बीते कुछ सालों से दुनिया भर के टॉय इंडस्ट्री के दरवाजे पर एक नया ग्राहक दस्तक दे रहा है. वो कोई बच्चा नहीं, बल्कि एक ‘बड़ा हो चुका बच्चा’ है. अमेरिकी मार्केट रिसर्च फर्म सर्काना के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 18 साल से ऊपर के लोग टॉय मार्केट की सबसे तेजी से बढ़ती एज कैटेगरी बन चुके हैं. इनकी खरीदारी पिछले चार सालों में दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है. इन्हें ही इंडस्ट्री की भाषा में ‘किडल्ट’ कहा जाता है. यानी किड और एडल्ट. ये वो लोग हैं जो अपनी मेहनत की कमाई से लीगो सेट्स, बार्बी, लबूबु प्लशीज, पोकेमॉन कार्ड्स और महंगे कलेक्टिबल्स खरीद रहे हैं.
यह सिर्फ कोई शौक नहीं है. यह एक पूरी कंज्यूमर इकोनॉमी है, जो टॉय इंडस्ट्री का चेहरा बदल रही है. तो आइए इसे गहराई से समझते हैं…
किडल्ट क्या है और यह अचानक क्यों चर्चा में है?
‘किडल्ट’ शब्द कोई नया नहीं है. इसका इस्तेमाल 1980 के दशक से हो रहा है और 11 अगस्त 1985 को द टाइम्स में छपे एक आर्टिकल में भी यह शब्द देखने को मिला था. अब इसका मतलब सिर्फ ‘बच्चों जैसी हरकतें करने वाले बड़े’ तक सीमित नहीं है.
आज का किडल्ट वो एडल्ट है जो जानबूझकर बचपन वाली चीजों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाता है और जेब से पैसे खर्च करता है.
इस ट्रेंड का केंद्र Gen Z और मिलेनियल्स हैं, यानी 20 से 30 की उम्र के लोग. ये वो पीढ़ी है जिसने बचपन में लीगो, बार्बी, पोकेमॉन और हैरी पॉटर के साथ वक्त बिताया है और अब जब उनके पास अपनी कमाई है, तो वो उन्हीं चीजों को वापस खरीद रहे हैं. कभी स्ट्रेस से निकलने के लिए, कभी नॉस्टैल्जिया के लिए और कभी सिर्फ इसलिए कि उन्हें यह अच्छा लगता है.
किडल्ट के आंकड़े क्या कह रहे हैं?
सबसे पहले अमेरिका की बात करें तो 65 प्रतिशत अमेरिकी एडल्ट्स ने एक साल में टॉय फिगर्स पर 100 डॉलर या उससे ज्यादा खर्च किए हैं. कुछ लोग तो 500 डॉलर तक खर्च कर चुके हैं.
सर्काना के मुताबिक, 18 साल से ऊपर के लोगों की टॉय खरीदारी में 5.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ, जबकि 12-17 साल के बच्चों में यह बढ़त सिर्फ 3.3 प्रतिशत रही. बच्चों की टॉय सेल्स तो 2021 से लगातार गिर रही है.
सर्काना के रिसर्च के मुताबिक, एडल्ट्स के खरीदे गए टॉयज ने पिछले 12 महीनों में 634 मिलियन यूरो का बिजनेस किया, जो कुल टॉय स्पेंडिंग का करीब 18 प्रतिशत है. 2022 में यह हिस्सा 15 प्रतिशत था.
सर्काना के मुताबिक, 2025 में वैश्विक टॉय इंडस्ट्री 8 प्रतिशत बढ़कर 123 अरब डॉलर तक पहुंच गई. सबसे तेज बढ़त 15 साल और उससे ऊपर के लोगों में देखी गई, जो अब दुनिया भर की टॉय सेल्स का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा हैं. 2020 के बाद से स्पेंडिंग दोगुनी से भी ज्यादा हो चुकी है. यानी दुनिया भर में हर पांचवां टॉय खरीदने वाला अब एक ‘बड़ा’ है, बच्चा नहीं.
द हिंदू में छपी सर्काना की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में किडल्ट्स ने ग्लोबल टॉय सेल्स का 28 प्रतिशत हिस्सा योगदान किया, जो 2022 के मुकाबले 2.5 प्रतिशत ज्यादा है. यानी टॉय इंडस्ट्री का हर चौथा रुपया अब किसी ‘बड़े बच्चे’ की जेब से आ रहा है.
ये लोग आखिर खरीद क्या रहे हैं?
