आमिर खान आखिरी बार 2025 में आई सितारे जमीन पर में दिखाई दिए थे. तब से फैंस सुपरस्टार की फिल्म का इंतजार कर रहे हैं. इस बीच बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ललकारा’ के लिए तैयारी शुरू कर दी है. इस फिल्म का निर्देशनत आशुतोष गोवारिकर कर रहे हैं.
‘ललकारा’ के लिए आमिर खान ने तैयारी की शुरू
बता दें कि आमिर खान की अपकमिंग फिल्म ‘ललकारा’ 1952 की भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के बैकग्राउंड पर बेस्ड है. यह फिल्म भारतीय क्रिकेट इतिहास के एक अहम चैप्टर को फिर से सामने लाएगी. फिलहाल, आमिर खान अपने को-एक्टर्स विक्रांत मैसी, जितेंद्र कुमार और धैर्य करवा के साथ क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रहे हैं. क्रिकेट के ये सेशन नवंबर और दिसंबर तक चलने की उम्मीद है
बताया जा रहा है कि ये सभी कलाकार साउथ मुंबई के एक हेरिटेज क्रिकेट क्लब में प्रैक्टिस कर रहे हैं. भारत के दो पूर्व क्रिकेटर इन कलाकारों को उनके किरदारों के लिए ट्रेनिंग दे रहे हैं. ये कोच कबीर खान की फिल्म ’83’ (2021) के दौरान भी कलाकारों की तैयारी से जुड़े थे. वह फिल्म 1983 में भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीत पर आधारित थी.
‘ललकारा’ में कौन सा किरदार निभाएंगे आमिर खान?
‘ललकारा’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है और इसमें आमिर खान दिग्गज भारतीय क्रिकेटर लाला अमरनाथ का किरदार निभाएंगे. वहीं विक्रांत मैसी फिल्म में पाकिस्तानी क्रिकेटर अब्दुल हफीज कारदार का किरदार निभा रहे हैं. ये स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 1952 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई टेस्ट सीरीज पर फोकस्ड होगी. 1947 के बंटवारे के बाद, दोनों पड़ोसी देशों के बीच यह पहली क्रिकेट सीरीज थी.
4 जनवरी की शूटिंग तारीख का ‘लगान’ से है खास कनेक्शन
फिल्म निर्माता 4 जनवरी 2027 से शूटिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं. यह तारीख आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर के लिए खास अहमियत रखती है, क्योंकि उन्होंने अपनी मोस्ट पॉपुलर फिल्म ‘लगान’ की शूटिंग भी 4 जनवरी 2000 को ही शुरू की थी.
क्रिकेट प्रैक्टिस के लिए कोलाबा शिफ्ट हुए आमिर खान
खबरों के मुताबिक, आमिर खान और उनकी पत्नी गौरी स्प्रैट कोलाबा के एक लग्जरी अपार्टमेंट में शिफ्ट हो गए हैंय बांद्रा स्थित उनके घर में रेनोवेशन का काम चल रहा है, जिसकी वजह से उन्हें कुछ समय के लिए दूसरी जगह जाना पड़ा है. नए घर से पास का क्रिकेट ग्राउंड भी काफी करीब है, जिससे उन्हें ट्रेनिंग के लिए दूर तक सफर नहीं करना पड़ेगा.





