पटेल ने कहा, इस बार चुनाव में छिंदवाड़ा से परिवारवाद समाप्त होने वाला है। वहां हमेशा कमल नाथ का धन प्रबंधन होता था जो इस बार नहीं है।
By Kuldeep Bhawsar
Publish Date: Mon, 15 Apr 2024 06:36 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 15 Apr 2024 06:36 PM (IST)
Indore Lok sabha Election 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। राहुल गांधी की दादी ने 50 वर्ष पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया था। कांग्रेस ने 50 वर्ष तक गरीबी हटाने की सिर्फ बातें की। अगर काम किया होता तो आज स्थिति कुछ और होती और हमारी अर्थव्यवस्था विश्व में पहले नंबर पर होती। भारत से बाहर ले जाई गई मूर्तियों को वापस लाया जाएगा और जिस जगह से वे चोरी हुई थीं, उन्हें वहीं स्थापित किया जाएगा। पहले भी मूर्तियां वापस आती थी लेकिन उन्हें संग्रहालयों में रख दिया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

मंत्री प्रहलाद पटेल ने इंदौर में भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन किया।
ये बातें कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोमवार को इंदौर में भाजपा के संकल्प पत्र के विमोचन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि मैंने जब छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ा था तब कमल नाथ और कांग्रेस का आतंक समाप्त किया था। इस बार चुनाव में छिंदवाड़ा से परिवारवाद समाप्त होने वाला है। वहां हमेशा कमल नाथ का धन प्रबंधन होता था जो इस बार नहीं है। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे कांग्रेसियों की भाजपा में इंट्री को लेकर पटेल ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों का दल और जाति नहीं देखी जाती। भ्रष्टाचार करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।
विश्वास एक दिन में नहीं बनता
पटेल ने कहा, मोदी का नाम और काम ही गारंटी है। यह विश्वास एक दिन में नहीं बनता। मोदी जो वादा करते हैं उसे पूरा करते हैं। दस वर्षों में किया गया काम संकल्प पत्र में नजर आ रहा है। संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन करोड़ आवास बनाने, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को इस योजना का लाभ पहुंचाने, दिव्यांगों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने, मातृशक्ति को आत्मनिर्भर करने, सौर ऊर्जा के क्षेत्र में काम करने की बातें शामिल हैं। हमारे देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम मोदी सरकार ने किया है। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, भाजपा जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू, प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू उपस्थित थे।




.jpg)
