’10 साल बाद विराट कोहली पछताएगा’, कपिल देव के बयान से दुनिया हैरान


12 मई 2025 की तारीख, विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर का अंत कर दिया था. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज करीब आ रही थी, इसलिए विराट का संन्यास का निर्णय दुनिया के लिए चौंकाने वाला था. अब कपिल देव ने एक बार फिर उस विषय पर अपने विचार सामने रखे हैं. कपिल देव ने रिटायरमेंट के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि विराट को 10 साल बाद पछतावा होगा.

मिड डे के अनुसार कपिल देव ने कहा कि उस समय टेस्ट रिटायरमेंट लेकर विराट ने सबसे बड़ी गलती की. उन्होंने कहा कि विराट जब 10 साल बाद इस फैसले के बारे में सोचेंगे तो उन्हें जरूर पछतावा होगा. 1983 वर्ल्ड कप के विजेता कप्तान ने कहा कि विराट उस स्टेज पर भी एक 25 वर्षीय खिलाड़ी को चुनौती दे सकते थे, लेकिन गुस्से में संन्यास ले लेना सही नहीं है.

10 साल बाद विराट कोहली को पछतावा होगा

 कपिल देव ने कहा, “मेरी नजर में विराट कोहली ने टेस्ट रिटायरमेंट लेकर सबसे बड़ी गलती की. उन्हें 10 साल बाद अपने फैसले पर पछतावा होगा. उन्हें संन्यास नहीं लेना चाहिए था. कोहली के पास जबरदस्त फिटनेस है और अन्य खिलाड़ियों की तुलना में उनकी फिटनेस अलग लेवल पर है.”

गुस्से में रिटायरमेंट लेना सही नहीं

उन्होंने कहा कि विराट अब भी 25 साल के खिलाड़ी को चैलेंज कर सकते हैं. कपिल देव ने आगे कहा, “गुस्से में आकर संन्यास ले लेना सही नहीं है. उन्हें मोहिंदर अमरनाथ जैसा होना चाहिए, जो कई बार टीम से ड्रॉप हुए थे, लेकिन उन्होंने वापसी कर सबको गलत साबित किया.”

विराट कोहली टेस्ट में भारत के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में रिटायर हुए. उन्होंने 123 मैचों के टेस्ट करियर में 9230 रन बनाए. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 30 शतक भी लगाए.

रोहित शर्मा पर भी बोले

विराट कोहली की तरह रोहित शर्मा अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं. कपिल देव ने उनके फ्यूचर को लेकर कहा, “वह अगर खेल पा रहे हैं तो अच्छा है. अगर उन्होंने (सेलेक्टर्स) ने निर्णय कर लिया, तो उनका करियर खत्म हो जाएगा. मैं यह सेलेक्टर्स पर छोड़ता हूं क्योंकि वे भारतीय क्रिकेट के हित में ही फैसला करेंगे.”

उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा ने लंबे अरसे तक देश का प्रतिनधित्व किया है, लेकिन सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, एमएस धोनी, रविचंद्रन अ श्विन, सब जा चुके हैं. कपिल देव ने कहा कि उनकी तरह रोहित शर्मा के करियर का भी अंत समय जरूर आएगा.

यह भी पढ़ें:

इन बड़े-बड़े धुरंधरों को रिलीज करेगी CSK! देखें संभावित रिटेंशन लिस्ट