भारत में त्योहार सिर्फ रस्मों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम भी करते हैं. यहां की रंगीन परंपराएं, संगीत और लोगों का उत्साह कई बार अनजान लोगों को भी अपना बना लेते हैं. ऐसा ही कुछ रोमानिया की एक महिला के साथ हुआ, जो मुंबई के एक मॉल में लोगों को गरबा करते देखकर भावुक हो गईं. वहां का माहौल उनके दिल को इस कदर छू गया कि उन्हें भारत छोड़ने का ख्याल सताने लगा, जिसके बाद उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
गरबा देख भावुक हो गईं विदेशी महिला
मुंबई के एक मॉल में नवरात्रि के दौरान लोग पूरे उत्साह के साथ गरबा कर रहे थे. कोई पारंपरिक कपड़ों में नजर आया तो कोई संगीत की धुन पर कदम मिलाता दिखा. इसी बीच रोमानिया की मारिया एलेक्जेंड्रा भी इस नजारे को देख रही थीं. उन्होंने इस पल का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर किया. मारिया के लिए यह सिर्फ लोगों को डांस करते देखने का अनुभव नहीं था. वहां मौजूद लोगों की खुशी और त्योहार को मनाने का तरीका उन्हें काफी पसंद आया. वीडियो में उन्होंने बताया कि इस माहौल को देखकर वह भावुक हो गईं. उनके मन में यह ख्याल आया कि जब वह भारत से जाएंगी, तो यहां के ऐसे पल उन्हें बहुत याद आएंगे.
यह भी पढ़ें : Tesla की उड़नपरी… फ्लाइंग कार देख उड़े यूजर्स के होश, बोले- मस्क भाई अलग दुनिया में
भारतीय त्योहारों की यह बात आई पसंद
भारत में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया की धूम रहती है. लोग दोस्तों और परिवार के साथ ही नहीं, बल्कि कई बार अनजान लोगों के बीच भी शामिल होकर त्योहार का आनंद लेते हैं. गरबा की खासियत यह है कि इसमें नृत्य के साथ मां दुर्गा की आराधना भी जुड़ी होती है. मारिया को भारतीय संस्कृति का यही मेल खास लगा, जहां लोग भक्ति और उत्सव को एक साथ जीते हैं. उनके लिए यह अनुभव भारत की उस खूबसूरती को समझने का मौका बना, जो सिर्फ ऐतिहासिक जगहों या मशहूर पर्यटन स्थलों में ही नहीं, बल्कि आम लोगों की जिंदगी में भी दिखाई देती है.
भारत से जुड़ाव का हुआ एहसास
मारिया ने अपने वीडियो के जरिए बताया कि इस घटना ने उन्हें याद दिलाया कि भारत से उन्हें इतना लगाव क्यों है. कभी-कभी रोजमर्रा की जिंदगी में मौजूद छोटी-छोटी चीजें ही किसी जगह को खास बना देती हैं. त्योहारों की रौनक, लोगों का साथ मिलकर खुशियां मनाना और संगीत पर थिरकना भी ऐसे ही अनुभव हैं.
यूजर्स की प्रक्रियाएं
उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आया. यूजर्स ने भारतीय संस्कृति और त्योहारों की खूबसूरती पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा कि भारत की खूबसूरती यहां के त्योहारों और लोगों के आपसी जुड़ाव में है. वहीं, दूसरे ने कहा कि गरबा सिर्फ डांस नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का प्रतीक है. इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि किसी देश से जुड़ाव सिर्फ वहां घूमने से नहीं, बल्कि वहां के लोगों और उनकी परंपराओं के बीच बिताए गए पलों से भी बनता है.
यह भी पढ़ें : बेटी के बर्थ डे के लिए ड्राइवर ने ट्रक को बना दिया क्लब हाउस, देखें वीडियो





