गंगा की सफाई करने उतरे विदेशी मेहमान, हाथों से उठाया कचरा

गंगा की सफाई करने उतरे विदेशी मेहमान, हाथों से उठाया कचरा


सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के सोचने के तरीके और हमारी आदतों पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया है. वीडियो में कुछ विदेशी मेहमान गंगा घाट पर हाथों में डस्टबैग लिए कचरा और प्लास्टिक बीनते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को ‘नमामि गंगे’ के आधिकारिक ‘X’ अकाउंट से शेयर करते हुए एक तीखी और चुभती हुई टिप्पणी लिखी गई है, “गंगा हमारी है, लेकिन सफाई किसी और की जिम्मेदारी है!”

नजरिये का फर्क: ‘विदेशी’ या ‘जिम्मेदार नागरिक’?

इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. एक तरफ वे लोग हैं जिन्हें इस क्लिप में सिर्फ ‘विदेशी मेहमान’ दिख रहे हैं जो भारत आकर हमारे घाट साफ कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ वे लोग हैं जिन्हें इनमें ‘जिम्मेदार लोग’ नजर आ रहे हैं, जो बिना किसी दिखावे या प्रचार के अपना कर्तव्य निभा रहे हैं.

यह पूरा मामला असल में नजरिये के फर्क को दिखाता है. सवाल यह नहीं है कि सफाई करने वाले किस देश या संस्कृति से हैं, सवाल यह है कि जो नदी हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है, उसकी स्वच्छता को लेकर हम कितने गंभीर हैं.

‘नमामि गंगे क्या कर रहा है?’ पूछने से पहले खुद को देखें

वायरल वीडियो और उस पर हो रही चर्चा के बीच यह कड़वी सच्चाई भी सामने आती है कि अक्सर हम खुद समस्या पैदा करते हैं और फिर व्यवस्था को कोसते हैं. घाट पर जाकर आस्था के नाम पर फूल-माला, साड़ी और अन्य सामग्री चढ़ाना, प्लास्टिक की पन्नियां और खाली बोतलें वहीं छोड़ देना, और कूड़ा फैलाकर चले जाना हमारी आम आदत बन चुकी है. इसके बाद जब गंदगी दिखती है, तो सबसे आसान सवाल होता है, “नमामि गंगे आखिर कर क्या रहा है?”

सरकारी योजनाओं और अभियानों की अपनी सीमाएं और भूमिका होती है, लेकिन कोई भी मिशन तब तक पूरी तरह सफल नहीं हो सकता जब तक जनभागीदारी और नागरिक जिम्मेदारी उसमें न जुड़ें, नदी को साफ रखने का पहला कदम कचरा फैलाने से बचना है, न कि सिर्फ सफाई अभियान का इंतजार करना.

यह भी पढ़ें: Bengaluru Cab Driver: रोजाना 20 हजार रुपये कमाता है ड्राइवर, मुंबई में 10 Ertiga कारों का भी मालिक

वायरल वीडियो का असली संदेश

यह वीडियो महज एक सोशल मीडिया क्लिप नहीं है, बल्कि एक आईना है. विदेशी मेहमानों का कचरा उठाना यह याद दिलाता है कि स्वच्छता किसी एक विभाग या किसी खास वर्ग का काम नहीं है, बल्कि यह सामूहिक चेतना का विषय है. जब तक हम घाट को ‘सिर्फ पूजा और कचरा छोड़ने की जगह’ के बजाय ‘एक जीवंत और पवित्र धरोहर’ की तरह नहीं देखेंगे, तब तक ऐसे वीडियो हमें शर्मिंदा और सोचने पर मजबूर करते रहेंगे.

यह भी पढ़ें: Mother Daughter Viral Video: मां की ममता ने जीता दिल, नीचे बैठकर इशारों से बेटी को नचाया; वीडियो वायरल