Instagram Algoritham: इंस्टाग्राम पर रील्स स्क्रॉल करते वक्त अचानक सामने आने वाले अश्लील वीडियो से परेशान भारतीय यूजर्स के लिए राहत की खबर है. इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा ने भारत में अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम के नियमों को पहले से काफी सख्त कर दिया है. इस बड़े अपडेट के बाद अब यूजर्स को अपनी मेन फीड, रील्स और सजेस्टेड पोस्ट में यौन रूप से आपत्तिजनक और हिंसा दिखाने वाला कंटेंट बेहद कम नजर आएगा.
मेटा के इस नए बदलाव का असर उन अकाउंट्स की पोस्ट पर पड़ेगा जिन्हें आप फॉलो नहीं करते हैं, लेकिन एल्गोरिदम उन्हें आपकी स्क्रीन पर सजेस्ट करता है. दरअसल केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने करीब एक महीने पहले मेटा को अपने प्लेटफॉर्म के रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने का निर्देश दिया था. सरकार की इस सख्ती के बाद अब कंपनी ने अपने एल्गोरिदम में यह सुधार किया है.
प्लेटफॉर्म पर रहेंगी पोस्ट लेकिन नहीं मिलेगी ज्यादा रीच
मेटा ने इस बदलाव को लेकर बताया है कि हर पोस्ट को प्लेटफॉर्म से सीधे डिलीट नहीं किया जाएगा. अगर कोई पोस्ट इंस्टाग्राम की कम्युनिटी गाइडलाइंस का सीधा उल्लंघन नहीं करती है तो वह संबंधित अकाउंट पर मौजूद रह सकती है. हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि एल्गोरिदम ऐसी पोस्ट को आम यूजर्स तक पहुंचाएगा. आसान भाषा में समझें तो अश्लीलता को बढ़ावा देने वाली पोस्ट इंस्टाग्राम पर पड़ी तो रहेंगी.
लेकिन कंपनी का सिस्टम उन्हें नए लोगों को रिकमेंड नहीं करेगा जिससे उनकी पहुंच यानी रीच खुद ही कम हो जाएगी. कंपनी के मुताबिक पिछले एक साल के दौरान यूजर्स से मिले लगातार फीडबैक के बाद डिफॉल्ट सेफ्टी सिस्टम को पहले से ज्यादा मजबूत बनाया गया है. इसका मकसद यह है कि बिना सर्च किए या बिना फॉलो किए किसी भी यूजर की फीड में अश्लील और भड़काऊ कंटेंट जबरदस्ती न परोसा जाए.

AI करेगा हर पोस्ट को चेक
इंस्टाग्राम पर किसी भी रील या फोटो को दूसरे यूजर्स तक पहुंचाने से पहले अब कंपनी के एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल उसकी बारीकी से जांच कर रहे हैं. मेटा ने बताया है कि उसने खास तौर पर भारत के हिसाब से अपने AI और रिकमेंडेशन सिस्टम को और बेहतर तरीके से ट्यून किया है. जिससे संवेदनशील और आपत्तिजनक कंटेंट की पहचान ज्यादा सटीक ढंग से हो सके.
यह तकनीकी सिस्टम खुद ही तय करता है कि कौन सी पोस्ट लोगों को सजेस्ट करने लायक है और किसे रोकना है. मेटा ने अपने एक आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट में यह दावा भी किया है कि इन सुधारों का असर दिखने लगा है. कंपनी के मुताबिक एक साल पहले के मुकाबले अब भारतीय यूजर्स की तरफ से रिकमेंड किए गए कंटेंट को रिपोर्ट करने की शिकायतें घटकर लगभग आधी रह गई हैं हालांकि कंपनी ने इसके पूरे आंकड़े पब्लिक नहीं किए हैं.

यह भी पढ़ें: Home Appliances Price Hike: महंगे होने वाले हैं टीवी-एसी और फ्रिज, जानें कितने बढ़ जाएंगे दाम?
IT मंत्रालय ने जारी की थी एडवाइजरी
आपको बता दें मेटा ने यह फैसला खुद से नहीं लिया है. बल्कि इसके पीछे भारत सरकार का दबाव माना जा रहा है. बीते 10 अक्टूबर को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा को एक औपचारिक एडवाइजरी जारी कर फेसबुक और इंस्टाग्राम के रैंकिंग और रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था. मंत्रालय ने इस बात पर गंभीर चिंता जताई थी कि सोशल मीडिया एल्गोरिदम कई बार भ्रामक, छेड़छाड़ किए गए या संदर्भ से काटकर पेश किए गए कंटेंट को जरूरत से ज्यादा प्रायरिटी दे देते हैं.
इसके अलावा सरकार ने ऐसी पोस्ट पर भी कड़ा ब्रेक लगाने को कहा था, जिनसे हिंसा भड़कने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा हो. मंत्रालय ने यह भी कहा था कि यूजर्स को केवल कुछ खास तरह के नैरेटिव ही न दिखाए जाएं और कंपनी उठाए गए कदमों की रिपोर्ट दे. हालांकि मेटा ने इन बदलावों को सीधे सरकारी एडवाइजरी से नहीं जोड़ा है.
यह भी पढ़ें: Air Purifier Filters: प्रदूषण से बचना है तो सही एयर फिल्टर जरूरी, जान लें H13, H14 और HEPA-Type में अंतर





