खलील अहमद, तुषार देशपांडे.
Tags: Icc T20 world cup, India vs Zimbabwe, Shivam Dube, T20 World Cup
FIRST PUBLISHED : June 26, 2024, 22:17 IST

