MP Information: मध्य प्रदेश में पांच वन मंत्री अपने गृह जिले की वन भूमि पर भी अतिक्रमण रोकने में रहे नाकाम

मध्य प्रदेश में वन भूमि पर अतिक्रमण लगभग हर जिले में है पिछले पांच साल में पांच वन मंत्री बनें, लेकिन जंगल तो क्या अपने गृह जिले के जंगल में ही अतिक्रमण को पैर पसारने से नहीं रोक पाए।

By Neeraj Pandey

Publish Date: Sat, 15 Jun 2024 04:26:27 AM (IST)

Up to date Date: Sat, 15 Jun 2024 04:26:27 AM (IST)

MP News: मध्य प्रदेश में पांच वन मंत्री अपने गृह जिले की वन भूमि पर भी अतिक्रमण रोकने में रहे नाकाम
राज्य सरकार भी वनों में अतिक्रमण रोकने में नाकाम रही

HighLights

  1. प्रदेश में सर्वाधिक अतिक्रमण बुरहानपुर में
  2. राज्य सरकार भी अतिक्रमण रोकने में नाकाम
  3. अतिक्रमणकारियों द्वारा वन अमले पर भी किया जाता है हमला

सौरभ सोनी, नईदुनिया, भोपाल : पिछले पांच साल में पांच वन मंत्री बनें, लेकिन वे मध्य प्रदेश के जंगल तो क्या अपने गृह जिले के जंगल में ही अतिक्रमण को पैर पसारने से नहीं रोक पाए। इनमें सर्वाधिक अतिक्रमण तत्कालीन वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार के गृह जिले रायसेन में हुआ। रायसेन जिले में 46 हजार हेक्टेयर अधिसूचित वन क्षेत्र में अतिक्रमण हो गया।

वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाना चुनौतीपूर्ण

दूसरे नंबर पर वर्तमान वन मंत्री नागर सिंह चौहान का गृह जिला आलीराजपुर है। यहां 25 हजार 601 हेक्टेयर अधिसूचित वन भूमि पर अतिक्रमण हो गया। इसी तरह राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के गृह जिले छतरपुर में 12 हजार 957 हेक्टेयर अधिसूचित वन क्षेत्र में अतिक्रमण पाया गया है। हालांकि इन दोनों को ही मंत्री बने महज पांच माह हुए हैं, लेकिन वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाना इनके लिए चुनौतीपूर्ण होगा।

पूर्व वन मंत्री विजय शाह का गृह जिला खंडवा वन अतिक्रमण के मामले में चौथे नंबर पर और कमल नाथ सरकार में वन मंत्री रहे उमंग सिंघार का गृह जिला धार वन मंत्रियों के गृह जिले में वन भूमि पर हुए अतिक्रमण की सूची में पांचवें नंबर पर है। पूरे राज्य के वन क्षेत्र की बात करें, तो मप्र में 94 लाख 68 हजार 900 हेक्टेयर वन क्षेत्र हैं, इनमें से पांच लाख 74 हजार 963 हेक्टेयर अधिसूचित वन क्षेत्र अतिक्रमण की जद में है।

  • वन मंत्री — गृह जिला– अधिसूचित वन क्षेत्र — अतिक्रमित वन भूमि
  • गौरीशंकर शेजवार — रायसेन — 333236 हेक्टेयर– 46 हजार हेक्टेयर
  • उमंग सिंघार — धार– 128738 हेक्टेयर– 4360 हेक्टेयर
  • विजय शाह — खंडवा — 231055 हेक्टेयर– 4034 हेक्टेयर
  • नागर सिंह चौहान — आलीराजपुर — 97020 हेक्टे. — 25601 हेक्टे.
  • दिलीप अहिरवार– छतरपुर — 1,37,668 हेक्टेयर — 12,957 हेक्टेयर

सबसे अधिक अतिक्रमण बुरहानपुर में

प्रदेश में सर्वाधिक अतिक्रमण बुरहानपुर में हैं। यहां राज्य सरकार भी अतिक्रमण रोकने में नाकाम रही है। बुरहानपुर में 1,90,102 हेक्टेयर अधिसूचित वन क्षेत्र हैं। इनमें से 52,751 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिक्रमण पाया गया है। यहां अतिक्रमणकारियों द्वारा वन अमले पर भी हमला करने की घटनाएं कई बार देखने में आई हैं।

वन क्षेत्र में अतिक्रमण की जहां-जहां शिकायतें आती हैं, उस पर हम कार्रवाई करते हैं। हमारा प्रयास है कि वन क्षेत्र में नया अतिक्रमण न हो। वर्षों से जो अतिक्रमण है, वहां भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। जहां अतिक्रमण है, वहां जांच कर बेदखली की कार्रवाई करेंगे।

नागर सिंह चौहान, वन मंत्री, मप्र शासन