शनिवार सुबह खबरें आई थीं कि बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन के जुहू वाले बंगले पर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने कार्रवाई करते हुए इसके एक हिस्से को तोड़ दिया था. सोशल मीडिया पर तोड़फोड़ की तस्वीरें भी वायरल हुईं. हालांकि अब अजय देवगन की टीम ने इस मामले में स्पष्टीकरण दिया है. उनकी टीम ने बताया कि ये कार्रवाई उनके उस घर पर नहीं हुई है जहां वो अपनी फैमिली के साथ रहते हैं, बल्कि ये एक्शन उनकी एक दूसरी प्रॉपर्टी पर लिया गया था जो किराये पर दी गई है.
अजय देवगन की टीम ने अफवाहों पर लगाया विराम
अजय देवगन की टीम ने साफ किया कि जो प्रॉपर्टी चर्चा में है वो अजय देवगन का रेसिडेंशियल होम नहीं है, बल्कि ये उनकी एक अन्य प्रॉपर्टी है. हालांकि अजय की ये दोनों ही प्रॉपर्टी मुंबई के पॉश इलाके जुहू में ही स्थित है. हो सकता है कि इस वजह से लोगों को कन्फ्यूजन की स्थिति पैदा हुई हो.
एक्टर की टीम ने अपने एक बयान में कहा, ‘हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि जिस प्रॉपर्टी की चर्चा हो रही है वो अजय देवगन का घर नहीं है, बल्कि ये उनकी एक किराये पर दी गई दूसरी प्रॉपर्टी है. बीएमसी से एक प्रॉपर्टी के लिए जरूरी परमिशन्स मांगी गई थीं. हम उनके सभी जरूरी गाइडलाइंस, नियमों और कानूनों को फॉलो कर रहे हैं. वो सभी सुधार और बदलाव कर दिए गए हैं जो बीएमसी की जरूरत के हिसाब से होने थे.’
क्यों हुई अजय की प्रॉपर्टी पर तोड़फोड़’?
अजय की ये प्रॉपर्टी उनके और उनकी मां वीणा देवगन के नाम पर है. ये कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में है, जिसका कारपेट एरिया 7,802 वर्ग फुट है. इसे लेकर बीएमसी ने पिछले महीने एक्टर को ‘काम रोको’ नोटिस जारी करते हुए आरोप लगाया था कि इसमें बिना परमिशन लिए निर्माण और बदलाव किए जा रहे हैं.
इसके बाद 6 अक्टूबर को जारी हुए एक आदेश में बीएमसी की तरफ से संबंधित अधिकारी ने कहा था कि अब तक कोई जरूरी डॉक्यूमेंट्स और परमिशन जमा नहीं की गई. इसके बाद बीएमसी ने उस अवैध निर्माण को तोड़फोड़ करके गिरा दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक अजय की इस प्रॉपर्टी को कमर्शियली इस्तेमाल किया जाएगा. इसे लेकर आस-पास के लोगों ने पार्किंग और ट्रैफिक की समया एवं सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी. लेकिन, अजय की टीम के करीबी सूत्रों ने इस तरह की बातों को खारिज कर दिया था.





