PM Shri Tourism Air Service : विन्ध्य क्षेत्र के रीवा और सिंगरौली जिलों को एयर टैक्सी की सौगात, सिर्फ इन शहरों में ही मिलेंगे टिकट

PM Shri Tourism Air Service : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एक दिवसीय प्रवास पर रीवा आ रहे हैं। मुख्यमंत्री रीवा नगर निगम क्षेत्र में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जा रहे जल संवर्धन तथा संरक्षण के कार्यों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री लक्ष्मण बाग परिसर में आयोजित जनसंवाद सभा में आमजनों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री दौरे की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को तैनात किया गया है।

By Shyam Mishra

Publish Date: Thu, 13 Jun 2024 07:13:03 AM (IST)

Up to date Date: Thu, 13 Jun 2024 12:32:50 PM (IST)

PM Shri Tourism Air Service : विन्ध्य क्षेत्र के रीवा और सिंगरौली जिलों को एयर टैक्सी की सौगात, सिर्फ इन शहरों में ही मिलेंगे टिकट

HighLights

  1. मुख्यमंत्री के दौरे की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारी तैनात।
  2. रीवा से दोपहर प्रस्थान करके शाम 4 बजे जबलपुर पहुंचेगी ।
  3. ऑनलाइन टिकट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू फ्लाईओला डॉट इन से प्राप्त किए जा सकते हैं।

PM Shri Tourism Air Service : नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। पर्यटन तथा उद्योग सहित अन्य क्षेत्रों के विकास के लिए विन्ध्य क्षेत्र के रीवा और सिंगरौली जिले को 13 जून को एयर टैक्सी की सौगात मिलेगी। पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के तहत भोपाल से जबलपुर होकर रीवा तथा सिंगरौली जाने वाली एयर टैक्सी सेवा शुरू की जा रही है। भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सुबह 9 बजे एयर टैक्सी सेवा का शुभारंभ करेंगे। एयर टैक्सी भोपाल से प्रस्थान कर सुबह 10.30 बजे जबलपुर के डुमना विमानतल पर पहुंचेगी। इसके बाद एयर टैक्सी सुबह 11 बजे जबलपुर से प्रस्थान करके दोपहर 12.30 बजे एयरपोर्ट रीवा पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री 70.91 करोड़ के निर्माण कार्यों का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ यादव लक्ष्मणबाग परिसर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जा रहे जल संरक्षण के कार्यों में सहभागिता निभाएंगे। मुख्यमंत्री आमजनों से संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव 70 करोड़ 91 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री 48 करोड़ 2 लाख के 58 कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसमें स्वास्थ्य विभाग के 47 उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन तथा 3 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवनों का निर्माण शामिल है। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ यादव 22 करोड़ 89 लाख रुपए की लागत के 14 निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसमें दो 50-50 सीटर अनुसूचित जाति छात्रावास, 8 उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन तथा 2 पुलों का निर्माण कार्य शामिल हैं।

रीवा से दोपहर 2.30 बजे प्रस्थान करके शाम 4 बजे जबलपुर पहुंचेगी

रीवा पहुंचने पर एयर टैक्सी के प्रथम यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद एयर टैक्सी दोपहर 12.45 बजे रीवा से प्रस्थान कर दोपहर 1.15 बजे सिंगरौलिया हवाई पट्टी सिंगरौली पहुंचेगी। अपनी वापसी यात्रा में एयर टैक्सी सिंगरौली से दोपहर 1.30 बजे सिंगरौली से प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे रीवा पहुंचेगी। रीवा से दोपहर 2.30 बजे प्रस्थान करके शाम 4 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

एयर टैक्सी के लिए टिकट भोपाल, इंदौर तथा जबलपुर एयरपोर्ट पर मिलेंगे

जबलपुर से शाम 4.10 बजे प्रस्थान कर शाम 5.40 बजे भोपाल पहुंचेगी। एयर टैक्सी के लिए टिकट भोपाल, इंदौर तथा जबलपुर एयरपोर्ट पर मिलेंगे। इसके लिए ऑनलाइन टिकट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू फ्लाईओला डॉट इन से प्राप्त किए जा सकते हैं। इस संबंध में प्रभारी कलेक्टर डॉ सौरभ सोनवणे ने बताया कि एयर टैक्सी के नियमित संचालन की समय सारिणी जारी कर दी गई है। नियमित एयर टैक्सी सेवा भोपाल से प्रात: 7.45 बजे चलकर प्रात: 9.15 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इसके बाद जबलपुर से प्रात: 9.45 बजे प्रस्थान कर प्रात: 11.15 बजे रीवा पहुंचेगी।

