30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ 1073 दुबई से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी. इसी बीच कॉकपिट में को- पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित माछर ने फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई. अब स्मित माछर की पूरी दुनिया तारीफ कर रही है. साथ ही फ्लाईदुबई एयरलाइंस के बारे में भी लोग काफी ज्यादा सर्च कर रहे हैं.
घटना के बाद से ही फ्लाईदुबई की चर्चा है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्लाईदुबई कोई छोटी-मोटी एयरलाइन नहीं है बल्कि दुबई की बड़ी सरकारी विमानन कंपनियों में से एक है. ये एयरलाइन पिछले 17 साल से यात्रियों को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचा रही है. आइए जानते हैं कि फ्लाईदुबई कहां की कंपनी है, इसकी शुरुआत कब हुई और आज ये कितनी बड़ी एयरलाइन बन चुकी है.
कहां की कंपनी है फ्लाईदुबई?
फ्लाईदुबई संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE की एयरलाइन है और इसका मुख्यालय दुबई में ही है. कंपनी का ऑफिशियल नाम दुबई एविएशन कॉर्पोरेशन है और इसे आम तौर पर फ्लाईदुबई नाम से जाना जाता है.
ये एयरलाइन पूरी तरह से दुबई सरकार की है. इसकी स्थापना 2008 में हुई थी, जबकि एयरलाइन ने जून 2009 में अपनी पहली उड़ान शुरू की थी. इसका मकसद दुबई से ऐसे बाजारों को जोड़ना भी रहा है, जहां सीधे हवाई संपर्क बहुत कम या बिल्कुल नहीं था.
कितनी बड़ी है फ्लाईदुबई?
फ्लाईदुबई का नेटवर्क पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है. सितंबर 2026 तक कंपनी 56 देशों में 125 से ज्यादा डेस्टिनेशन के लिए उड़ानें संचालित कर रही थी. एयरलाइन औसतन करीब 2,200 फ्लाइट्स हर हफ्ते चलाती है.
कंपनी के मुताबिक, 2009 में ऑपरेशन शुरू करने के बाद से फ्लाईदुबई अब तक 13.7 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को सफर करा चुकी है. यानी ये सिर्फ दुबई और आसपास के देशों तक लिमिटेड एयरलाइन नहीं है, बल्कि इसका नेटवर्क कई महाद्वीपों तक भी फैला हुआ है.
कितने विमान हैं कंपनी के पास?
फ्लाईदुबई का बेड़ा फिलहाल 98 बोइंग 737 विमानों का है. कंपनी एक ही तरह के एयरक्राफ्ट यानी Boeing 737 family पर अपना ऑपरेशन चलाती है. इसके बेड़े में 25 Boeing 737- 800, 69 Boeing 737 MAX 8, 4 Boeing 737 MAX 9 शामिल हैं.
हालांकि, कंपनी का फोकस सिर्फ बेड़े तक नहीं है. 2023 के दुबई एयरशो में फ्लाईदुबई ने पहली बार वाइड-बॉडी विमान के लिए ऑर्डर दिया था. कंपनी ने 30 Boeing 787-9 Dreamliner का ऑर्डर दिया है.
कितना मुनाफा कमा रही है कंपनी?
ऑर्थिक रूप से फ्लाईदुबई काफी मजबूत कंपनी है. कंपनी की ऑफिशयल वेबसाइट पर ये बताया गया है कि 31 दिसंबर 2024 को खत्म होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए AED 2.5 बिलियन यानी USD 674 मिलियन का टैक्स-पूर्व मुनाफा दर्ज किया गया है. ये 2023 की तुलना में 16% ज्यादा है. वहीं, सालाना रेवेन्यू भी 15% बढ़कर AED 12.8 अरब (USD 3.5 अरब) हो गया है.
कितने यात्रियों को लेकर उड़ती है फ्लाईदुबई?
फ्लाईदुबई का कारोबार सिर्फ डेस्टिनेशन की संख्या में ही बड़ा नहीं है. 2025 में एयरलाइन ने रिकॉर्ड 1.57 करोड़ यात्रियों को सफर कराया. ये 2024 के मुकाबले यात्री संख्या में बढ़ोतरी थी.
कंपनी ने 2025 में 13.6 अरब UAE दिरहम, यानी करीब 3.7 अरब डॉलर का कुल टैक्स दर्ज किया है. इसी साल कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा करीब 2.2 अरब दिरहम यानी 591 मिलियन डॉलर रहा है. यानी कारोबार के लिहाज से भी फ्लाईदुबई एक बड़ी इंटरनेशनल एयरलाइन बन चुकी है.
एमिरेट्स से क्या है कनेक्शन?
फ्लाईदुबई और एमिरेट्स अलग-अलग एयरलाइंस हैं, लेकिन दोनों के बीच साझेदारी है. दोनों कंपनियों के नेटवर्क को जोड़ने की वजह से यात्रियों को दुबई के जरिए कई जगहों तक कनेक्टिविटी मिलती है. फ्लाईदुबई के मुताबिक, उसके कुछ कोडशेयर फ्लाइट्स के यात्रियों को दुबई एयरपोर्ट के जरिए एमिरेट्स के नेटवर्क से भी कनेक्शन मिलता है.
लो-कॉस्ट एयरलाइन है फ्लाईदुबई?
फ्लाईदुबई की शुरुआत कम लागत वाली एयरलाइन के तौर पर हुई थी, लेकिन समय के साथ इसका नेटवर्क और बिजनेस मॉडल काफी बड़ा हुआ है. कंपनी अब सिर्फ सस्ती उड़ानों तक सीमित नहीं है.
इसका नेटवर्क अफ्रीका, मध्य एशिया, काकेशस, यूरोप, मिडिल ईस्ट, साउथ एशिया और साउथईस्ट एशिया तक फैला हुआ है. कंपनी ने 100 से ज्यादा ऐसे नए रूट भी खोले हैं, जहां पहले दुबई के लिए सीधी हवाई कनेक्टिविटी नहीं थी.
छठ- दीवाली से पहले फ्लाइट टिकट महंगे होना तय, लगातार तीसरे महीने बढ़े ATF के दाम





