Chandu Champion’s particular reference to Sushant Singh Rajput | चंदू चैंपियन का सुशांत सिंह राजपूत से खास कनेक्शन: ड्रीम प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू की थी, मौत के बाद में कार्तिक को मिली, डेथ एनिवर्सरी पर हुई रिलीज

Chandu Champion’s particular reference to Sushant Singh Rajput | चंदू चैंपियन का सुशांत सिंह राजपूत से खास कनेक्शन: ड्रीम प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू की थी, मौत के बाद में कार्तिक को मिली, डेथ एनिवर्सरी पर हुई रिलीज

8 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कार्तिक आर्यन की फिल्म चंदू चैंपियन रिलीज हो चुकी है। फिल्म को 14 जून को देशभर में रिलीज किया गया है। ये वही तारीख है, जिस दिन 4 साल पहले सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली थी। ऐसे में चंदू चैंपियन को इसी तारीख में रिलीज किए जाने की खास वजह मानी जा रही है। दरअसल, ये फिल्म सुशांत सिंह राजपूत का ड्रीम प्रोजेक्ट थी। उन्होंने फिल्म की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं, लेकिन उनकी मौत के बाद फिल्म बंद पड़ गई थी। हालांकि मेकर्स ने बाद में कार्तिक के साथ फिल्म पूरी की है।

फिल्म चंदू चैंपियन पैरालिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर की बायोपिक है। सालों पहले सुशांत सिंह राजपूत मुरलीकांत पेटकर से मिलने गए थे। जब मुरलीकांत पेटकर ने अपनी कहानी सुनाई तो सुशांत इससे काफी इंप्रेस हुए। सुशांत ने तभी ठान लिया था कि वो इनकी बायोपिक का हिस्सा बनेंगे।

मुरलीकांत पेटकर के साथ सुशांत सिंह राजपूत।

मुरलीकांत पेटकर के साथ सुशांत सिंह राजपूत।

करीब 7 साल पहले डायरेक्टर कबीर खान ने जब मुरलीकांत पेटकर की बायोपिक की स्क्रिप्ट लिखी, तो उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत को ही फिल्म में कास्ट किया था। सुशांत ने फिल्म की सभी तैयारियां कर ली थीं और उनके साथ फिल्म का एक हिस्सा शूट भी किया गया था।

एक इंटरव्यू के दौरान सुशांत ने कहा था, ‘जब मैंने मुरलीकांत पेटकर की कहानी सुनी तो मैं इमोशनल हो गया था। मैं बिना सोच विचार किए इस फिल्म को करना चाहता था। बहुत प्रेरणादायक कहानी है। धोनी का किरदार निभाने के बाद मैं मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए एक्साइटेड हूं, जिन्होंने कभी अपनी शारीरिक बाधाओं को अपने रास्ते में नहीं आने दिया। मुझे ऐसे किरदार करना पसंद हैं, जो बड़े सपने देखते हैं’।

हालांकि फिल्म बन पाती उससे पहले ही 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत ने अपने बांद्रा स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुशांत के निधन से मुरलीकांत पेटकर बुरी तरह टूट गए थे। मुरलीकांत पेटकर ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि सुशांत उनसे आखिरी बार अगस्त 2019 में मिले थे। वो बेहद आशावादी लग रहे थे। उन्होंने मुरलीकांत से वादा किया था कि वो उनकी कहानी बखूबी पेश करेंगे। वो कहते हैं कि सुशांत के साथ बिताया हुआ समय कभी भूल नहीं पाएंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो सुशांत की मौत की खबर सुनने के बाद मुरलीकांत पेटकर देर तक उनके आने वाले रास्ते को निहारते रहते थे।

सुशांत के निधन के बाद फिल्म लगभग बंद होने की कगार पर आ गई थी। हालांकि डायरेक्टर कबीर खान ने उनकी जगह कार्तिक आर्यन को कास्ट कर फिल्म दोबारा शुरू की थी। दरअसल, साल 2022 में कार्तिक आर्यन फिल्म सत्यप्रेम की कथा की शूटिंग कर रहे थे। इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया था। शूटिंग के दौरान साजिद ने ही कार्तिक को फिल्म ऑफर की थी। फिल्म चंदू चैंपियन के प्रोड्यूसर भी साजिद नाडियाडवाला हैं।

बताते चलें कि फिल्म चंदू चैंपियन पैरालिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर की कहानी है। मुरलीकांत पेटकर ने साल 1972 में स्विमिंग में गोल्ड मेडल जीता था। 50 मीटर फ्री-स्टाइल स्विमिंग में 37.33 सेकेंड में रेस पूरी कर मुरलीकांत पेटकर ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। साल 2018 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।