Fake AI Calls: अचानक आपके फोन की घंटी बजती है और दूसरी तरफ से आपके किसी बेहद करीबी की घबराई हुई आवाज सुनाई देती है. वह कहता है कि उसका एक्सीडेंट हो गया है या वह किसी बड़ी मुसीबत में फंस गया है और उसे तुरंत पैसों की जरूरत है. आवाज बिल्कुल जानी-पहचानी होती है, इसलिए बिना सोचे-समझे कोई भी मदद के लिए तैयार हो जाता है. लेकिन ऐसा करना आपके लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है.
क्योंकि यह आपके किसी अपने नहीं बल्कि AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से आपको ठगने के लिए की गई काॅल हो सकती है. आजकल साइबर अपराधी सोशल मीडिया रील्स और वीडियो से महज तीन से पांच सेकंड का ऑडियो क्लिप लेकर किसी की भी आवाज की हूबहू नकल तैयार कर रहे हैं. इस तकनीक को एआई वॉइस क्लोनिंग कहा जाता है. जान लीजिए कैसे आप इससे बच सकते हैं
आवाज के उतार-चढ़ाव और सांस लेने के पैटर्न चेक करें
AI से बनाई गई आवाजें शुरू में सुनने में एकदम असली लगती हैं. लेकिन अगर आप ध्यान से सुनेंने तो आप इसे पकड़े सकते हैं. असली इंसान जब घबराहट में बात करता है तो उसकी आवाज में कंपन, सांस लेने की आवाज में उतार-चढ़ाव साफ दिखता है. वहीं AI क्लोन की गई आवाज एक जैसी लय में चलती है और उसमें वाक्य खत्म होने के बाद हल्का सा अप्राकृतिक पॉज या सन्नाटा सुनाई देता है.
कई बार शब्दों को बोलने में हल्का सा रोबोटिक टच भी महसूस होता है. खासकर जब सामने वाला किसी वोकल भाषा या स्लैंग का इस्तेमाल कर रहा हो. अगर कॉल पर बात करने वाला शख्स आपकी बातों का तुरंत जवाब देने के बजाय एक-दो सेकंड की देरी से बोल रहा है तो समझ जाइए कि दूसरी तरफ कोई सॉफ्टवेयर आपकी आवाज को प्रोसेस करके जवाब बना रहा है.

परिवार से जुड़ा या कोई निजी सवाल पूछें
जब भी कोई करीबी रिश्तेदार या दोस्त फोन पर इमरजेंसी बताकर पैसों की मांग करे, तो घबराने के बजाय तुरंत एक ऐसा सवाल पूछें जिसका जवाब सिर्फ आप दोनों को पता हो. एआई आपके करीबी की आवाज की नकल तो कर सकता है, लेकिन उसके पास आपकी निजी यादों या घर की अंदरूनी बातों का डेटा नहीं होता.
आप उनसे घर के पालतू जानवर का नाम, पिछले हफ्ते साथ खाई गई किसी खास डिश या बचपन के किसी निकनेम के बारे में पूछ सकते हैं. इसके अलावा आजकल हर परिवार के लिए एक सीक्रेट सेफ वर्ड तय करना बेहद जरूरी हो गया है. मुसीबत के समय कॉल आने पर सामने वाले से वह कोड वर्ड पूछें. एआई या ठग ऐसे सवालों पर या तो फोन काट देंगे या फिर नेटवर्क खराब होने का बहाना बनाकर बात को टालने की कोशिश करेंगे.

यह भी पढ़ें: Stop Ads From Phone: फोन में आ रहे अनचाहे विज्ञापन, इन्हें ऐसे करें बंद
कॉल काटकर पुराने नंबर पर खुद दोबारा संपर्क करें
ठग हमेशा पीड़ित को सोचने का मौका दिए बिना जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं. वे अक्सर किसी अनजान नंबर या विदेशी कोड वाले नंबर से कॉल करके कहते हैं कि उनका फोन खो गया है या टूट गया है. ऐसे में कभी भी सामने वाले के बताए गए UPI आईडी या बैंक खाते में पैसे न भेजें.
सबसे पहले उस कॉल को तुरंत काट दें और अपने फोन में पहले से सेव उस व्यक्ति के असली नंबर पर खुद कॉल करें. अगर उनका नंबर व्यस्त जा रहा है या वे कॉल उठाकर बताते हैं कि वे बिल्कुल सेफ हैं. तो मामला तुरंत साफ हो जाएगा. इसके साथ ही भविष्य में ऐसे खतरों से बचने के लिए अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट को प्राइवेट रखें जिससे कोई भी अनजान शख्स आपके वीडियो से आपकी आवाज का सैंपल न चुरा सके.
यह भी पढ़ें: Geyser Buying Tips: गीजर खरीदने से पहले चेक करें ये चीजें, वरना हो जाएगा बड़ा नुकसान





