आमतौर पर लोग अपने लुक को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर हेयरकट और शेविंग करवाते रहते हैं. कुछ लोग दाढ़ी को छोटा रखना पसंद करते हैं, तो कुछ स्टाइलिश लुक के लिए उसे अलग-अलग अंदाज में रखते हैं. लेकिन क्या आपने कभी किसी ऐसे शख्स के बारे में सुना है, जिसने करीब 20 साल तक अपनी दाढ़ी को छुआ तक नहीं और उसे बढ़ने दिया?
सुनने में भले ही यह अजीब लगे, लेकिन अमेरिका के एक व्यक्ति ने ऐसा ही किया है. उसने अपनी दाढ़ी को इतना लंबा कर लिया कि अब उसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है. खास बात यह है कि उसकी दाढ़ी की लंबाई किसी आम इंसान की हाइट के आसपास पहुंच गई है. इस अनोखे कारनामे की चर्चा अब दुनियाभर में हो रही है.
54 साल के Matthew Hey ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
इस शख्स का नाम Matthew Hey है. वह अमेरिका के Baldwin City, Kansas में रहते हैं और उनकी उम्र 54 साल है. Matthew ने अपनी प्राकृतिक दाढ़ी के एक लॉक को 5 फीट 3 इंच यानी करीब 1.603 मीटर तक बढ़ा लिया है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें किसी जीवित पुरुष की सबसे लंबी प्राकृतिक दाढ़ी के लॉक का रिकॉर्ड दिया है. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पहले रिकॉर्ड धारक Rudolf Martino को पीछे छोड़ दिया है, जिनकी दाढ़ी का लॉक 3 फीट 6 इंच लंबा था. यह जानना बेहद जरूरी है कि यह रिकॉर्ड सबसे लंबी पूरी दाढ़ी का नहीं, बल्कि प्राकृतिक रूप से बने सबसे लंबे Beard Lock का है. सबसे लंबी दाढ़ी का अलग रिकॉर्ड कनाडा के सरवन सिंह के नाम है, जिनकी दाढ़ी की लंबाई 8 फीट 3 इंच दर्ज की गई थी.
बच्चों की एक बात ने बदल दिया दाढ़ी रखने का अंदाज
Matthew की इतनी लंबी दाढ़ी के पीछे की कहानी भी काफी दिलचस्प है. वह पहले भी दाढ़ी रखते थे, लेकिन उसे सामान्य लंबाई में ही रखते थे. करीब दो दशक पहले कुछ बच्चों ने उनसे उनकी दाढ़ी में चोटी बनाने के लिए कहा. बच्चों की इस बात पर Matthew ने अपनी दाढ़ी बढ़ाना शुरू कर दिया. उन्हें इसका लुक पसंद आने लगा और उन्होंने इसे कटवाना बंद कर दिया. धीरे-धीरे उनकी दाढ़ी के बाल आपस में उलझकर एक प्राकृतिक लॉक का रूप लेने लगे. समय के साथ इसकी लंबाई बढ़ती चली गई. बताया जाता है कि उनकी दाढ़ी हर साल करीब 3 से 4 इंच तक बढ़ती रही. देखते ही देखते यह इतनी लंबी हो गई कि मैथ्यू इसे अपनी कमर के चारों ओर बेल्ट की तरह लपेट सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 6 फीट 8 इंच लंबे शख्स के लिए छोटा पड़ा प्लेन का वॉशरूम, वीडियो वायरल
जमीन तक पहुंचती है दाढ़ी
पांच फीट से ज्यादा लंबी दाढ़ी रखना सुनने में जितना दिलचस्प लगता है, रोजमर्रा की जिंदगी में इसे संभालना उतना ही मुश्किल है. मैथ्यू की दाढ़ी अब इतनी लंबी हो चुकी है कि खुली छोड़ने पर जमीन तक पहुंच जाती है. ऐसे में उन्हें रोजमर्रा के काम करने के लिए इसे कई बार मोड़कर बांधना पड़ता है. उनकी दाढ़ी की देखभाल का तरीका भी काफी सामान्य है. वह इसे साफ रखने के लिए शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करते हैं. खास बात यह है कि वह इसे ट्रिम नहीं करवाते. Matthew ने अपना रिकॉर्ड बनाने के लिए अमेरिका के Independence, Missouri में आधिकारिक माप करवाया था. इस दौरान उनकी दाढ़ी को एक बड़े लकड़ी के बोर्ड पर फैलाकर नापा गया.
दाढ़ी से ज्यादा अपने शौक को देते हैं महत्व
इतनी लंबी दाढ़ी होने के बावजूद Matthew का कहना है कि उनकी पहचान सिर्फ उनके चेहरे के बालों से नहीं है. उन्हें कारों और कंप्यूटर का काफी शौक है. खासतौर पर Mazda RX-7 कार और Amiga कंप्यूटर में उनकी दिलचस्पी है. इसके अलावा उन्हें वेटलिफ्टिंग, वीडियो गेम खेलना और परिवार के साथ समय बिताना पसंद है. Matthew के मुताबिक, उनके दोस्त उन्हें दाढ़ी से ज्यादा उनके इन शौक के लिए जानते हैं. हालांकि सार्वजनिक जगहों पर लोग अक्सर उनकी दाढ़ी देखकर हैरान हो जाते हैं. कई लोग उनसे पूछते हैं कि क्या यह असली है. वहीं कुछ लोग उनके अलग लुक को देखकर उन्हें जज भी करते हैं.
लोगों को दिया खास संदेश
Matthew का मानना है कि किसी व्यक्ति को उसके लुक के आधार पर नहीं आंकना चाहिए. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे दूसरों के प्रति दयालु रहें, चाहे उनका पहनावा या दिखने का अंदाज कैसा भी हो. फिलहाल मैथ्यू अपनी दाढ़ी कटवाने के मूड में नहीं हैं. उनका कहना है कि वह इसे आगे भी बढ़ाना चाहते हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि कभी-कभी वह सोचते हैं कि उनके वर्ल्ड रिकॉर्ड वाली दाढ़ी की कीमत कितनी हो सकती है और क्या इसका बीमा भी कराया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: ये हैं दुनिया की सबसे खतरनाक लैंडिंग्स, वीडियो देख चकरा जाएगा सिर





