कुदरत के करिश्मे और बेजुबानों के प्रति इंसानी हमदर्दी की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसे देखकर आपकी आंखें भर आएंगी. पश्चिम बंगाल के कर्सियांग के जंगलों से एक ऐसा भावुक वीडियो सामने आया है, जो सीधे लोगों के दिलों को छू रहा है. यहां एक हादसे के दौरान हाथी की मां और उसका छोटा सा बच्चा एक-दूसरे से बिछड़ गए थे. लेकिन वन विभाग की टीम ने हार नहीं मानी और 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नन्हें बच्चे को उसकी मां और पूरे झुंड से सही-सलामत मिला दिया. सोशल मीडिया पर इस रीयूनियन का वीडियो वायरल होते ही लोग इसे ‘कुदरत का सबसे खूबसूरत नजारा’ बता रहे हैं.
रेस्क्यू के दौरान बिछड़े मां-बेटे: पानी की टंकी में गिरे थे दोनों
भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी परवीन कसवां ने इस पूरे मामले की जानकारी और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है. उन्होंने बताया कि मां और उसका बच्चा दोनों पानी की एक गहरी टंकी में गिर गए थे. सूचना मिलते ही कर्सियांग वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को बाहर निकाला. लेकिन अफरा-तफरी के माहौल में नन्हा बच्चा जंगल के रास्ते भटक गया और अपनी मां से अलग हो गया. मां भी डर के मारे जंगल की ओर निकल गई, जिसके बाद वन कर्मियों ने ठान लिया कि वे इस नन्हें बच्चे को उसकी मां से मिलाकर ही रहेंगे.
What a beautiful video. A mother and calf fell into a water tank. Both were rescued but during rescue the calf got separated from mother. Kurseong division staff brilliantly tracked the mother. It took 7 hours but they reunited them. Reaction of mother in last !! Gods work.
— Parveen Kaswan, IFS (@ParveenKaswan) October 25, 2026
7 घंटे की ट्रैकिंग और फिर सामने आया जादुई पल
वन विभाग की टीम ने हार न मानते हुए जंगल में मां हाथी की लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया. करीब 7 घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार वो पल आ ही गया. वनकर्मियों ने बच्चे को बेहद सावधानी से जंगल की सीमा पर छोड़ा. बच्चा जैसे ही धीरे-धीरे घने पेड़ों की तरफ बढ़ा, सामने से एक विशालकाय हाथी आता दिखाई दिया. एक पल के लिए वह हाथी वापस मुड़ा और फिर तुरंत अपने पूरे झुंड के साथ बाहर आ गया. झुंड में से निकलकर मां सीधे अपने बच्चे के पास आई और उसे बड़े प्यार से अपने साथ जंगल की गहराई में ले गई.
यह भी पढ़ें: बच्चे को बचाने के लिए सब्जी वाले ने दांव पर लगा दी जान, लोग देखते रहे तमाशा
‘यह तो भगवान का काम है’: सोशल मीडिया पर वन कर्मियों की हुई जमकर तारीफ
IFS अधिकारी परवीन कसवां ने वीडियो शेयर करते हुए वन विभाग की टीम की मुस्तैदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने लिखा, “कितना खूबसूरत वीडियो है! मां को ढूंढने में 7 घंटे का वक्त लगा, लेकिन हमारी टीम ने दोनों को मिलाकर ही दम लिया. यह वाकई भगवान का काम है.” यह भावुक वीडियो इंटरनेट पर आते ही छा गया है और अब तक इसे 50 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है. कमेंट सेक्शन में लोग वन विभाग के कर्मचारियों की इंसानियत और मां-बच्चे के इस अनूठे प्यार को सलाम कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: लाइव रिपोर्टिंग के दौरान समुद्री लहर की चपेट में आया पत्रकार, वीडियो वायरल





