Kartik Aaryan retains himself away from negativity | खुद को निगेटिविटी से दूर रखते हैं कार्तिक आर्यन: बोले- मैं चुप रहकर सब सुनता हूं, इसमें बहुत ताकत होती है
46 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक्टर कार्तिक आर्यन इन दिनों फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म से एक्टर को ना सिर्फ दर्शकों का प्यार मिल रहा है। बल्कि इंडस्ट्री के लोग भी कार्तिक आर्यन के काम की सराहना कर रहे हैं। जबकि एक समय इंडस्ट्री में उनके बारे काफी निगेटिव बातें होती थी। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कार्तिक ने बताया कि वो निगेटिविटी से खुद को कैसे दूर रखते हैं।

कार्तिक आर्यन ने कहा- मैंने निगेटिविटी से अलग रहने की कला सीख ली है। फालतू बातों पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ अपने काम पर ध्यान देता हूं। मेरा मानना है कि आप का काम बोलता है। मैं अपने काम के जरिए जवाब देना पसंद करता हूं।
करण जौहर के साथ विवाद और संदीप सिंह के आरोप तक कार्तिक आर्यन चुप रहे। उन्होंने कहा- मैं बोलकर किसी को भी जवाब नहीं देता हूं। मैं अपने काम के जरिए जवाब देना पसंद करता हूं। मैं चुप रहकर सब सुनता हूं। इसमें बहुत ताकत होती है।

‘चंदू चैंपियन’ देखने के बाद करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टोरी शेयर की थी। उन्होंने ‘चंदू चैंपियन’ का एक पोस्टर शेयर करते हुए कार्तिक आर्यन और डायरेक्टर कबीर खान की तारीफ थी। करण जौहर ने इस फिल्म को बेहतरीन फिल्म बताया था।
बता दें कि 2021 में करण और कार्तिक के बीच अनबन की खबरें आई थीं। जब करण की फिल्म ‘दोस्ताना 2’ के लिए कार्तिक को कास्ट किया गया था, लेकिन बाद में फिल्म के लिए दोबारा से कास्टिंग किए जाने की घोषणा की गई। इस वजह से दोनों के बीच मतभेद की अटकलें लगाई जाने लगी थीं।
वहीं प्रोड्यूसर संदीप सिंह ने कार्तिक आर्यन को लेकर बड़ा दावा किया था कि कार्तिक अब उनके मैसेज का जवाब तक नहीं देते जबकि कभी दोनों साथ में घूमते-फिरते थे। साथ में खाते-पीते थे लेकिन अब कार्तिक उनसे बात तक नहीं करते।

भारत के पहले पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित फिल्म चंदू चैंपियन 14 जून, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में मुरलीकांत पेटकर के किरदार में कार्तिक आर्यन की जमकर तारीफ हो रही है।

