नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर मध्यप्रदेश में मनाया जाएगा जश्न, मंडल स्तर तक निकाली जाएगी रैली
Narendra Modi Oath Ceremony: जश्न की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया।
By Kushagra Valuskar
Publish Date: Solar, 09 Jun 2024 03:24:11 AM (IST)
Up to date Date: Solar, 09 Jun 2024 03:24:11 AM (IST)
नईदुनिया, भोपाल। Narendra Modi Oath Ceremony: नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रविवार को ही प्रदेश भर में जश्न मनाया जाएगा। जश्न की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया। शर्मा ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रदेश भर में जश्न मनाया जाएगा।
तीसरी बार गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी देश की आजादी के बाद गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रचने जा रहे हैं, इसलिए प्रदेश में शपथ ग्रहण को लेकर उत्सव और जश्न भी ऐतिहासिक होना चाहिए। प्रदेश भर में मंडल स्तर तक रैली निकाली जाएंगी और आतिशबाजी के बाद भाजपा को वोट देने वाले जनता जर्नादन का मुंह मीठा करके अभिनंदन कर आभार प्रकट किया जाएगा।
राज्य में भाजपा की चुनाव में ऐतिहासिक जीत
मध्य प्रदेश की जनता ने मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर ऐतिहासिक विजय दिलाई है। शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और आइएनडीआइए गठबंधन को पूरी तरह से नकार दिया है और नरेन्द्र मोदी पर विश्वास प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री आज नेमावर और शुजालपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव रविवार को देवास जिले के नेमावर और शाजापुर जिले के शुजालपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नेमावर के दंडी आश्रम स्थित अनोली बाबा के शिष्य की पंच समाधि स्थल काजलपुर, नागर घाट पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत श्रमदान करेंगे। मुख्यमंत्री प्रात: 9:30 बजे नेमावर पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रात: 10:30 बजे नेमावर से प्रस्थान कर 11 बजे शुजालपुर पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री नेमावर में सिद्धनाथ बाबा के दर्शन भी करने जाएंगे। वे यहां जन प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से भी भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री शाजापुर जिले के शुजालपुर में भी जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यक्रम में भाग लेंगे और फिर यहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

