Climate of MP: उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश में तपिश, भोपाल-इंदौर समेत 24 जिलों में बारिश का अलर्ट
शुक्रवार-शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने की भी संभावना है। उत्तरी मध्य प्रदेश के जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Fri, 07 Jun 2024 07:03:16 PM (IST)
Up to date Date: Fri, 07 Jun 2024 09:42:26 PM (IST)
HighLights
- ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र में तपिश
- मध्य औऱ दक्षिण मप्र में बारिश के आसार
- हवाएं चलने एवं गरज-चमक के साथ रुक-रुककर हो रही वर्षा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में मानसून केरल, कर्नाटक के अलावा आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्से में और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है। उधर अलग-अलग स्थानों पर बनी 3 मौसम प्रणालियों के कारण हवाओं के साथ नमी आने से मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने एवं गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर वर्षा हो रही है।
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 46 डिग्री सेल्सियस तापमान छतरपुर में दर्ज किया गया। छतरपुर के अलावा दमोह, निवाड़ी एवं शिवपुरी में लू चली। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रतलाम में 18 मिलीमीटर वर्षा हुई।
उत्तर-पूर्व में तपिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, धूप बने रहने के कारण अधिकतम तापमान अभी बढ़े हुए रहेंगे। विशेषकर ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।
शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। सौराष्ट्र पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
कई इलाकों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आ रही है। इस वजह से शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने की भी संभावना है। हालांकि सुबह से धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में कमी आने के आसार कम हैं। विशेषकर उत्तरी मध्य प्रदेश के जिलों में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।

