Nikitin Dheer recalled the time Salman Khan arrived with 50 bodyguards on the Dabangg 2 set | निकितिन धीर ने शेयर किया दबंग 2 का किस्सा: शूटिंग में भीड़ से घिर गए थे सलमान, 50 बॉडीगार्ड्स भी सुरक्षा के लिए कम पड़ गए थे

31 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बॉलीवुड एक्टर निकितिन धीर ने हाल ही में सुपरस्टार्स के साथ काम करने के बारे में बात की। निकितिन ने ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में शाहरुख खान और ‘दबंग 2’ में सलमान खान के साथ काम किया था।

एक इंटरव्यू में निकितिन ने सलमान के स्टारडम के बारे में बात करते हुए कहा कि एक बार उनकी एक झलक पाने के लिए इतनी ज्यादा भीड़ इकट्टा हो गई थी कि उनकी सुरक्षा के लिए पचास बॉडीगार्ड्स भी कम पड़ गए थे।

निकितिन धीर।

निकितिन धीर।

भीड़ से घिरे सलमान, बचाव में लगे 50 बॉडीगार्ड्स

निकितिन ने कहा, ‘हम दबंग 2 की शूटिंग कर रहे थे। संडे था और क्लाइमैक्स सीन शूट होना था। सलमान खान तकरीबन 50 बॉडीगार्ड्स के साथ सेट पर आए और गांववालों को पता चल गया कि सलमान आए हैं। आप यकीन नहीं करेंगे कि सलमान के इर्द-गिर्द इतनी भीड़ इकठ्ठा हो गई कि 50 बॉडीगार्ड्स भी स्थिति नहीं संभाल पा रहे थे। ऐसे में सेट पर मौजूद कुछ एक्टर्स को भी सलमान की सुरक्षा में कूदना पड़ा। अगले दिन सलमान के लिए और ज्यादा सुरक्षा बढ़ानी पड़ी और कई कारें भी मंगवाई गईं। ये स्टार पावर है। ऑडियंस का प्यार है जिसे पैसे से खरीदा नहीं जा सकता है।’

निकितिन ने सलमान की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी तगड़ी फैन फॉलोइंग होने के बावजूद वो ये बात जानते हैं कि फेम एक दोधारी तलवार की तरह है।

'दबंग 2' में सलमान खान।

‘दबंग 2’ में सलमान खान।

निकितिन ने बताया कि जब एक बार उन्होंने सलमान से पूछा कि वो इतना स्टार पावर और फेम कैसे हैंडल करते हैं तो उन्होंने कहा, ‘जब मेरा बुरा वक्त आता है तो यही लोग हैं जो मुझे गालियां भी देते हैं तो ऐसे में आपको सिक्के के दोनों पहलुओं पर नजर रखकर कदम बढ़ाने पड़ते हैं।’

निकितिन ने शेयर किया ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ से जुड़ा किस्सा

‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के पहले दिन की शूटिंग का किस्सा बताते हुए निकितिन ने कहा, ‘पहले दिन मैं थोड़ा डरा हुआ था क्योंकि मुझे कोई नहीं जानता था। दीपिका पादुकोण इतनी बड़ी स्टार थीं और शाहरुख सर सुपरस्टार हैं, रोहित शेट्टी का अपना ऑरा है और उनके सेट्स काफी बड़े होते हैं। मैं एक कोने में खड़ा हुआ था लेकिन मुझे अपने पास बुलाने के बजाए शाहरुख खुद अपनी कुर्सी लेकर आए और मेरे पास बैठ गए। उनमें स्टार होने का कोई गुरूर नहीं है।”

शाहरुख खान और निकितिन धीर।

शाहरुख खान और निकितिन धीर।

कन्नड़ फिल्म की शूटिंग में बिजी हैं निकितिन

निकितिन के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्हें पिछली बार रणवीर सिंह की फिल्म ‘सर्कस’ में देखा गया था। इन दिनों वे कन्नड़ फिल्म मार्टिन की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म के डायरेक्टर एपी अर्जुन हैं। फिल्म में ध्रुव सर्जा लीड रोल में हैं। निकितिन एक्टर पंकज धीर के बेटे हैं। उन्होंने कई टीवी सीरियलों में भी काम किया है।