भोपाल से केवल साढ़े तीन घंटे में यात्री पहुंच जाएंगे रीवा

भोपाल से केवल साढ़े तीन घंटे में यात्री रीवा पहुंच जाएंगे। इसके बाद एयर टैक्सी प्रात: 11.30 बजे रीवा से प्रस्थान कर 12 बजे सिंगरौली पहुंचेगी। सिंगरौली से एयर टैक्सी की वापसी यात्रा दोपहर 12.15 बजे होगी। एयर टैक्सी दोपहर 12.45 बजे रीवा पहुंचेगी। रीवा से यात्रियों को लेकर दोपहर 1.15 बजे प्रस्थान कर दोपहर 2.35 बजे जबलपुर पहुंचेगी। जबलपुर से 2.45 बजे प्रस्थान कर शाम 4.15 बजे भोपाल पहुंचेगी।

व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है

प्रभारी कलेक्टर डॉ सौरभ सोनवणे ने बताया कि दौरे की समस्त व्यवस्थाओं, कानून व्यवस्था, रीवा एयरपोर्ट तथा हेलीपैड में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी को दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर कानून और व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। डॉ सोनवणे ने बताया कि एसडीएम हुजूर वैशाली जैन तथा नायब तहसीलदार हुजूर यतीश शुक्ला को मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित आदेश जारी करने, मुख्य कार्यक्रम स्थल में मंच व्यवस्था, सर्किट हाउस में व्यवस्थाएं तथा लोकार्पण एवं शिलान्यास के संबंध में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

एयरपोर्ट चोरहटा में संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय तैनात

एयरपोर्ट चोरहटा में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय को तैनात किया गया है। चोरहटा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के आगमन से मुख्य कार्यक्रम स्थल तक की व्यवस्थाओं के लिए संयुक्त कलेक्टर पीएस त्रिपाठी को तैनात किया गया है। लक्ष्मण बाग में संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी एसडीएम त्योंथर संजय जैन को सौंपी गई है। डॉ सोनवणे ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होने वाले स्वयंसेवकों से जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं जिला प्रबंधक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक संभालेंगे। रीवा एयरपोर्ट, हेलीपैड तथा मुख्य कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा दल, एंबुलेंस आदि की व्यवस्थाओं के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तैनात किया गया है।

मंच निर्माण, बैरिकेटिंग तथा ग्रीन रूम की व्यवस्था कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण करेंगे

मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैरिकेटिंग तथा ग्रीन रूम की व्यवस्था कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण करेंगे। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मनीष पटेल को मुख्य कार्यक्रम स्थल से कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम स्थल में पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए कार्यपालन यंत्री पीएचई तथा महाप्रबंधक जल निगम को तैनात किया गया है। इसी तरह कार्यक्रम स्थल पर विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, साज-सज्जा, पार्किंग व्यवस्था, कन्या पूजन, मंच संचालन तथा दौरे से जुड़े अन्य कार्य के लिए संबंधित अधिकारी तैनात किए गए हैं।

मुख्यमंत्री आज रीवा में जल गंगा संवर्धन अभियान में करेंगे श्रमदान

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 13 जून को एक दिवसीय प्रवास पर रीवा आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव भोपाल से दोपहर बाद 3 बजे शासकीय वायुयान से प्रस्थान कर 3.50 बजे एयरपोर्ट रीवा पहुंचेगे। एयरपोर्ट रीवा से शाम 4 बजे हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर शाम 4.15 बजे हेलीपैड पुलिस लाइन पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री हेलीपैड से सीधे लक्ष्मण बाग मंदिर परिसर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव लक्ष्मण बाग गौशाला में गौमाता का पूजन करके भोजन कराएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत परिसर में स्थित प्राचीन बावली तथा बिछिया नदी घाट में जल संवर्धन कार्य में श्रमदान करेंगे। मुख्यमंत्री लक्ष्मण बाग मंदिर में भगवान की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजनता को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 6 बजे हेलीकाप्टर से पुलिस परेड मैदान से प्रस्थान कर 6 बजे एयरपोर्ट रीवा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री एयरपोर्ट रीवा से शाम 6.20 बजे शासकीय वायुयान से प्रस्थान कर रात 7.10 बजे भोपाल पहुंचेंगे।