नई दिल्ली में होने वाले SCO संवाद में शामिल होगा पाकिस्तान, इशाक डार ने की घोषणा


पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने नई दिल्ली में होने वाली SCO सिविलाइजेशन डायलॉग में पाकिस्तान के हिस्सा लेने की घोषणा की है. उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा का जानकारी दी है.

उन्होंने अपने X पोस्ट में लिखा, ‘पाकिस्तान 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की सभ्यता संवाद में हिस्सा लेगा.’

इशाक डार ने मुसादिक मसूद मलिक के साथ की बैठक

विदेश मंत्री इशाक डार ने बुधवार (18 नवंबर, 2026) को अपने आधिकारिक X हैंडल से पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के एक पोस्ट को रीशेयर करते हुए यह घोषणा की. मंत्रालय की तरफ से साझा किए गए पोस्ट में विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार देश के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मामलों के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक के साथ बैठक करते नजर आ रहे हैं. 

इस पोस्ट में मंत्रालय ने कहा, ‘विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक के साथ बैठक में 20 से 22 नवंबर, 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले SCO सभ्यता संवाद में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर चर्चा की. बैठक में देश के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने दोहराया कि शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद (SCO-CHS) के मौजूद अध्यक्ष के तौर पर पाकिस्तान सदस्य देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है.’

पाकिस्तान की तरफ से भारत आएंगे मुसादिक मसूद मलिक

इशाक डार की तरफ से आधिकारिक भागीदारी की घोषणा किए जाने से पहले शनिवार (14 नवंबर, 2026) को पाकिस्तान ने अपने जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को दिल्ली में होने वाले SCO सभ्यता संवाद के मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया था.

हालांकि, पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद और तीन साल से ज्यादा समय में यह पहली बार होगा, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आएगा. उल्लेखनीय है कि भारत ने 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को न्योता दिया था. ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका था जब नई दिल्ली की तरफ से पाकिस्तान के किसी मंत्री को आधिकारिक रूप से न्योता दिया गया. 

यह भी पढ़ेंः अंडमान-निकोबार में 130 साल पुराना ब्रिटिशकालीन जेल कानून बदला, सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त