दिवाली पर एक हफ्ते की छुट्टी की मांग, कर्मचारी के पोस्ट से हिला सोशल मीडिया

दिवाली पर एक हफ्ते की छुट्टी की मांग, कर्मचारी के पोस्ट से हिला सोशल मीडिया


दीवाली पर 2 दिन की छुट्टी मिली नहीं कि घर जाने वालों का सांस फूलना शुरू हो जाता है. जो लोग अपने घर से 1,000 से 2,000 किलोमीटर दूर दूसरे शहरों में नौकरी कर रहे हैं, उनके लिए 2 दिन में दीया जलाना, मिठाई खाना और वापस काम पर लौटना किसी जंग जीतने जैसा होता है. इसी मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर एक शख्स ने ऐसी बात कह दी है, जिसने पूरे देश के नौकरीपेशा लोगों के दर्द को हरा कर दिया है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने भारत के ‘वर्क कल्चर’ पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि दीवाली पर भी अमेरिका और यूरोप की तरह पूरे एक हफ्ते की आधिकारिक छुट्टी मिलनी चाहिए.

“20-30 हजार की फ्लाइट, 40 घंटे की ट्रेन… कैसे मनाएं त्योहार?”

यूजर ने अपने वायरल पोस्ट में पते की बात लिखते हुए कहा कि विदेश में क्रिसमस से लेकर न्यू ईयर तक लगातार हफ्तों की लंबी छुट्टियां मिलती हैं. लेकिन भारत में अपने घर से हजारों किलोमीटर दूर रहने वाले कर्मचारियों को 2 दिन से ज्यादा की छुट्टी के लिए बॉस के आगे हाथ जोड़ने पड़ते हैं.

यूजर ने लिखा…

“घर जाने में ही ट्रेन से 30 से 40 घंटे लग जाते हैं, और बॉस 2 दिन से ज्यादा लीव नहीं देता.”

“त्योहार के वक्त फ्लाइट की टिकट 20 से 30 हजार रुपये की हो जाती है, जो आम सैलरी वाला बंदा खरीद ही नहीं सकता.”

“एक तरफ हम अपने त्योहारों को दुनिया भर में प्रमोट करने की बात करते हैं, और दूसरी तरफ हमारे लोग अपने मां-बाप के साथ दीवाली भी नहीं मना पाते.”

आगे भड़ास निकालते हुए यूजर ने लिखा कि इस वर्क कल्चर से हम सिर्फ काम का तनाव और उदासी बढ़ा रहे हैं, यही वजह है कि हम ‘हैप्पीनेस इंडेक्स’ में इतने पीछे हैं.

यह भी पढ़ें: Chain Snatching: मुंबई में सोसायटी के अंदर महिला से लूट, वायरल हो रहा वीडियो

“विदेश ही नहीं, मिस्र में भी ईद पर मिलती है हफ्ते भर की छुट्टी”

यह पोस्ट सामने आते ही इंटरनेट पर आग की तरह फैल गई. देश भर के कर्मचारियों ने इस पर जमकर अपने दिल का गुबार निकाला और सहमति जताई…

एक यूजर ने सपोर्ट करते हुए लिखा, “यह सिर्फ पश्चिमी देशों की बात नहीं है. मैंने मिस्र के क्लाइंट के साथ काम किया है, वहां ईद और बकराईद पर पूरे एक हफ्ते की छुट्टी मिलती है.”

दूसरे यूजर ने लिखा, “2 दिन की छुट्टी में से 1 दिन जाने में निकल जाता है और 1 दिन आने में, त्योहार मनाने का समय तो रास्ते में ही खत्म हो जाता है.”

वहीं ज्यादातर लोगों का कहना था कि कंपनियों को कर्मचारियों के मेंटल हेल्थ और फैमिली टाइम का ध्यान रखते हुए दीवाली पर लंबी छुट्टी का नियम बनाना चाहिए.

यह भी पढ़ें: Viral Video: रॉकेट सी टक्कर के बाद हवा में उछला शख्स, उठा तो यूजर्स बोले- रखवाला उपरवाला