अग्निवीरों के लिए 2 साल का एक्सटेंशन, अब रिटायरमेंट के बाद कितना मिलेगा पैसा?

अग्निवीरों के लिए 2 साल का एक्सटेंशन, अब रिटायरमेंट के बाद कितना मिलेगा पैसा?


भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव किया गया है. अब अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी करने के बाद सीधे घर नहीं लौटना होगा, बल्कि उन्हें दो साल और सेना में काम करने का अवसर मिलेगा. केंद्र सरकार ने 4 नवंबर 2026 को इस बदलाव को मंजूरी दी है. इस फैसले के बाद अग्निवीरों की सेवा अवधि चार साल से बढ़कर छह साल हो जाएगी.

खास बात यह है कि अतिरिक्त दो साल के दौरान उन्हें पहले के मुकाबले ज्यादा वेतन मिलेगा. इसके साथ ही सेवा निधि पैकेज में भी बढ़ोतरी की गई है. ऐसे में युवाओं के मन में सवाल है कि छह साल की सेवा पूरी करने के बाद अगर वे सेना से बाहर होते हैं, तो उन्हें कुल कितना पैसा मिलेगा और क्या उन्हें पेंशन भी मिलेगी? आइए जानते हैं.

25 परसेंट को मिलेगी नियमित सेवा

सरकार के नए फैसले के मुताबिक अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले अग्निवीरों में पहले की तरह 25 परसेंट को चार साल की सेवा पूरी करने के बाद मेरिट के आधार पर नियमित सैनिक के रूप में शामिल किया जाएगा. वहीं बाकी 75 परसेंट अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प मिलेगा. ये दो साल पूरे करने के बाद उन्हें भी नियमित सैनिक बनने का अवसर दिया जाएगा. इसके लिए उनकी इच्छा, अनुशासन, मेडिकल फिटनेस और निर्धारित चयन मानकों को पूरा करना जरूरी होगा. सरकार के मुताबिक दूसरे कार्यकाल के बाद नियमित सेवा में शामिल होने के लिए 75 परसेंट की पुरानी सीमा लागू नहीं होगी. यानी योग्य पाए जाने पर सभी अग्निवीरों को नियमित कैडर में जगह मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: NEET PG Counselling 2026: NEET PG काउंसलिंग राउंड 2 का प्रोविजनल रिजल्ट आज, कल आएगा फाइनल सीट अलॉटमेंट

दो साल के एक्सटेंशन में इतनी मिलेगी सैलरी

नई व्यवस्था में अग्निवीरों को अतिरिक्त दो साल के दौरान पहले से ज्यादा वेतन दिया जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक  पांचवें साल यानी एक्सटेंशन के पहले साल में अग्निवीरों का मासिक वेतन 43,500 रुपये होगा. वहीं छठे साल में यह बढ़कर 47,500 रुपये हो जाएगा. इससे पहले अग्निपथ योजना के तहत पहले साल 30,000 रुपये और चौथे साल 40,000 रुपये मासिक वेतन मिलता था. यानी नई व्यवस्था में अतिरिक्त सेवा के दौरान अग्निवीरों की कमाई बढ़ जाएगी.

छह साल बाद इतना मिलेगा पैसा

अग्निपथ योजना में सेवा निधि के तहत अग्निवीर की मासिक सैलरी का 30 परसेंट हिस्सा जमा होता है. इसमें सरकार भी निर्धारित योगदान करती है. चार साल की सेवा के बाद पहले से निर्धारित सेवा निधि पैकेज मिलता था. नई व्यवस्था में दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों के लिए सेवा निधि पैकेज बढ़ाकर कम से कम 10.92 लाख रुपये कर दिया गया है. यानी छह साल की सेवा के बाद नियमित सैनिक के रूप में चयन नहीं होने या आगे सेवा जारी नहीं रखने की स्थिति में उन्हें यह एकमुश्त राशि मिलेगी.

यह भी पढ़ें: CAT Exam Guidelines: CAT 2026 देने जा रहे हैं तो जानें नए नियम, समझें कैसे काम करेगा कैलकुलेटर?

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI