सच्ची मेहनत और संघर्ष का फल कभी न कभी जरूर मिलता है. मुंबई से एक ऐसा भावुक और दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर आपकी आंखों में भी आंसू आ जाएंगे. यहां महंगाई और तंगी के कारण बाइक न खरीद पाने वाले एक ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय को जब अचानक एक ब्रांड न्यू स्कूटी तोहफे में मिली, तो वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाया. यह खूबसूरत तोहफा देश के जाने-माने उद्योगपति अनंत अंबानी की संस्था ‘अनंत सेवा फाउंडेशन’ की तरफ से दिया गया है.
जब पूछा ‘बाइक क्यों नहीं लेते?’, तो छलक पड़ा दर्द
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और समाजसेवी हुसैन मंसूरी ने इंस्टाग्राम पर इस घटना का वीडियो शेयर किया है. वीडियो में दिखता है कि मुंबई की सड़कों पर सुजीत नाम का एक डिलीवरी बॉय कड़ाके की धूप में साइकिल चलाकर लोगों के घर सामान पहुंचा रहा था. हुसैन मंसूरी ने उसे रोककर प्यार से नाम पूछा और कहा कि तुम बाइक से डिलीवरी क्यों नहीं करते? इस पर सुजीत ने मजबूरी जताते हुए कहा, “सर, इतनी कम कमाई में बाइक कैसे खरीद पाएंगे, आजकल महंगाई बहुत बढ़ गई है.”
आंखों पर बांधी पट्टी और फिर… सरप्राइज देख लिपटकर रो पड़ा डिलीवरी बॉय
सुजीत की बात सुनकर हुसैन मंसूरी ने उससे अपना ऑर्डर डिलीवरी करके वापस आने को कहा और एक सरप्राइज देने का वादा किया. जैसे ही सुजीत अपना काम निपटाकर वापस लौटा, हुसैन ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और उसे लाल कपड़े से ढकी एक चीज के पास ले गए. पर्दा हटाते हुए हुसैन ने कहा, “यह अनंत अंबानी जी की तरफ से आपके लिए एक छोटा सा तोहफा है.” जैसे ही कपड़ा हटा, सामने ब्रांड न्यू इलेक्ट्रिक स्कूटी खड़ी थी. यह देखते ही सुजीत की आंखों से आंसुओं की धारा बह निकली. उसने तुरंत हुसैन मंसूरी को गले लगा लिया और बिलख-बिलख कर रोते हुए शुक्रिया अदा किया.
मुंबई के मेहनतकशों को बांट रहे हैं इलेक्ट्रिक गाड़ियां
खबरों के मुताबिक, यह कोई इकलौता तोहफा नहीं था. अनंत अंबानी के ‘अनंत सेवा फाउंडेशन’ ने राहुल कनाल और हुसैन मंसूरी के साथ मिलकर मुंबई के उन मेहनतकश लोगों की मदद करने का बीड़ा उठाया है, जो दिन-रात मेहनत करके इस शहर को चलाते हैं. इस पहल के तहत कई जरूरतमंद डिलीवरी एजेंट्स और कर्मचारियों को मुफ्त में इलेक्ट्रिक बाइक्स बांटी जा रही हैं. हुसैन मंसूरी इससे पहले भी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को राशन और जरूरत का सामान बांटकर चर्चा में आए थे.
यह भी पढ़ें: लाइव रिपोर्टिंग के दौरान समुद्री लहर की चपेट में आया पत्रकार, वीडियो वायरल
4 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा यह इमोशनल पल
यह इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तहलका मचा रहा है. अब तक इस वीडियो को 4.6 करोड़ (46 मिलियन) से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है. लोग कमेंट सेक्शन में अनंत अंबानी, हुसैन मंसूरी और उनकी टीम की दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर ऐसी सच्ची खुशी लाना ही असल मायने में सबसे बड़ा पुण्य का काम है.
यह भी पढ़ें: बच्चे को बचाने के लिए सब्जी वाले ने दांव पर लगा दी जान, लोग देखते रहे तमाशा





