अमेरिका में लाखों की सैलरी, फिर भी मिडिल क्लास जिंदगी! वायरल वीडियो में खोला खर्च का राज

अमेरिका में लाखों की सैलरी, फिर भी मिडिल क्लास जिंदगी! वायरल वीडियो में खोला खर्च का राज


भारत में जब भी विदेश में नौकरी करने या बसने की बात होती है तो अक्सर लोगों के मन में एक अच्छी सैलरी, बड़ा घर, शानदार गाड़ी और बेहतर लाइफस्टाइल की तस्वीर सामने आती है. खासकर अमेरिका जैसे देश में नौकरी करने का सपना देखने वाले लोगों को लगता है कि वहां पहुंचने के बाद आर्थिक परेशानियां काफी हद तक खत्म हो जाती हैं. लेकिन क्या ज्यादा कमाई होने का मतलब हमेशा ज्यादा बचत होना भी है? ऐसा जरूरी नहीं.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला की कहानी ने इसी सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं. महिला हर महीने करीब 7.5 लाख रुपये कमाती हैं, लेकिन इसके बावजूद खुद को मिडिल क्लास मानती हैं. इसकी वजह उनकी कमाई नहीं, बल्कि वहां रहने का खर्च है.

भाई ने शेयर किया बहन का बजट

दरअसल, अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के नितिन मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उनकी बहन महिमा राठी अपनी आमदनी और हर महीने होने वाले खर्चों के बारे में बताती नजर आती हैं. नितिन ने वीडियो के जरिए यह समझाने की कोशिश की कि अमेरिका में अच्छी कमाई करने के बावजूद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां किस तरह बचत को प्रभावित करती हैं. महिमा के मुताबिक, उनकी महीने की आमदनी करीब 8,000 डॉलर यानी लगभग 7.5 लाख रुपये है. पहली नजर में यह आमदनी किसी भी भारतीय व्यक्ति को काफी बड़ी लग सकती है. लेकिन जब इस आमदनी से अमेरिका में घर चलाने, टैक्स भरने और दूसरी जरूरी जरूरतों को पूरा करने की बात आती है, तो तस्वीर बदल जाती है.

सैलरी का बड़ा हिस्सा इन खर्चों में हो जाता है खत्म

महिमा ने अपने वीडियो में महीनेभर के खर्चों का हिसाब भी बताया है. उनके मुताबिक  सबसे पहले करीब 1,500 डॉलर टैक्स के रूप में चले जाते हैं. इसके बाद घर की मॉर्गेज यानी होम लोन की किस्त पर 2,500 डॉलर खर्च होते हैं. इसके अलावा खाने-पीने पर करीब 1,000 डॉलर खर्च होते हैं. मेडिकल से जुड़े खर्चों के लिए 500 डॉलर और कार से संबंधित खर्चों के लिए भी 500 डॉलर रखने पड़ते हैं. फोन, इंटरनेट और दूसरे बिलों पर भी लगभग 500 डॉलर खर्च हो जाते हैं. इतना ही नहीं बच्चों की जरूरतों के लिए 300 डॉलर और अन्य छोटे-मोटे खर्चों के लिए 200 डॉलर अलग रखने पड़ते हैं. अगर इन सभी खर्चों को जोड़ें तो हर महीने करीब 7,000 डॉलर खर्च हो जाते हैं. इस तरह महिमा के पास लगभग 1,000 डॉलर यानी करीब 94 हजार रुपये बचते हैं. उन्होंने यह भी बताया किया कि इस हिसाब में उनके निजी खर्च शामिल नहीं हैं.

यह भी पढ़ें: Video Viral: हाथी का खौफनाक हमला, बाइक सवार की बाल-बाल बची जान; वीडियो वायरल

भारत में कम कमाई के बावजूद होती थी ज्यादा बचत

इस पूरी वीडियो का का सबसे दिलचस्प पहलू महिमा की भारत और अमेरिका की जिंदगी की तुलना है. उन्होंने बताया कि जब वह भारत में रहती थीं, तब उनकी सालाना कमाई करीब 15 लाख रुपये थी. इसके बावजूद वह अमेरिका में मौजूदा कमाई के मुकाबले अपनी आय का ज्यादा हिस्सा बचा पाती थीं. यानी केवल सैलरी का आंकड़ा देखकर किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाना सही नहीं है. जिस देश में व्यक्ति रहता है, वहां की जरूरतें, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजमर्रा का खर्च भी उसकी बचत तय करते हैं.

यूजर्स दे रहे अपनी-अपनी प्रतिक्रिया

यह वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स इस पर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ यूजर्स का मानना है कि अमेरिका में अच्छी सुविधाएं, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और साफ-सुथरा वातावरण मिलता है, इसलिए वहां होने वाले खर्च को सिर्फ रुपये में बदलकर नहीं देखना चाहिए. वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर भारत में अच्छी नौकरी और स्थिर आमदनी मिल जाए तो व्यक्ति कम खर्च में बेहतर बचत कर सकता है. कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि विदेश में कमाई ज्यादा होने के बावजूद घर, बच्चों और स्वास्थ्य से जुड़े खर्च अधिक हो जाते हैं.

यह भी पढ़ें: Viral Video: 4 साल बाद अमेरिका से लौटा भाई, देखते ही रो पड़ी बहन, रुला देगा वीडियो