शराब से भरा ट्रक पलटा, बोतलें लूटने उमड़ी भीड़! बिहार से सामने आया वीडियो

शराब से भरा ट्रक पलटा, बोतलें लूटने उमड़ी भीड़! बिहार से सामने आया वीडियो


बिहार में शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाता एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला नजारा सामने आया है. अररिया-रानीगंज मार्ग पर खरहट टोल प्लाजा के पास शराब से भरा एक मिनी ट्रक बेकाबू होकर पलट गया. हादसा होते ही सड़क पर दर्जनों शराब की बोतलें बिखर गईं, जिसके बाद जो हुआ उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. एक्सीडेंट की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से लोग मदद करने के बजाय बोतलें लूटने के लिए टूट पड़े. जिसे जितनी बोतलें मिलीं, वह उठाकर रफूचक्कर हो गया. इस पूरी लूटपाट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राज्य में साल 2016 से लागू शराबबंदी कानून की पोल खोलकर रख दी है.

हादसा होते ही मची लूट, जिसको जो मिला बोतल उठाकर भागा

अररिया के खरहट टोल प्लाजा के पास हुए इस हादसे के तुरंत बाद सड़क पर शराब का दरिया बह निकला. स्थानीय लोगों ने जब देखा कि पलट चुके मिनी ट्रक में कोई और सामान नहीं बल्कि अवैध शराब की पेटियां भरी हुई हैं, तो लोगों की नीयत फिसल गई. बिना किसी डर के भीड़ गाड़ियों और पैदल ही मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई. कोई जेबों में बोतलें ठूंसता दिखा, तो कोई हाथों में पूरी पेटी ही उठाकर भागता नजर आया. हादसे की जगह पर मदद करने के बजाय लोग शराब की बोतलों पर झपटते दिखाई दिए.

पुलिस ने गाड़ियों को किया जब्त, जांच में जुटी टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आधी से ज्यादा शराब की बोतलें साफ हो चुकी थीं. पुलिस ने आनन-फानन में दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और बची हुई शराब जब्त कर ली. शुरुआती जांच से पता चला है कि यह बिहार में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही शराब की एक बड़ी खेप थी. पुलिस अब गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक और तस्करों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है.

यह भी पढ़ें: बारिश होते ही बेंगलुरू में 1200 के पार पहुंचा ऑटो किराया, इंटरनेट पर मचा बवाल

2016 से लागू शराबबंदी पर फिर उठे गंभीर सवाल

बिहार में अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन इस तरह की घटनाएं बार-बार कानून-व्यवस्था और प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े करती हैं. सोशल मीडिया पर इस वीडियो के सामने आने के बाद यूजर्स बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन को जमकर ट्रोल कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब शराब पूरी तरह बैन है, तो मिनी ट्रक भरकर बोतलें सड़कों पर कैसे दौड़ रही थीं? एक यूजर ने लिखा…आइए न हमरा बिहार में. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…खाली नाम की शराबबंदी लग रही है.

यह भी पढ़ें: कचरा छोटा, सीख बड़ी… दादर स्टेशन पर यात्रियों ने बैग में रखा कूड़ा