सिर्फ ‘खिलौने’ कहकर बात खत्म नहीं होती. किडल्ट्स की शॉपिंग लिस्ट काफी बड़ी है:
1. लीगो और बिल्डिंग सेट्स
यह सबसे बड़ा सेगमेंट है. सर्काना की मेलिसा सायमंड के मुताबिक, बिल्डिंग सेट्स किडल्ट्स के बीच सबसे तेजी से बढ़ने वाला कैटेगरी रहा है. लीगो के फूलों और बुके सेट्स खासतौर पर लोकप्रिय हैं, क्योंकि इनमें क्रिएटिविटी के साथ-साथ डेकोरेशन का फायदा भी मिलता है. भारत में भी 28 साल के एक IT प्रोफेशनल दिव्यांशु राय लीगो McLaren और One Piece के 1,000-पीस शिप मॉडल जैसे सेट्स जोड़ चुके हैं.
2. Labubu और प्लशीज
पॉप कल्चर का सबसे बड़ा फेनोमेना Pop Mart की Labubu है. यह इतनी लोकप्रिय हुई कि 2025 में Labubu की मूल कंपनी Pop Mart के ‘THE MONSTERS’ ब्रांड की आमदनी करीब 14.2 बिलियन युआन तक पहुंच गई, जो साल-दर-साल 365.7 प्रतिशत की बढ़त है. लोग इन्हें डिजाइनर बैग्स के साथ लटका कर घूमते हैं, इनके साथ सोते हैं और लिमिटेड एडिशन के लिए लाइन में लगते हैं.
3. पोकेमॉन कार्ड्स और ट्रेडिंग कार्ड्स
पोकेमॉन कार्ड्स की दुनिया भर में 64 अरब से ज्यादा कार्ड्स बिक चुके हैं और दुर्लभ कार्ड्स हजारों डॉलर में रीसेल होते हैं. रैपर Logic ने एक रेयर Charizard कार्ड के लिए 220,000 डॉलर से ज्यादा खर्च किए थे. अमेरिका में पिछले साल गेम्स और पजल्स की सेल्स 37 प्रतिशत बढ़ी, जिसमें सबसे बड़ा हाथ पोकेमॉन का था.
4. बोर्ड गेम्स और पजल्स
मिलेनियल्स और Gen Z अब कैफे में बोर्ड-गेम सेशंस और कार्ड गेम्स के लिए इकट्ठा होते हैं. चेन्नई में एक पजल्स कैफे की को-फाउंडर बताती हैं कि 18 साल से ऊपर के ग्राहक बच्चों से ज्यादा संख्या में आते हैं. 2,000 पीस वाले पजल्स को पूरा करने में दो हफ़्ते तक लगा देते हैं.
5. फैंडम-ड्रिवन मर्चेंडाइज
Marvel, DC, हैरी पॉटर, स्ट्रेंजर थिंग्स, Doctor Who, एनीमे जैसे फ्रैंचाइज अब सिर्फ बच्चों के लिए नहीं हैं. बल्कि, फिल्मों और सीरीज की नॉस्टैल्जिया के चलते एडल्ट्स इनके प्रोडक्ट्स खरीद रहे हैं.
यह ट्रेंड इतना तेज क्यों हो रहा है?
इसे सिर्फ ‘बचकानापन’ कहकर खारिज करना आसान है, लेकिन असलियत इससे कहीं गहरी है.
- नॉस्टैल्जिया और इमोशनल कम्फर्ट: यूनिसवर्सिटी ऑफ चैस्टर की सीनियर लेक्चरर डॉ. जूली किर्खम इसे ‘ट्रांजिशनल ऑब्जेक्ट’ कहती हैं. ऐसी चीजें जो हमें सुरक्षा और अपने अतीत से जुड़ाव का एहसास कराती हैं. उनके शब्दों में, ‘असल में मायने ऑब्जेक्ट के नहीं, बल्कि उसके प्रतीक के होते हैं’. यानी जब कोई 30 साल का प्रोफेशनल एक लीगो सेट खरीदता है, तो वो सिर्फ प्लास्टिक की ईंटें नहीं खरीद रहा, वो अपने बचपन के उस सुकून को खरीद रहा है जो एडल्ट लाइफ की भागदौड़ में कहीं खो गया था.
- मेंटल हेल्थ और स्ट्रेस रिलीफ: सर्काना के मुताबिक, 47 प्रतिशत एडल्ट्स ने कहा कि टॉयज मजेदार हैं और उनकी मेंटल हेल्थ के लिए अच्छे हैं. लीगो की स्टडी के मुताबिक, 10 में से 9 एडल्ट्स ने कहा कि लीगो सेट्स के साथ खेलने से उन्हें अपनी चिंताओं से राहत मिली और स्ट्रेस कम हुआ. प्रोफेशनल प्रेशर और अनिश्चितता के दौर में ये छोटी-छोटी चीजें एक ‘सेफ स्पेस’ की तरह काम करती हैं.
