Karan Johar takes a break from Koffee with Karan, says celebt hesitate to anwer resulting from controversies | करण जौहर ने लिया कॉफी विद करण से ब्रेक: कहा- सेलेब्स डरते हैं, पहले जैसे बेझिझक बात नहीं करते, उनकी टीम सीन डिलीट करवा देती हैं
12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

फिल्ममेकर करण जौहर का पॉपुलर चैट शो कॉफी विद करण हर साल अलग-अलग कारणों से सुर्खियों और विवादों में रहता है। हालांकि विवादों के चलते अब सेलेब्स शो में खुलकर बात करने से डरने लगे हैं। यही कारण है कि करण जौहर इस साल कॉफी विद करण का 9वां सीजन नहीं ला रहे हैं। करण ने 8वें सीजन के रैपिड फायर राउंड को शो के इतिहास का सबसे बोरिंग रैपिड फायर बताते हुए कहा है कि वो शो के नए तरीके से लाएंगे, जिसके लिए वो एक साल का ब्रेक ले रहे हैं। करण का मानना है कि विवादों से बचने के लिए सेलेब्स वैसे बेझिझक जवाब नहीं दे रहे हैं, जैसे पहले दिया करते थे।
हाल ही में यूट्यूबर सुचित्रा त्यागी ने एक इंटरव्यू के दौरान करण जौहर से कॉफी विद करण के अगले सीजन पर बात की है। जब उनसे पूछा गया कि अगला सीजन कब आएगा, तो उन्होंने बताया है कि वो इस साल शो नहीं लाएंगे। वो एक साल का ब्रेक लेंगे और 2025 में नए तरीके से वापसी करेंगे।

कॉफी विद करण के 8वें सीजन में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, करीना कपूर, आलिया भट्ट, ओरी, अनन्या पांडे और सारा जैसे सेलेब्स गेस्ट बनकर पहुंचे थे।
बीते सीजन के बोरिंग रैपिड फायर पर उन्होंने कहा है, मुझे धीरे-धीरे लगने लगा है कि लोग खुद को जकड़ कर रख रहे हैं। हर सेलेब पीआर नाइटमेयर से डर रहा है। वो बहुत डरे हुए रहते हैं कि पता नहीं कुछ कहने से लोगों का क्या रिएक्शन आएगा। तो मुझे लगता है कि उन सेलेब्स के साथ ऐसा नहीं करना चाहिए। मैं अब शो को गपशप और बातों से भरा बनाना चाहता हूं।
आगे करण ने कहा है, मैं शो को रियल बनाना चाहता हूं, अभी लोग बहुत कैंडिड हो रहे हैं। मैंने शो में रैंकिंग के सवाल रखने भी बंद कर दिए हैं, क्योंकि मुझे लगता है कि अब ये सही नहीं हैं। ये एक टाइम तक ही ठीक था। लोग गुस्सा हो जाते हैं। वो मुझसे, गेस्ट से गुस्सा हो जाते हैं। ऑडियंस और फैन क्लब आपका मारना चाहते हैं। सब पीछे ही पड़ जाते हैं।
करण ने आगे एक रियलिटी शो में उनका मजाक उड़ाए जाने पर भी रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा है, शो को अच्छे ह्यूमर के साथ बनाना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि लोग गुड ह्यूमर के लिए तैयार हैं। लोग बहुत टची और सेंसिटिव हो जाते हैं। मैं इस इंडस्ट्री में हूं, मेरा भी लोगों ने मजाक बनाया है। हाल ही में एक रियलिटी शो ने मेरा बुरी तरह मजाक उड़ाया है और मैंने उस बारे में लिखा भी है। उन्होंने मेरा अपमान किया है और जो लोग उसे देखकर हंस रहे हैं उन्हें याद रखना चाहिए कि मैं इस इंडस्ट्री में 30 साल से हूं। मैंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। मैं अपने शो में ऐसा नहीं करता हूं, मैं बस बातचीत करता हूं।
अब सेंसेशनल और कंट्रोवर्शियल रैपिड फायर राउंड नहीं रखूंगा- करण
कॉफी विद करण 9 पर बात करते हुए करण ने कहा है, इस बार मैं जरूर शो को ज्यादा से ज्यादा बातचीत वाला बनाऊंगा। मैं सेंसेशनल और कंट्रोवर्शियल रैपिड फायर नहीं रखूंगा, क्योंकि लोग वैसे भी सही जवाब नहीं देते हैं। मैं ये कहना चाहूंगा कि कॉफी विद करण का 8वां सीजन शो के इतिहास का सबसे बोरिंग रैपिड फायर राउंड था। मैं बस यही सोच रहा था कि मैं ये क्यों कर रहा हूं। आप मुझे सवाल ही नहीं दे रहे हैं। क्या हमें रैपिड फायर राउंड हटा देना चाहिए और क्या मैं ही हैंपर घर ले जाऊं, क्योंकि कोई भी इसे वाकई में डिजर्व नहीं करता है। अब मुझे लगता है कि कॉफी विद करण की दुनिया को बदलने की जरुरत है। 9वां सीजन फन और बातचीत वाला होगा, जिसमें सेलेब्स को झिझक न हो।
करण का खुलासा- सेलेब्स की टीम डिलीट करवाती है फुटेजेस
करण जौहर ने बातचीत में बताया है कि आजकल सेलेब्स अपने पीआर, पब्लिसिस्ट, मैनेजर और पूरी टीम के साथ आते हैं। वो लोग मॉनिटर देखते हैं। करण के पास लगातार उनके लंबे-लंबे मैसेज आते हैं, जिसमें वो शो से कुछ न कुछ डिलीट करवाने की डिमांड करते रहते हैं।
इस पर उन्होंने कहा, हर कोई बहुत डरा हुआ रहता है। मैं उन्हें ब्लेम नहीं करूंगा। लोग बेझिझक बात करने से डरते हैं, लेकिन पहले ऐसा नहीं होता था। कभी-कभी मैं खुद अपने पुराने सीजन देखकर डर जाता हूं कि मैंने इतना कंट्रोवर्शियल सवाल किया कैसे। अब 52 साल की उम्र में आकर और इंडस्ट्री में 30 साल बिताने के बाद मैं शांति चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि कॉफी विद करण कंट्रोवर्शियल नहीं फन हो।
बता दें कि कॉफी विद करण के 8वें सीजन में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह शो के पहले गेस्ट बने थे। शो में कपल ने अपने रिलेशनशिप पर बात की थी, जिससे दोनों विवादों से घिर गए थे। शो में दिए गए बयानों के चलते उन्हें जमकर ट्रोल किया गया था।


