Sidhi Lok Sabha Constituency: प्रत्याशी के साथ एक दिन- नहीं बदली दिनचर्या, सोते हैं देर से भोर में खुल जाती हैं नींद

मध्य प्रदेश की सीधी लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी डा. राजेश मिश्रा और कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल जुटे हैं चुनाव प्रचार में।

By Neelambuj Pandey

Publish Date: Mon, 15 Apr 2024 04:00 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 15 Apr 2024 04:00 AM (IST)

Sidhi Lok Sabha Constituency: प्रत्याशी के साथ एक दिन- नहीं बदली दिनचर्या, सोते हैं देर से भोर में खुल जाती हैं नींद
बसाही में जनसंपर्क के दौरान डॉ राजेश मिश्रा एवं अन्य।

HighLights

  1. सीधी लोकसभा सीट पर जारी है चुनाव प्रचार।
  2. डा. राजेश मिश्रा जनसंपर्क के दौरान मरीज के मिलने पर उसे दवाई भी लिख देते हैं।
  3. कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल के साथ उनका परिवार भी कर रहा चुनाव प्रचार।

Sidhi Lok Sabha Constituency: नीलांबुज पांडे, सीधी। सीधी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा का प्रत्याशी घोषित होने से पहले डा. राजेश मिश्रा की जो दिनचर्या थी, वही चुनाव प्रचार के दौरान भी है। रविवार सुबह बिस्तर छोड़ने के बाद योग-प्रणायाम के साथ पूजा-पाठ में उन्होंने कोई कटौती नहीं की है।

नवरात्र व्रत के बाद भी सुबह प्रचार में निकलना और देर शाम घर लौटना उनके रुटीन में है। चिकित्सक होने के नाते वह अब भी मरीजों को दूरभाष या व्यक्तिगत तौर पर परामर्श देते हैं। जनसंपर्क के दौरान भी मरीज अगर दवा लिखवाए तो लिख देते हैं।

सीधी स्थित दीनदयाल कालोनी निवासी डा. राजेश के घर सुबह से कार्यकर्ताओं का जमघट लग जाता है। सुबह 7.25 बजे तैयार होकर वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले। इस दौरान पार्टी से जुड़े रामनरेश मिश्रा और महेंद्र पांडे ने पुराने कार्यकर्ताओं से फोन पर बात कराई। इसके बाद राजेश मिश्रा ने कहा, नए कार्यकर्ता अपने है, लेकिन किसी हाल में पुराने व्यक्ति छूटने नहीं चाहिए।

सुबह 8 बजे जिलाध्यक्ष देवकुमार सिंह, महामंत्री डा मनोज मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा प्रत्याशी ने कलेक्ट्रेट चौक पर लगी डा भीमराव साहब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वह ग्रामीण क्षेत्र की ओर रवाना होकर साढ़े 10 बजे सिंगरौली जिले के चितरंगी विधानसभा के झोंकों गांव पहुंचे।

यहां समूह में लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कार्यक्रमों को समझाते हुए तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार बनाएं जाने की अपील करते रहे। दोपहर 12 बजे खुरमुचा तथा एक बजे बरहट गांव का दौरा किया। इनके साथ राज्यमंत्री राधा सिंह भी जनसंपर्क करती रहीं। जिला मुख्यालय से 180 किमी का रास्ता तय कर राजेश मिश्रा उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित लमसई पहुंचे और यहां नुक्कड़ सभा की। पूरे दिन उन्होंने लगभग 370 किमी का सफर किया।

सुबह 4.30 बजे जागे, 25 मिनट किया योग-प्राणायाम

डा. राजेश मिश्रा सुबह 4.30 बजे जाग गए। करीब 25 मिनट तक योग प्रणायाम किया। 15 मिनट टहले। खुद अपने हाथों से काली चाय बनाकर पी। नहाने के बाद रोजाना की तरह 50 मिनट पूजन किया। नवरात्र का व्रत होने से दुर्गा पाठ करते हैं। नाश्ते में गाय का दूध लिया। घर से निकलते समय रोज की तरह अपने साथ गर्म पानी, पांच नारियल पानी, फल आदि रखकर निकले। जहां बहुत जरूरी है, वहां बाहर की चाय पीते हैं।

पुराने लिबास में दिखे राजेश

चुनाव के दौरान अमूमन प्रत्याशी, नेता अपने पहनावे पर विशेष ध्यान देते देखे जाते हैं। लेकिन डॉक्टर राजेश मिश्रा सबसे अलग ही दिख रहे हैं। टिकट मिलने के बाद उन्होंने खुद के लिए नए कपड़े नहीं बनवाए। चुनाव प्रचार पुराने कपड़ों में चल रहा है। वह शर्ट पैंट जैकेट पहनकर प्रचार पर निकलते हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर के प्रचार को पत्नी, बेटी और भाइयों का भी बल

कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल के पिता स्वर्गीय इंद्रजीत कुमार मंत्री और विधायक रह चुके हैं, इसलिए क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान कमलेश्वर पटेल को पहचान बताने की जरूरत नहीं पड़ रही। कमलेश्वर स्वयं प्रदेश में 18 महीने की कांग्रेस सरकार के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रहे हैं। परिवार व पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार सुबह से लेकर देर शाम तक चलता है। पत्नी प्रीति पटेल, बेटी ईशा पटेल अपने-अपने स्तर पर प्रचार का मोर्चा संभाल रहे हैं।

naidunia_image

रविवार की सुबह कमलेश्वर पटेल सुबह 10 बजे सीधी स्थित आवास से कार्यकर्ताओं के साथ निकालकर कलेक्ट्रेट चौक पहुंचे। जहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह, नपाध्यक्ष काजल वर्मा, विनोद वर्मा के साथ डा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद 10.30 बजे लालता चौराहा पहुंचे। दूर दराज के गांवों से काम की तलाश में आए महिला-पुरुष मजदूर यहां एकत्र थे।

कमलेश्वर ने यहां पनवार से आए बाबूलाल साकेत से करीब 10 से 15 मिनट चर्चा की। केशकली सिंह ने पूरी मजदूरी नहीं मिलने की समस्या सुनाई। कमलेश्वर ने यहां मजदूरों को खड़े होने के लिए शेड, पीने के लिए पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नपाध्यक्ष काजल वर्मा से फोन पर बात की। कांग्रेस प्रत्याशी ने दिनभर में 300 किमी का सफर तय किया।

लालता चौक से निकलकर अपने वाहन में कमलेश्वर ने 15 अप्रैल को जिले के बरमबाबा गांव में होने वाली प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की चुनावी सभा को लेकर उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह एवं संगठन पदाधिकारियों के साथ फोन पर चर्चा की। मतदाताओं को सभा में एकत्र करने को लेकर बातचीत हुई।

पत्नी प्रीति पटेल एवं बेटी ईशा भी अपने-अपने स्तर प्रचार की बागडोर संभाल रहीं हैं। डां आंबेडकर जयंती पर जोरौधा में आयोजित कार्यक्रम में प्रीति ने नौजवानों को संबोधित किया। रविवार का कार्यक्रम पहले से तय नहीं रहा। जिसके कारण नुक्कड़ सभा के साथ घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात किया। कभी भी हुई गलतियों को माफ करने की बात भी आमजन से करते रहे। लोगों को भरोसा दिलाते रहे।