- सोशल मीडिया और डोपामाइन: इंस्टाग्राम और टिकटॉक ने इस ट्रेंड को हवा दी है. लोग अपने कलेक्शन, अनबॉक्सिंग वीडियो और नई खरीदारी शेयर करते हैं. डॉ. किर्खम कहती हैं कि सोशल रीइन्फोर्समेंट ‘न्यूरोलॉजिकल लेवल पर डोपामाइन का हिट’ देता है, जो इसे और भी रिवॉर्डिंग बनाता है. यानी जब आप अपना नया Labubu पोस्ट करते हैं और लाइक्स आते हैं, तो दिमाग में ‘अच्छा लगेगा’ वाला केमिकल रिलीज होता है. फिर अगली खरीदारी की चाहत जागती है.
- इनर चाइल्ड की हीलिंग: भारत में इसका एक और सांस्कृतिक पहलू है. चेन्नई के 24 वर्षीय सिद्धार्थ निचानी ने शहर का पहला डाइकास्ट (मिनिएचर कार) क्लब शुरू किया है. वे कहते हैं कि भारतीय घरों में बच्चों को अक्सर तभी खिलौने मिलते हैं जब वो पढ़ाई में अच्छा करें. यानी किडल्टिंग एक तरह से उस ‘अधूरे बचपन’ को पूरा करने की कोशिश है जो पढ़ाई और ‘बड़े होने’ की जल्दबाजी में छूट गया था.
कंपनियां इसे कैसे ‘कैश’ कर रही हैं?
टॉय कंपनियां इसे सिर्फ ‘अच्छा ट्रेंड’ मानकर नहीं बैठी हैं. वो सक्रिय रूप से इसके लिए प्रोडक्ट डिजाइन कर रही हैं:
लीगो ने अपनी वेबसाइट पर 18+ उम्र के लिए अलग सेक्शन बना दिया है. कंपनी की ग्लोबल हेड ऑफ प्रोडक्ट्स फॉर एडल्ट्स जेनेविव कापा क्रूज कहती हैं कि वो कई सालों से बड़े और अनुभवी बिल्डर्स के लिए सेट्स डिजाइन कर रहे हैं, क्योंकि एडल्ट्स को बिल्डिंग में रिलैक्सेशन, क्रिएटिविटी और अपनी फिल्म, स्पोर्ट्स, म्यूजिक रुचियों को एक्सप्लोर करने का मजा आता है.
Kinder Joy जैसी कंपनियां भी अब सिर्फ बच्चों को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को टारगेट कर रही हैं. Ferrero India के CMO जोहेर कपूसलवा कहते हैं कि वो टॉयज को ‘बैग टैग या डेस्क एक्सेसरीज’ जैसा यूजफुल बना रहे हैं, ताकि फैंस अपनी फैंडम को काम पर या बैकपैक पर दिखा सकें.
तो क्या यह सिर्फ एक फैड है या टिकने वाला बदलाव?
eMarketer की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 साल से कम उम्र के बच्चे अभी भी ग्लोबल टॉय सेल्स का 65 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा हैं, लेकिन उनका हिस्सा लगातार घट रहा है, जबकि टीन्स और एडल्ट्स का हिस्सा बढ़ रहा है. डेवलप्ड मार्केट्स में तो ‘अधिकांश इंक्रीमेंटल ग्रोथ’ अब बड़े कंज्यूमर्स से ही आ रही है.
एडल्ट्स की खरीदारी में एक खासियत है. वो साल भर खरीदते हैं, सिर्फ त्योहारों या जन्मदिनों का इंतजार नहीं करते और प्रीमियम या कलेक्टिबल चीजों पर ज्यादा पैसे खर्च करते हैं. यह टॉय कंपनियों के लिए एक ‘स्टेबल’ और ‘हाई-वैल्यू’ कस्टमर बेस है. इस वजह से वो अब अपनी रणनीति में एडल्ट्स को गंभीरता से शामिल कर रही हैं.
ब्रिटिश साइक्लोजिकल सोसाइटी (BPS) की रिपोर्ट के मुताबिक, कलेक्टिंग आम तौर पर नुकसानदायक नहीं है और इसके मेंटल हेल्थ फायदे भी हो सकते हैं. बस इसे कंट्रोल में रखना जरूरी है. अगर आप एक लीगो सेट खरीदकर वीकेंड पर बैठकर बनाते हैं और उससे सुकून मिलता है, तो यह एक अच्छी चीज है. अगर यह कलेक्टिंग एक ‘obsession’ बन जाए और आपकी फाइनेंशियल या मेंटल हेल्थ पर बोझ डालने लगे, तो फिर सवाल खड़े होते हैं.





