Flydubai Flight में मचा हड़कंप, सुरक्षित उतरते ही तालियों से गूंजा विमान

Flydubai Flight में मचा हड़कंप, सुरक्षित उतरते ही तालियों से गूंजा विमान


हजारों फीट ऊपर उड़ता विमान, चारों तरफ आसमान और अचानक कुछ ऐसा हुआ कि यात्रियों के बीच बेचैनी फैल गई. कुछ देर पहले तक सफर बिल्कुल सामान्य था, लेकिन फिर हालात ऐसे बदले कि हर किसी की नजर फ्लाइट के अंदर और बाहर होने वाली हलचल पर टिक गई.

दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की इस फ्लाइट का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में जो नजारा दिख रहा है, उसमें यात्री तालियां बजाते और राहत में खुशी जाहिर करते नजर आ रहे हैं. लेकिन सवाल ये है कि आखिर कुछ देर पहले विमान में ऐसा क्या हुआ था, जिसके बाद यात्रियों के लिए ये पल इतना खास बन गया?

 तालियों वाला ये वीडियो आखिर किस फ्लाइट का है?

वायरल हो रहा यह वीडियो Flydubai की उस फ्लाइट का बताया जा रहा है, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी. वीडियो में विमान के अंदर यात्री तालियां बजाते और खुशी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह नजारा फ्लाइट के सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतरने के बाद का है. कुछ देर पहले जिस सफर को लेकर यात्रियों में डर का माहौल था, सुरक्षित लैंडिंग के बाद वही केबिन तालियों और खुशी की आवाजों से गूंजता नजर आया. वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोग लगातार चर्चा कर रहे हैं.

 

यह भी पढ़ें : सीएम विजय को गले लगाने की जिद में बीच सड़क पर लेटी महिला, वीडियो वायरल

हवा में अचानक आया हाइजैक का अलर्ट, फिर मचा हड़कंप

फ्लाइट के दौरान विमान से पहले इमरजेंसी सिग्नल और फिर 7500 कोड एक्टिव होने की जानकारी सामने आई. एविएशन में 7500 कोड को विमान में संभावित गैरकानूनी दखल या हाइजैकिंग के संकेत के तौर पर देखा जाता है. इसके बाद इजरायल की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हुईं और विमान को तबुक की ओर मोड़ दिया गया. रिपोर्टों के मुताबिक इजरायली लड़ाकू विमानों को भी स्थिति पर नजर रखने के लिए भेजा गया था. हालांकि बाद में इजरायली अधिकारियों ने कहा कि इसे हाइजैकिंग की घटना नहीं माना गया और पायलटों के बीच झड़प को घटना से जोड़ा गया.

वीडियो देखकर लोग बोले- ये तालियां सिर्फ खुशी की नहीं

वीडियो सामने आने के बाद लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा यात्रियों के रिएक्शन पर जा रहा है. सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि विमान के अंदर गूंजती ये तालियां उस डर से बाहर निकलने की राहत दिखाती हैं. एक यूजर ने लिखा, इन तालियों के पीछे कितना डर छिपा होगा, सोच भी नहीं सकते. दूसरे ने कहा, जब फ्लाइट सुरक्षित जमीन पर उतरती है, तब हर यात्री की पहली सांस ही सबसे बड़ी राहत होती है. वहीं एक और रिएक्शन आया,कुछ देर पहले हड़कंप और अब पूरा विमान तालियों से गूंज रहा है. वीडियो के इसी हिस्से ने लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है.

कॉकपिट में पायलटों के बीच झड़प की बात आई सामने

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली जानकारी कॉकपिट से सामने आई. कई रिपोर्टों में पायलटों के बीच हिंसक झड़प की बात कही गई है. कुछ रिपोर्टों में एक पायलट पर हमला होने और विमान के कंट्रोल को लेकर संघर्ष की बात भी सामने आई. वहीं एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने दावा किया कि बड़ी दुर्घटना टल गई और यात्रियों ने स्थिति संभालने में मदद की. दूसरी ओर, फ्लाईदुबई ने आधिकारिक तौर पर फिलहाल इतना कहा है कि फ्लाइट में एक घटना हुई और विमान तबुक में सुरक्षित उतरा, सभी यात्री सुरक्षित हैं. इसलिए कॉकपिट में वास्तव में क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी.

यह भी पढ़ें : Swiggy डिलीवरी बॉय से रेस्टोरेंट मालिक बना शख्स, वायरल हुई कहानी