बेटी की विदाई पर पिता ने छिपाए आंसू, वीडियो देख भावुक हो जाएंगे आप

बेटी की विदाई पर पिता ने छिपाए आंसू, वीडियो देख भावुक हो जाएंगे आप


माता-पिता का प्यार दुनिया में सबसे निस्वार्थ और गहरा होता है, जिसकी झलक अक्सर छोटी-छोटी बातों में देखने को मिल जाती है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं. इस वीडियो में एक बेटी को विदा करते समय उसके माता-पिता चलती ट्रेन के साथ-साथ तब तक चलते और हाथ हिलाते नजर आ रहे हैं, जब तक ट्रेन आंखों से ओझल नहीं हो जाती.

वायरल हो रहे इस वीडियो को नोएडा की रहने वाली अनुष्का नाम की युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि अनुष्का ट्रेन की खिड़की के पास बैठकर बाहर खड़े अपने माता-पिता का वीडियो बना रही हैं. प्लेटफॉर्म पर खड़े माता-पिता मुस्कुराते हुए बेटी को हाथ हिलाकर विदा कर रहे हैं.

आंखों में आंसू छिपाए चलते रहे पिता

जैसे ही ट्रेन धीरे-धीरे प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ना शुरू करती है, माता-पिता भी ट्रेन की रफ्तार के साथ कदम मिलाते हुए आगे बढ़ने लगते हैं और खिड़की की तरफ देखकर लगातार हाथ हिलाते रहते हैं. कुछ दूर साथ चलने के बाद उनमें से एक बेटी को प्यार से ‘थम्स-अप’ का इशारा करता है और दोनों तब तक हाथ हिलाते रहते हैं, जब तक ट्रेन दूर नहीं निकल जाती. इस प्यारे पल को शेयर करते हुए अनुष्का ने कैप्शन में लिखा, “मैं उनसे बहुत प्यार करती हूं.” वीडियो को anushka_oyeee नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: महिंद्रा के ‘काले घोड़े’ के आगे BMW वाले ने जोड़े हाथ, रेस लगाने से किया इनकार

सोशल मीडिया पर भावुक हुए लोग

इंटरनेट पर यह वीडियो लोगों के दिलों को छू रहा है और यूजर्स खासतौर पर पिता के प्यार और जज्बातों को देखकर भावुक हो रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “ध्यान से देखिए, पिता कैसे पीछे चुपचाप खड़े होकर सबके साथ मुस्कुराते हुए अपने आंसू छिपा रहे हैं और फिर ट्रेन के साथ चलने लगते हैं, यह देखकर मेरी आंखें भर आईं.” दूसरे यूजर ने दुआ देते हुए लिखा, “भगवान आपके माता-पिता को हमेशा स्वस्थ रखे और लंबी उम्र दे, यह वीडियो बहुत ही प्यारा है.” वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया, “माता-पिता अपने बच्चों के लिए कितना कुछ करते हैं, यह छोटा सा वीडियो उस पूरे प्यार को बयां कर देता है.”

यह भी पढ़ें: Newborn Baby Viral Video: औलाद को पहली बार गोद में लेते ही कांपे बाप के हाथ, वायरल हो गया वीडियो