हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए टोल टैक्स देना पड़ता है. लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह खर्च कई बार काफी बढ़ जाता है. खासकर जो लोग रोजाना एक ही रूट पर आते-जाते हैं, उनके लिए टोल का खर्च महीने के बजट का अहम हिस्सा बन जाता है. ऐसे में लोग अक्सर टोल पर पैसे बचाने के विकल्प तलाशते रहते हैं.
इन दिनों दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपने अनोखे जुगाड़ के लिए वायरल हो रहा है. इसमें एक शख्स ने टोल टैक्स बचाने का ऐसा तरीका बताया है, जिसे सुनकर लोग हैरान हैं. उसका दावा है कि एक्सप्रेसवे पर लगे सेंसर और नंबर प्लेट पहचानने वाले सिस्टम की वजह से वह अपने सफर का टोल खर्च कम कर पा रहा है.
टोल बचाने का पूरा गणित
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक शख्स अपने सफर का अनुभव शेयर करता नजर आता है. वह बताता है कि वह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर नियमित रूप से आता-जाता है. उसके मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर सफर करने के दौरान टोल की रकम काफी ज्यादा होती है. ऐसे में उसने एक रास्ते का इस्तेमाल करके अपने टोल खर्च को कम करने का आसान तरीका निकाला है. वीडियो में वह नैनीताल की तरफ जाने वाले रास्ते का जिक्र करता है. उसके मुताबिक एक्सप्रेसवे से इस रास्ते पर उतरने और फिर कुछ दूरी तय करके दोबारा हाईवे पर आने से टोल कैलकुलेशन में अंतर दिखाई देता है. उसका दावा है कि ऐसा करने पर सिस्टम गाड़ी की एंट्री नए पॉइंट से दर्ज कर लेता है और उसी हिसाब से टोल की रकम कटती है.
246 रुपये से घटकर इतने रह गए पैसे
वीडियो में शख्स अपने FASTag बैलेंस का उदाहरण देकर पूरी बात समझाता है. वह बताता है कि उसके FASTag में शुरुआत में 246 रुपये थे. बताए गए तरीके से सफर करने के बाद बैलेंस 166 रुपये रह गया. यानी उसके मुताबिक, इस यात्रा में 80 रुपये कटे. इसके बाद वह वापसी के सफर का भी जिक्र करता है. उसका दावा है कि लौटते समय इसी तरह यात्रा करने पर टोल के रूप में केवल 20 रुपये कटे और उसके FASTag में 126 रुपये बाकी रह गए. इस तरह वह अपने अनुभव के आधार पर बताता है कि सामान्य तरीके से सफर करने की बजाय इस तरीके से टोल खर्च कम हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Video: चलती ट्रेन को बना दिया रसोई घर, गुजराती फैमिली की हरकत पर भड़के नेटिजन्स
ऐसे काम करता है एक्सप्रेसवे का सेंसर सिस्टम
इस पूरे मामले को समझने के लिए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर इस्तेमाल होने वाली टोल तकनीक को जानना जरूरी है. यहां टोल वसूली के लिए मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है. ANPR कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट पहचानने में मदद करते हैं. इनके जरिए वाहन के प्रवेश और निकास की जानकारी दर्ज की जाती है. इसके आधार पर तय किया जाता है कि वाहन ने कितनी दूरी तय की है और उसके लिए कितना टोल देना होगा.
कमेंट्स में राय दे रहे यूजर्स
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स इस तरीके को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं. कई यूजर्स के मन में सवाल है कि क्या ऐसा करना सच में पैसे बचा सकता है? कुछ यूजर्स को यह टोल सिस्टम की तकनीकी खामी लग रही है, तो कुछ का मानना है कि इस तरह की जानकारी सार्वजनिक होने से संबंधित सिस्टम में बदलाव किया जा सकता है. वहीं कुछ यूजर्स ने सालाना FASTag पास का विकल्प अपनाने की सलाह भी दी है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: 4 साल बाद अमेरिका से लौटा भाई, देखते ही रो पड़ी बहन, रुला देगा वीडियो





