सरकारी अस्पतालों की बदहाली और लापरवाही की खबरें तो अक्सर सामने आती रहती हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक ऐसा अजीबोगरीब और हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है. यहां एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के वार्ड में मरीज की जगह एक आवारा कुत्ता बेड पर बड़े आराम से सोता हुआ नजर आया.
मामला अलीराजपुर के आजाद नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल के वार्ड में लगे मरीजों के बेड पर एक आवारा कुत्ता गहरी नींद में सो रहा है.
बेखौफ होकर बिस्तर पर आराम फरमाता रहा कुत्ता
वीडियो में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात कुत्ते के सोने का अंदाज है. कुत्ता बिस्तर पर इस कदर पैर पसार कर और बेफिक्र होकर आराम फरमा रहा है, मानो वह बेड खास उसी के लिए लगाया गया हो. हैरानी की बात यह है कि वार्ड के अंदर कुत्ते के घुसने और बिस्तर पर चढ़कर सोने तक किसी भी अस्पताल कर्मचारी या सुरक्षा गार्ड की नजर उस पर नहीं पड़ी.
VIDEO | Alirajpur, MP: A stray dog found sleeping on a patient’s bed at the Azad Nagar Community Health Centre in Alirajpur; viral video raises hygiene concerns, health department orders probe.
— Press Trust of India (@PTI_News) November 17, 2026
मरीजों के इलाज के लिए बने बेड पर आवारा कुत्ते के सोने का यह वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में साफ-सफाई और संक्रमण के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मामला तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.
यह भी पढ़ें: आपस में भिड़ीं पापा की परियां, कपड़े फाड़े बाल नोचे, जमकर हुआ दे दनादन
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
इंटरनेट पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और यूजर्स अस्पताल प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं:
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “वाह क्या व्यवस्था है, गरीब मरीजों को बेड नसीब नहीं होता और यहां डॉगी भाई को वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है.”
दूसरे यूजर ने लिखा, “यह मरीजों की जान से खिलवाड़ है. जिस बेड पर आवारा कुत्ता सोएगा, उस पर मरीज लेटेंगे तो बीमारियां ही फैलेंगी.”
वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया, “सिर्फ जांच के आदेश से काम नहीं चलेगा, लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.”
यह भी पढ़ें: AI Pandit Viral Video: AI वाले पंडित जी ने कराई पूजा, पढ़े मंत्र कराया आचमन; देखें वीडियो





