आप भी लिख सकते हैं अपनी किताब, जानिए कितना आता है खर्च और कितनी कमाई?

आप भी लिख सकते हैं अपनी किताब, जानिए कितना आता है खर्च और कितनी कमाई?


कई लोगों के मन में कहानियां, कविताएं,विचार और कुछ ऐसे किस्से होते हैं, जिन्हें वे किताब के रूप में दुनिया के सामने लाना चाहते हैं. कुछ लोग अपनी जिंदगी के अनुभव लिखना चाहते हैं, तो कुछ उपन्यास, मोटिवेशनल किताबें या किसी खास विषय पर जानकारी देना चाहते हैं. हालांकि अक्सर लोग यह सोचकर पीछे हट जाते हैं कि किताब लिखना और उसे पब्लिश करवाना काफी महंगा काम होगा. इसके अलावा यह भी सवाल रहता है कि क्या कोई आम व्यक्ति बिना किसी बड़े पब्लिशर की मदद के अपनी किताब छपवा सकता है?

हाल ही में सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love 10 नवंबर 2026 को लॉन्च हुई है. इस किताब में उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों, नेहरू-गांधी परिवार में बिताए समय और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़े कई निजी किस्सों के बारे में लिखा है. यह दिखाता है कि केवल कहानी ही नहीं बल्कि अनुभव भी किताब के जरिए लोगों तक पहुंचाए जा सकते हैं.

ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल है कि आखिर एक किताब पब्लिश करवाने में कितना खर्च आता है और इसके लिए किन चीजों की जरूरत होती है? सबसे अच्छी बात यह है कि अब ऐसा करना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है. डिजिटल प्लेटफॉर्म और सेल्फ पब्लिशिंग की मदद से कोई भी व्यक्ति अपनी किताब पब्लिश कर सकता है. इसके लिए जरूरी नहीं कि आप कोई फेमस लेखक या साहित्यकार हों. बस आपके पास अच्छा कंटेंट, सही प्लान और उसे रीडर्स तक पहुंचाने का तरीका होना चाहिए.

किताब पब्लिश करवाने के हैं दो तरीके

भारत में अपनी किताब पब्लिश करवाने के मुख्य रूप से दो तरीके हैं. पहला है ट्रेडिशनल पब्लिशिंग और दूसरा सेल्फ पब्लिशिंग. ट्रेडिशनल पब्लिशिंग में लेखक अपनी किताब की मैन्युस्क्रिप्ट किसी पब्लिशर को भेजता है. पब्लिशर उसे पढ़ने के बाद तय करता है कि किताब पब्लिश करनी है या नहीं. अगर पब्लिशर को कहानी पसंद आती है, तो वह एडिटिंग, कवर डिजाइन, प्रिंटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी लेता है. आमतौर पर इसमें लेखक को अपनी जेब से पैसा नहीं लगाना पड़ता, लेकिन पब्लिशर से किताब स्वीकार करवाना आसान नहीं होता.

दूसरा सेल्फ पब्लिशिंग होता है. इसमें लेखक खुद अपनी किताब पब्लिश करवाने का खर्च उठाता है. वह एडिटिंग, कवर डिजाइन, ISBN, प्रिंटिंग और मार्केटिंग के लिए अलग-अलग सेवाएं ले सकता है. इस तरीके में लेखक को अपनी किताब पर ज्यादा नियंत्रण मिलता है और वह पब्लिशिंग से जुड़े फैसले खुद कर सकता है.

किताब छपवाने का कोई तय खर्च नहीं

किताब पब्लिश करवाने का खर्च उसकी लंबाई, पेजों की संख्या, कागज की गुणवत्ता, डिजाइन और प्रिंटिंग कॉपी पर निर्भर करता है. भारत में एक प्रोफेशनल सेल्फ पब्लिशिंग प्रोजेक्ट के लिए लगभग 15 हजार से 80 हजार रुपये या उससे अधिक का बजट रखना पड़ता है. किताब में भाषा, व्याकरण और वाक्यों की गलतियां सुधारने के लिए एडिटर की मदद ली जाती है. इसका खर्च काम के नेचर के अनुसार अलग होता है.

किताब का कवर रीडर्स को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. साधारण डिजाइन के लिए लगभग 2,000 से 4,000 रुपये और कस्टम डिजाइन के लिए 6,000 से 10,000 रुपये तक खर्च हो सकते हैं. किताब के पन्नों, चैप्टर, फॉन्ट और लेआउट को व्यवस्थित करने के लिए लगभग 1,500 से 5,000 रुपये खर्च हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें: CA VS CS Career Option: 12वीं के बाद CA करें या CS, जानें किस कोर्स में करियर के ज्यादा मौके?

ISBN को प्राप्त करने का तरीका

किताब पब्लिश करवाते समय ISBN यानी इंटरनेशनल स्टैंडर्ड बुक नंबर की भी जरूरत पड़ती है. यह 13 अंकों का एक विशेष नंबर होता है, जिसके जरिए किसी किताब और उसके संस्करण की पहचान की जाती है. भारत में ISBN प्राप्त करने के लिए लेखकों को किसी एजेंट को पैसे देने की जरूरत नहीं है. भारत सरकार की आधिकारिक ISBN एजेंसी के माध्यम से इसके लिए मुफ्त आवेदन किया जा सकता है. इसके लिए ISBN की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होता है.

Amazon पर भी बेच सकते हैं अपनी किताब

आज के समय में किताब बेचने के लिए सिर्फ बुकस्टोर पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. लेखक अपनी किताब को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध करा सकते हैं. जैसे Amazon Kindle Direct Publishing (KDP) के जरिए लेखक अपनी किताब का ई-बुक संस्करण पब्लिश कर सकते हैं. इसके अलावा प्रिंट-ऑन-डिमांड सुविधा के तहत किताब की कॉपी ऑर्डर मिलने पर छापी जाती है. इससे लेखक को पहले से सैकड़ों किताबें छपवाकर रखने की जरूरत नहीं पड़ती. इस मॉडल में शुरुआती प्रिंटिंग का बड़ा खर्च बच सकता है. हालांकि बिक्री होने पर प्रिंटिंग और प्लेटफॉर्म से जुड़े शुल्क लागू होते हैं.

किताब बेचकर कितनी हो सकती है कमाई?

किताब से होने वाली कमाई का कोई तय आंकड़ा नहीं है. यह इस बात पर निर्भर करता है कि किताब कितनी बिकती है, उसकी कीमत क्या है और पब्लिशर या प्लेटफॉर्म लेखक को कितनी रॉयल्टी देता है. अगर किसी किताब की कीमत 400 रुपये है और लेखक को बिक्री मूल्य का 10 परसेंट रॉयल्टी मिलती है तो एक कॉपी बिकने पर उसे 40 रुपये मिलेंगे. इस हिसाब से 1,000 कॉपी बिकने पर 40,000 रुपये की कमाई होगी. वास्तविक रॉयल्टी का हिसाब पब्लिशर के साथ हुए समझौते और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की शर्तों पर निर्भर करता है.

यह भी पढ़ें: GAIL Recruitment 2026: लॉ वालों के लिए नौकरी का मौका, GAIL में निकली वैकेंसी

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI