काले पड़ गए हैं स्विच बोर्ड? 2 मिनट में ऐसे चमकाएं

काले पड़ गए हैं स्विच बोर्ड? 2 मिनट में ऐसे चमकाएं


How To Clean Electric Switchboard At Home: घर की सफाई करते समय हम फर्श, फर्नीचर, किचन और दूसरी चीजों पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन स्विच बोर्ड अक्सर नजरअंदाज हो जाते हैं. रोजाना इस्तेमाल होने की वजह से स्विच बोर्ड के साथ-साथ उसके आसपास की जगह पर भी धूल, गंदगी और हाथों के निशान जमा होते रहते हैं. कुछ समय बाद यहां काले या गंदे निशान दिखाई देने लगते हैं. इससे साफ-सुथरा घर भी थोड़ा गंदा नजर आने लगता है.

स्विच बोर्ड के आसपास पड़ने वाले इन निशानों की एक बड़ी वजह रोजाना होने वाला इस्तेमाल है. स्विच ऑन या ऑफ करते समय हाथों से तेल और गंदगी बोर्ड और उसके आसपास की सतह पर लग जाती है. इसके बाद धूल आसानी से उस जगह चिपकने लगती है. लंबे समय तक सफाई न होने पर यही गंदगी काले निशान जैसी दिखाई देने लगती है.

अगर आप दिवाली की सफाई कर रहे हैं, तो सिर्फ स्विच बोर्ड को साफ करने के बजाय उसके आसपास की जगह पर भी ध्यान दें. हालांकि, सफाई करते समय जल्दबाजी करना ठीक नहीं है. स्विच बोर्ड के आसपास का हिस्सा साफ करते समय भी बिजली से जुड़ी सावधानी रखना जरूरी है.

Switchboard Cleaning Tips: काले पड़ गए हैं स्विच बोर्ड? 2 मिनट में ऐसे चमकाएं

स्विच बोर्ड के आसपास की जगह ऐसे करें साफ

सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद कर दें. इसके बाद एक सूखा या हल्का नम कपड़ा लेकर स्विच बोर्ड के आसपास की धूल साफ करें. कपड़ा बहुत ज्यादा गीला न हो. अगर आसपास की सतह पर पुराने काले निशान हैं, तो कपड़े पर थोड़ी सी सफाई सामग्री लगाकर उस हिस्से को धीरे-धीरे साफ किया जा सकता है. जहां उंगलियों के निशान या चिकनाई ज्यादा जमा हो, वहां मुलायम कपड़े से हल्के हाथ से सफाई करें. कोनों में जमा धूल को हटाने के लिए सूखा मुलायम ब्रश इस्तेमाल किया जा सकता है. सफाई करते समय पानी या किसी लिक्विड को सीधे स्विच बोर्ड या उसके किनारों पर न डालें.

टूथपेस्ट से हटाएं हल्के दाग

अगर स्विच बोर्ड या उसके आसपास की सतह पर हल्की गंदगी, दाग या पीलेपन जैसा निशान दिखाई दे रहा है, तो सादा सफेद टूथपेस्ट इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए थोड़ी मात्रा में टूथपेस्ट लें और पुराने टूथब्रश या मुलायम कपड़े की मदद से दाग वाली जगह को धीरे-धीरे साफ करें. बहुत ज्यादा रगड़ने से बचें, खासकर अगर आसपास की सतह पर पेंट या कोई खास फिनिश है. सफाई के बाद सूखे कपड़े से जगह को अच्छी तरह पोंछ दें. रंगीन या जेल वाला टूथपेस्ट इस्तेमाल करने से बचना बेहतर है.

Switchboard Cleaning Tips: काले पड़ गए हैं स्विच बोर्ड? 2 मिनट में ऐसे चमकाएं

नींबू और नमक का इस्तेमाल

जिद्दी गंदगी के लिए नींबू और नमक का इस्तेमाल भी किया जाता है. नींबू गंदगी को ढीला करने में मदद करता है, जबकि नमक हल्के स्क्रब की तरह काम करता है. लेकिन इसे इस्तेमाल करते समय सावधानी जरूरी है. नींबू का रस या कोई भी लिक्विड सीधे स्विच बोर्ड पर न डालें. बिजली बंद करने के बाद ही आसपास की सतह पर बहुत कम मात्रा में इस्तेमाल करें और सफाई के बाद उस जगह को पूरी तरह सूखा कर दें. किसी भी तरह की नमी स्विच, सॉकेट या इलेक्ट्रिकल हिस्से के अंदर नहीं जानी चाहिए.

इसे भी पढ़ें: Soft Roti Making Tips: तवे पर नहीं फूलती रोटी? गुब्बारे जैसी फुलाने का जादुई हैक

नेल पॉलिश रिमूवर से रहें सावधान

कुछ निशान जैसे स्याही के दाग या पुराने स्कफ मार्क आसानी से नहीं निकलते. ऐसे में नेल पॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें मौजूद एसीटोन कुछ दागों को हटाने में मदद कर सकता है, लेकिन इसे हर सतह पर इस्तेमाल करना सही नहीं है. एसीटोन प्लास्टिक, पेंट या किसी खास फिनिश को नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए इसे इस्तेमाल करने से पहले किसी छोटी और छिपी हुई जगह पर टेस्ट करना जरूरी है. इसे स्विच, सॉकेट या किसी इलेक्ट्रिकल हिस्से के अंदर बिल्कुल न जाने दें.

सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

स्विच बोर्ड और उसके आसपास की जगह साफ करते समय सबसे जरूरी चीज सुरक्षा है. सफाई शुरू करने से पहले बिजली की सप्लाई बंद करें. गीले हाथों से स्विच बोर्ड को न छुएं और गीली जगह पर खड़े होकर सफाई न करें. स्विच, प्लग या सॉकेट के पास गीला कपड़ा इस्तेमाल करने से बचें. किसी भी लिक्विड को सीधे स्विच बोर्ड पर स्प्रे या न डालें. सफाई के बाद बोर्ड और उसके आसपास की जगह पूरी तरह सूख जाए, तभी बिजली की सप्लाई दोबारा चालू करें. अगर स्विच बोर्ड के आसपास सिर्फ धूल और सामान्य गंदगी नहीं, बल्कि जलने के निशान दिखाई दे रहे हैं, स्विच गर्म हो रहा है, जलने की गंध आ रही है या चिंगारी जैसी कोई समस्या हो रही है, तो उसे खुद साफ करने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में बिजली बंद करके इलेक्ट्रिशियन से जांच करवाना बेहतर है.

इसे भी पढ़ें: How To Fix Undercooked Rice: अधपके चावल को फेंकने की न करें भूल! 5 मिनट में ऐसे करें ठीक