रिलायंस इंडस्ट्रीज के डिजिटल और टेलीकॉम कारोबार Jio प्लेटफॉर्म्स का IPO (आईपीओ) 21 अक्टूबर 2026 को खुलने वाला है. कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब 30,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं. ये भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है. इसके एक लॉट में 12 शेयर होंगे और ऊपरी कीमत के हिसाब से एक लॉट के लिए 13,428 रुपये चाहिए होंगे.
अगर आप भी Jio के शेयर खरीदने के बारे में सोच रहे हैं, इससे पहले जान लें इसके बारे में 10 जरूरी बातें, जिसमें शेयर की कीमत, निवेश की रकम और कंपनी की कमाई से जुड़ी जरूरी बातें होंगी.
कब खुलेगा Jio का IPO?
Jio Platforms का IPO 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक खुला रहेगा. बड़े संस्थागत निवेशकों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 19 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी. IPO खुलने की तारीख 21 अक्टूबर 2026 है, तो वहीं आखिरी तारीख 23 अक्टूबर 2026 होगी. इसके शेयर अलॉटमेंट की तारीख 26 अक्तूबर बताई जा रही है. तो वहीं शेयर बाजार में लिस्टिंग की 28 अक्तूबर तक होगी.
कितने करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी?
कंपनी इस IPO के जरिए करीब 30,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटा सकती है. ऊपरी कीमत पर कुल इश्यू का साइज करीब 30,213 करोड़ रुपये होगा. इसके साथ Jio प्लेटफॉर्म्स का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 10.3 लाख करोड़ रुपये हो सकता है.
कितनी होगी शेयर की कीमत?
कंपनी ने एक शेयर की कीमत 1,065 रुपये से 1,119 रुपये के बीच तय की है. इसे प्राइस बैंड कहा जाता है. निवेशकों को इसी दायरे में शेयर के लिए बोली लगानी होगी.
एक लॉट कितने का होगा?
इस IPO में एक लॉट में 12 शेयर होंगे. अगर आप सबसे ऊंची कीमत यानी 1,119 रुपये प्रति शेयर पर आवेदन करते हैं, तो एक लॉट के लिए 13,428 रुपये लगाने होंगे.
ये है भारत का बसे बड़ा IPO?
जी हां! अगर इश्यू अपने अनुमानित आकार पर आता है, तो ये भारत का सबसे बड़ा IPO बन सकता है. इससे पहले अक्टूबर 2024 में ह्युंडई मोटर इंडिया का करीब 27,856 करोड़ रुपये का IPO सबसे बड़ा था.
IPO से मिले पैसों का क्या करेगी Jio?
कंपनी की योजना जुटाई गई रकम का बड़ा हिस्सा अपनी टेलीकॉम इकाई रिलायंस जियो इंफोकॉम के कर्ज को चुकाने या कम करने में इस्तेमाल करने की है. इसके अलावा, कुछ रकम बाकी कारोबारी जरूरतों और भविष्य के विकास पर खर्च की जाएगी.
शेयरधारकों को मिलेगा फायदा?
जियो प्लेटफॉर्म्स की प्रमुख मालिक कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है. इसके अलावा गूगल और मेटा जैसी बड़ी कंपनियों की भी जियो में हिस्सेदारी है. इस IPO में मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेच नहीं रहे हैं. कंपनी नए शेयर जारी करके पैसा जुटाएगी. इसका मतलब है कि IPO से मिलने वाली रकम कंपनी को मिलेगी.
रिलायंस के शेयर होल्डर्स और कर्मचारियों के लिए क्या है खास?
IPO में रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों और जियो के पात्र कर्मचारियों के लिए अलग से शेयर बचाकर रखे गए हैं. रिलायंस के पात्र शेयरधारकों के लिए 2,500 करोड़ रुपये के शेयर हैं. पात्र कर्मचारियों के लिए 500 करोड़ रुपये के शेयर बचाकर रखे गए हैं. हालांकि इसके लिए संबंधित नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा.
Jio की कमाई कितनी बढ़ी?
वित्त वर्ष 2025-26 में जियो प्लेटफॉर्म्स की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी का परिचालन राजस्व 14.6% बढ़कर 1,46,885 करोड़ रुपये हो गया. EBITDA यानी ब्याज, टैक्स और अन्य निर्धारित खर्चों से पहले की कमाई 18.8% बढ़कर 76,255 करोड़ रुपये रही. कंपनी का शुद्ध मुनाफा 15.1% बढ़कर 30,049 करोड़ रुपये हो गया. ये आंकड़े बताते हैं कि कंपनी की कमाई और मुनाफे में वृद्धि हुई है.
IPO में निवेश करना फायदेमंद होगा?
जियो के IPO को लेकर निवेशकों में काफी दिलचस्पी है. हालांकि, किसी बड़े IPO में निवेश करना अपने आप में मुनाफे की गारंटी नहीं होता. निवेश करने से पहले आपको कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए, जैसे कंपनी की कमाई, कर्ज और भविष्य की योजनाओं को समझें. शेयर की कीमत के मुकाबले कंपनी का मूल्यांकन देखें. अपनी जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से फैसला लें.
ये भी पढ़ें: IDBI बैंक बिका, अब खातों में जमा ग्राहकों के पैसे का क्या होगा?





