गुजरातियों को भाया नागालैंड, कहा- धरती पर स्वर्ग है ये जगह; वायरल वीडियो

गुजरातियों को भाया नागालैंड, कहा- धरती पर स्वर्ग है ये जगह; वायरल वीडियो


Viral Video: भारत में घूमने-फिरने के लिए जगहों की कमी नहीं है. यहां हर क्षेत्र की अपनी अलग खूबसूरती और पहचान है. कहीं बर्फ से ढके पहाड़ पर्यटकों को आकर्षित करते हैं तो कहीं समुद्र के किनारे फैले बीच सुकून का एहसास कराते हैं. राजस्थान के रेगिस्तान से लेकर केरल के बैकवॉटर तक, देश में घूमने के लिए कई शानदार विकल्प मौजूद हैं. यही वजह है कि लोग अपनी छुट्टियों के लिए अलग-अलग राज्यों और शहरों को चुनते हैं.

हालांकि जब भी पर्यटन की बात आती है तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कश्मीर या गोवा जैसे लोकप्रिय स्थानों के नाम आते हैं. वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई खूबसूरत राज्य अब भी बड़ी संख्या में पर्यटकों की पहुंच से दूर हैं. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण, पहाड़ और झरने किसी का भी मन मोह सकते हैं. नागालैंड का एक ऐसा ही वीडियो इसी अनदेखी खूबसूरती को चर्चा में ले आया है, जिसमें गुजरात से पहुंचे पर्यटक राज्य के नजारों को देखकर उसकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं.

गुजरात से नागालैंड पहुंचे पर्यटक

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में गुजरात से आए कुछ पर्यटक नागालैंड की यात्रा करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान उनकी मुलाकात एक स्थानीय व्यक्ति से होती है, जो उनसे राज्य में घूमने के अनुभव के बारे में पूछता है. बातचीत के दौरान पर्यटक वहां के प्राकृतिक नजारों की तारीफ करते नजर आते हैं. गुजरात से आए यात्रियों के लिए नागालैंड का पहाड़ी वातावरण एक अलग अनुभव था. उन्होंने यहां की हरियाली, ऊंचे पहाड़ों और झरनों को देखकर अपनी खुशी जाहिर की. बातचीत में उन्होंने यह भी बताया कि गुजरात में ज्यादातर इलाकों का भूगोल मैदानी है, जबकि नागालैंड में चारों तरफ पहाड़ और प्राकृतिक सुंदरता देखने को मिलती है. समूह के दो पर्यटकों ने तो स्थानीय व्यक्ति से कहा कि वह ऐसी जगह रहते हैं, जिसे स्वर्ग कहा जा सकता है.

यह भी पढ़ें: सड़क पर चलती गाड़ियों पर आई समुद्र की लहरें, चेन्नई का खौफनाक वीडियो वायरल

दजुकोउ घाटी जा रहे थे पर्यटक

असल में पर्यटक नागालैंड और मणिपुर की सीमा पर स्थित दजुकोउ घाटी की ओर जा रहे थे. यह पूर्वोत्तर भारत के चर्चित ट्रेकिंग स्थलों में शामिल है. समुद्र तल से लगभग 8,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह घाटी अपने खुले पहाड़ी मैदानों, मौसमी फूलों और दूर तक फैले प्राकृतिक नजारों के लिए जानी जाती है. दजुकोउ घाटी खासतौर पर उन लोगों को आकर्षित करती है, जिन्हें भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना पसंद है. यहां पहुंचने के लिए ट्रेकिंग करनी पड़ती है, इसलिए यह जगह एडवेंचर पसंद करने वाले यात्रियों के बीच भी लोकप्रिय है. घाटी का नजारा मौसम के हिसाब से बदलता रहता है और फूलों के खिलने के समय इसकी खूबसूरती अलग ही दिखाई देती है.

एक छोटी बातचीत ने खींचा यूजर्स का ध्यान

इस वीडियो को From the Hills of Nagaland नाम के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया है. पोस्ट में नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग को भी टैग किया गया. इसके जरिए राज्य में पर्यटन स्थलों को और विकसित करने तथा उनकी पहचान बढ़ाने की अपील की गई. वीडियो को सोशल मीडिया पर एक लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. यूजर्स को खासतौर पर यह बात पसंद आई कि देश के एक हिस्से से आए पर्यटक दूसरे हिस्से की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता की खुले दिल से तारीफ कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: दीदी खेल गईं…ज्वैलरी शॉप से महिला ने ऐसे साफ किया सोने पर हाथ