भारत ने फाइनल में जापान को हराकर जीता खिताब, आखिरी क्वार्टर में पलटी बाजी


भारत की हॉकी टीम ने गुरुवार (05 नवंबर) को फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर 2026 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy 2026) का खिताब जीत लिया. मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला गया मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा. तीन क्वार्टर तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं. लेकिन चौथे यानी आखिरी क्वार्टर में भारत की तरफ से 3 गोल देखने को मिले, जिससे पूरी बाजी ही पलट गई. जहां एक वक्त पर भारत के लिए जीत बहुत मुश्किल दिख रही थी, वहां अंतिम क्वार्टर में भारत ने मैच एकतरफा अपने नाम किया. यह भारत के लिए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का छठा खिताब रहा. 

भारत के लिए शिलानंद लकड़ा, दिलप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और विवेक प्रसाद ने 1-1 गोल किया. जापान के लिए इकलौता गोल कजुमासा मात्सुमोतो ने किया. भारत के लिए मैच की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. 

कजुमासा मात्सुमोतो ने तीसरे मिनट पर गोल करके जापान को 1-0 की बढ़त दिला दी थी. पहले क्वार्टर में मिली बढ़त जापान ने 2 क्वार्टर तक बरकरार रखी. दूसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ. इस तरह 2 क्वार्टर यानी हाफ टाइम के बाद जापान के पास 1-0 की बढ़त थी. 

तीसरे क्वार्टर में भारत ने की बराबरी 

तीसरे क्वार्टर में भारत के लिए शिलानंद लकड़ा ने पहला गोल 42वें मिनट पर किया. तीन क्वार्टर के बाद जापान की बढ़त खत्म हुई. अब स्कोर 1-1 की बराबरी पर था.

चौथे क्वार्टर में पटली बाजी 

तीसरे क्वार्टर में पहला गोल करने के बाद भारत ने मानिए गोल की झड़ी ही लगा दी. चौथे क्वार्टर में टीम इंडिया ने 3 गोल करके कांटे के मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज की. 48वें मिनट पर दिलप्रीत सिंह ने गोल किया. आगे बढ़ते हुए 53वें मिनट पर जुगराज सिंह ने गोल दागा. अगले यानी 54वें मिनट पर विवेक प्रसाद ने गोल कर दिया. फुल टाइम तक जापान की तरफ से कोई भी दूसरा गोल नहीं हो सका. इस तरह भारत ने 4-1 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया.

 

यह भी पढ़ें: 5 पारियों में 834 रन! चिन्मय सुतार ने रचा इतिहास, 103 साल पुराना टूटा रिकॉर्ड