5 लोगों की फैमिली के लिए कितना बड़ा गीजर सही? जान लें फायदे की बात

5 लोगों की फैमिली के लिए कितना बड़ा गीजर सही? जान लें फायदे की बात


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • गीजर क्षमता परिवार, उपयोग के तरीके पर निर्भर है।
  • बाल्टी को 15-25, शावर के लिए 25-35 लीटर गीजर।
  • 5-स्टार BEE रेटिंग, खारे पानी हेतु टाइटेनियम टैंक चुनें।
  • 5-7 साल वारंटी, थर्मल कट-ऑफ सेफ्टी फीचर जांचें।

अक्टूबर का महीना लगभग खत्म होने की कगार पर है. अब सुबह शाम हवा में हल्की ठंड भी महसूस की जा सकती है. कई लोगों ने अपने घरों में गीजर का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. तो जिन लोगों के घर में गीजर नहीं है वह लोग नया गीज़र लाने की सोच रहे हैं. अगर आप भी सर्दियों में अपने घर में नया गीज़र खरीदने का प्लान कर रहे हैं.

तो पहले आपको यह जान लेना जरूरी है कि आपके परिवार के हिसाब से किस साइज का यानी कितने लीटर कैपेसिटी का गीजर सही रहेगा. कई बार लोग गलत कैपेसिटी वाला गीजर ले आते हैं और जिसके चलते बिजली खपत ज्यादा होती है. अगर आपके परिवार में 5 सदस्य हैं तो फिर समझ लीजिए कि कितने लीटर वाला गीजर आपकी फैमिली के लिए एकदम सही रहेगा.

5 लोगों के परिवार के लिए कितने लीटर गीजर सही?

अगर आपके घर में 5 सदस्य हैं. तो आपके लिए इंस्टेंट गीजर के बजाय स्टोरेज टैंक वाला गीजर ही सबसे बढ़िया काम करेगा. लेकिन यह कितने लीटर का होना चाहिए यह पूरी तरह से आपके नहाने के तरीके पर निर्भर करता है. अगर आपके घर में सभी लोग बाल्टी और मग से नहाना पसंद करते हैं. तो 5 लोगों की फैमिली के लिए 15 लीटर से लेकर 25 लीटर तक की कैपेसिटी वाला स्टोरेज गीजर एकदम सही रहेगा. 

दरअसल गीजर में पानी काफी तेज गर्म होता है और बाल्टी में ठंडा पानी मिलाकर इस्तेमाल करने से एक बार के गर्म पानी में तीन से चार लोग आराम से नहा सकते हैं. वहीं अगर आपके घर के बाथरूम में शावर का इस्तेमाल ज्यादा होता है और लोग लंबे समय तक शॉवर के नीचे खड़े होकर नहाते हैं. तो आपको कम से कम 25 लीटर से 35 लीटर वाला गीजर चाहिए. शावर में पानी लगातार बहता ह  इसलिए छोटे टैंक का गर्म पानी सिर्फ 10 मिनट में ही खत्म हो जाता है.

5 लोगों की फैमिली के लिए कितना बड़ा गीजर सही? जान लें फायदे की बात

अपने घर के हिसाब से कौन-सा चुनें?

अक्सर 5 लोगों के परिवार में 15 लीटर और 25 लीटर वाले गीजर को लेकर सबसे ज्यादा कन्फ्यूजन रहता है. इसे आप अपने परिवार के डेली रूटीन से समझ सकते हैं. मान लीजिए आपके घर में सुबह ऑफिस और स्कूल जाने की भागदौड़ रहती है और 5 लोगों को एक के बाद एक तुरंत नहाना होता है. तो 25 लीटर वाला गीजर ही घर लाएं. इसमें बार-बार गीजर ऑन करके पानी गर्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. 

लेकिन अगर घर में दो लोग सुबह जल्दी नहाते हैं और बाकी सदस्य थोड़ी देर बाद या दोपहर में नहाते हैं. तो 15 लीटर का गीजर भी आपका काम बहुत अच्छे से चला देगा.इससे आपको गीजर खरीदते वक्त शुरुआती कीमत में भी बचत होगी और छोटा टैंक होने की वजह से पानी भी बहुत जल्दी गर्म हो जाएगा. वहीं किचन में बर्तन धोने के लिए अलग से 3 या 5 लीटर का छोटा इंस्टेंट गीजर लगवाना ज्यादा सही होता है.

5 लोगों की फैमिली के लिए कितना बड़ा गीजर सही? जान लें फायदे की बात

यह भी पढ़ें: AI की ट्रेनिंग फिर शुरू, एजेंट्स को रोकने के लिए OpenAI ने काटा इंटरनेट!

गीजर खरीदते वक्त इन बातों पर ध्यान दें

सही साइज चुनने के साथ-साथ गीजर के कुछ फीचर्स को देखना भी आपके लिए बहुत फायदेमंद साबित होता है. सर्दियों में घर का सबसे ज्यादा बिजली बिल गीजर की वजह से ही आता है. इसलिए हमेशा 5-स्टार BEE रेटिंग वाला गीजर ही खरीदें. इसमें हाई-डेंसिटी इंसुलेशन की मोटी परत होती है जो एक बार पानी गर्म होने के बाद उसे घंटों तक ठंडा नहीं होने देती. इससे गीजर को बार-बार ऑन नहीं करना पड़ता और बिजली की अच्छी-खासी बचत होती है. 

इसके अलावा अगर आपके इलाके में खारा पानी यानी हार्ड वॉटर आता है तो नार्मल स्टील टैंक वाले गीजर के बजाय ग्लास-लाइंड या टाइटेनियम कोटिंग वाले टैंक का चुनाव करें. खारे पानी की वजह से नॉर्मल टैंक और हीटिंग एलिमेंट में बहुत जल्दी जंग लग जाता है और गीजर दो-तीन साल में ही लीक होने लगता है. इसके साथ ही खरीदने से पहले इनर टैंक पर कम से कम 5 से 7 साल की वारंटी और थर्मल कट-ऑफ जैसा सेफ्टी फीचर जरूर चेक कर लें.

यह भी पढ़ें: फोन अपडेट के बाद रीस्टार्ट करना न भूलें, वरना आ सकती है बड़ी दिक्कत