UP Politics: BJP से बगावत की खबरों से भड़के ओमप्रकाश राजभर, सफाई देते हुए कहा- ये हमारी मुंडी काटकर…

पिछले कुछ दिनों से ओम प्रकाश राजभर और भाजपा में खींचतान की खबरें मीडिया में चल रही थीं। राजभर ने उन सब खबरों को फेक न्यूज बताया है। राजभर ने भाजपा से बगावत पर कहा कि कुछ चैनल के लोग बदनाम करने के लिए अफवाह उड़ाते हैं। मेरी मुंडी काटकर आपमें और आपकी मुंडी काटकर मुझ पर लगाकर अपना धंधा चलाते हैं।

By Anurag Mishra

Publish Date: Sat, 15 Jun 2024 09:34:00 PM (IST)

Up to date Date: Sat, 15 Jun 2024 09:34:00 PM (IST)

ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया पर निकाली भड़ास।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव में आए परिणाम में भाजपा की हार ने सबको हैरान कर दिया था। उसके बाद से यह खबर सामने आई कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और भाजपा के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। शनिवार को उन्होंने भाजपा से बगावत की खबर पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि चैनल के लोग फेक न्यूज को चलाकर बदनाम करते हैं। वह हमारी मुंडी को काटकर आप में, आपकी मुंडी को काटकर हमारे सिर पर लगाकर अपना धंधा चलाते हैं।

मंत्री विभागीय कार्यों के निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए अपने चिरपरिचित अंदाज में ऐसा बोल दिया कि सब हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि हम मंत्री होते हुए इतनी धूप में केंद्र और राज्य के कामों को देखने के लिए यहां आए हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाना-लिखाना बहुत जरूरी है। आप सबको अपने बच्चों को स्कूल भेजना चाहिए और अगर, आपने बच्चों को नहीं भेजा तो आपको हम थाने भेज देंगे। उन्होंने दिलावलपुर गांव में कहा कि आपके यहां वृद्धा पेंशन आ रही है कि नहीं, दिव्यांग पेंशन मिल रही है कि नहीं। लोगों ने इसका जवाब देते हुए कहा कि हमको मिल रही है।

अपने साथ लाया हूं 25 गाड़ी

ओमप्रकाश राजभर समय से चार घंटे देर से उड़री ग्राम सभा के प्राथमिक विद्यालय में सभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां सभा करने के बाद वह रुपईपुर में लगी एक चौपाल में गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने एक समय कहा था कि मैं आऊंगा तब अपने काफिले में 25 गाड़ियां साथ लाऊंगा। उस समय केवल एक गाड़ी के साथ आया था। आज वादा पूरा करते हुए 25 गाड़ियां साथ लाया हूं।