Indore Information: इंदौर में लोन एप की ब्लैकमेलिंग के कारण मैनेजर ने की खुदकुशी, रिश्तेदारों को भेज दिए थे अश्लील फोटो

तारा सिंह खुदकुशी केस में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फटाफट ऋण बांटने वाले लोन एप की तरफ से धमकियां मिल रही थीं। लोन एप के कारण खुदकुशी का यह पहला मामला नहीं है।

By Neeraj Pandey

Publish Date: Mon, 17 Jun 2024 05:25:57 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 17 Jun 2024 04:08:00 PM (IST)

लोन एप के कारण खुदकुशी का यह पहला मामला नहीं

HighLights

  1. चाइनीज लोन एप की ब्लैकमेलिंग के कारण की मैनेजर ने खुदकुशी
  2. अश्लील फोटो बनाकर पाकिस्तानी नंबर सें धमका रहे थे ब्लैकमेलर
  3. मोबाइल से खुला राज, बांग्लादेश के लोग भी जुड़े

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : लाजिस्टिक कंपनी के फेसेलिटी मैनेजर तारा सिंह की खुदकुशी केस में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। तारा सिंह को फटाफट ऋण बांटने वाले लोन एप की तरफ से धमकियां मिल रही थीं। ब्लैकमेलर ने उनका फोन हैक करके अश्लील फोटो बना लिए और रिश्तेदारों को भेज दिए थे। पुरारा (उत्तराखंड) निवासी 37 वर्षीय तारा सिंह थायत ने बुधवार को इंदौर स्थित महालक्ष्मीनगर स्थित होटल उत्सव इन में जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी।

मोबाइल से खुला राज

रविवार को पुलिस ने स्वजन को थाने बुलाकर मोबाइल का पैटर्न लाक खोला तो पता चला उन्हें लोन एप क्विक कैश की तरफ से धमकियां मिल रही थीं। आरोपितों ने तारा सिंह के अश्लील फोटो (एडिटेड) बनाकर ऐसे अश्लील वाट्सएप ग्रुप में साझा कर दिए, जिनमें गुयाना, बांग्लादेश के लोग जुड़े हुए हैं। उस ग्रुप का स्क्रीन शाट लेकर तारा सिंह की बहन तारादेवी के फोन पर भी भेजा। इससे परेशान होकर तारा सिंह 12 जून को होटल पहुंचे और जहर खाकर जान दे दी। एसआइ महेंद्र मकाश्रे के मुताबिक, तारा सिंह को पाकिस्तान जनरेटेड नंबरों से काल आ रहे थे। कुछ आपत्तिजनक और धमकी भरे मैसेज भी मिले हैं।

फोन हैक कर नंबर और फोटो ले लेते हैं ठग

साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक, अवैध लोन एप को प्ले स्टोर से इंस्टाल करते समय कई तरह की परमिशन मांगी जाती है। शातिर अपराधी परमिशन देते ही संपर्क नंबरों की लिस्ट और फोटो गैलरी का एक्सेस ले लेते हैं। पूरा मोबाइल आरोपितों के कंट्रोल में आ जाता है। इसके बाद आरोपित मनमाफिक ब्याज और कर्ज वसूलना शुरू कर देते हैं। रुपये नहीं देने पर फोटो एडिट कर रिश्तेदार, परिचितों को फोटो और मैसेज भेजना शुरू कर देते हैं। तारा सिंह के स्वजन ने बताया कि वह घर से तीन लाख रुपये ले चुका थे। पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच कर रही है।

कई मामले आ चुके हैं सामने

पूरे परिवार को लील चुके हैं लोन एप वाले लोन एप के कारण खुदकुशी का यह पहला मामला नहीं है। अगस्त-2022 में तो एक युवक ने पूरे परिवार सहित खुदकुशी की थी। इंदौर के भागीरथपुरा में रहने वाले अमित यादव ने पत्नी टीना, बेटी याना और बेटे दिव्यांश को जहर देकर मारने के बाद खुद भी फांसी लगा ली थी। अमित ने प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर ऋण लिया था।

अनधिकृत एप से न लें लोन प्ले स्टोर पर सैकड़ों एप हैं, जो फटाफट लोन बांटती हैं। ऐसे एप ज्यादातर चाइनीज हैं। ऋण लेने के पहले आरबीआइ से रजिस्ट्रर्ड है या नहीं, इसकी जांच करें। इंस्टाल करते समय किसी प्रकार की अनुमति न दें। -राजेश दंडोतिया एडिशनल डीसीपी क्राइम