मेकअप काउंटर से बेबी सीट तक, जापान के वॉशरूम्स ने जीता भारतीयों का दिल

मेकअप काउंटर से बेबी सीट तक, जापान के वॉशरूम्स ने जीता भारतीयों का दिल


जापान की टेक्नोलॉजी और वहां की सफाई के किस्से तो आपने खूब सुने होंगे, लेकिन इस देश की सबसे हैरान कर देने वाली बात कोई बुलेट ट्रेन या बड़े-बड़े रोबोट्स नहीं, बल्कि यहां के पब्लिक टॉयलेट्स हैं. जी हां, भारतीय कंटेंट क्रिएटर अंकिता सहगल हाल ही में जब जापान पहुंचीं, तो वहां के वॉशरूम्स देखकर इतनी भावुक हो गईं कि उनका वीडियो देखते ही देखते इंटरनेट पर तहलका मचाने लगा. अंकिता ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर दिखाया कि कैसे जापान ने अपने नागरिकों और टूरिस्ट्स की छोटी-से-छोटी जरूरतों का ख्याल इतनी बारीकी से रखा है, जिसे देखकर कोई भी कह उठेगा “काश, हमारे देश में भी ऐसा होता.”

मेकअप करने के लिए अलग काउंटर, ताकि कोई लाइन में न फंसा रहे

अंकिता सहगल ने अपने वीडियो में दिखाया कि जापान के पब्लिक टॉयलेट्स में सिर्फ पॉट और सिंक नहीं होते, बल्कि वहां महिलाओं के लिए एक खास ‘मेकअप कॉर्नर’ बना होता है. जगह भले ही कम हो, लेकिन अलग से शीशा और काउंटर दिया जाता है. इसका मकसद यह है कि जो महिलाएं सिर्फ टच-अप या मेकअप ठीक करने आई हैं, वे वॉशरूम का इस्तेमाल करने वालों की राह न रोकें. इतने छोटे से स्पेस मैनेजमेंट को देखकर अंकिता हैरान रह गईं.

मां के लिए राहत! बच्चा टॉयलेट में आराम से बैठेगा, गिरेगा नहीं

अगर आप कभी छोटे बच्चे के साथ अकेले पब्लिक टॉयलेट गए हैं, तो आप समझ सकते हैं कि बच्चे को संभालते हुए खुद वॉशरूम यूज करना कितना बड़ा सिरदर्द होता है. जापान ने इस मजबूरी का भी तोड़ निकाल लिया है. वहां टॉयलेट के अंदर दीवार से सटी एक छोटी सी ‘बेबी सीट’ बनी होती है. मां अपने बच्चे को उसमें सुरक्षित बैठा सकती है, बेल्ट लगा सकती है और बिना किसी डर के खुद फ्रेश हो सकती है. अंकिता ने इसे माँओं के लिए सबसे बड़ा वरदान बताया.

फ्लश के पास नीचे बनी वो रहस्यमयी प्लेट! आखिर किस काम आती है?

वीडियो का सबसे मजेदार हिस्सा वो था जब अंकिता ने टॉयलेट की दीवार पर नीचे की तरफ लगी एक फोल्डिंग प्लेट देखी. पहली नज़र में उन्हें लगा कि यह शायद बहुत नीचे बनी ‘डायपर चेंजिंग टेबल’ है, लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं. दरअसल, वह कपड़े बदलने का बोर्ड (Changing Board) था. अगर वॉशरूम का फर्श गीला हो या गंदा हो, तो आप उस प्लेट को नीचे गिराकर उस पर नंगे पैर खड़े हो सकते हैं और बिना अपने कपड़े या पैर गंदे किए आसानी से कपड़े बदल सकते हैं.

यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन के एसी कोच में शीशा तोड़ अंदर घुसा पत्थर, होश उड़ा देगा वीडियो

“कोई देश अपने लोगों के बारे में इतना कैसे सोच सकता है?”

वीडियो के आखिर में अंकिता सहगल काफी इमोशनल हो गईं और उन्होंने कहा कि समझ नहीं आता कि यह देश अपने नागरिकों और टूरिस्ट्स के बारे में इतना कैसे सोच लेता है. अंकिता का यह वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘My most favourite part of Japan is their bathroom!’ कैप्शन के साथ तेज़ी से वायरल हो रहा है. लोग इस वीडियो पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं और कह रहे हैं कि असली विकास बड़ी-बड़ी इमारतों से नहीं, बल्कि ऐसे नागरिक सुविधाओं से झलकता है.

यह भी पढ़ें: बप्पा की भक्ति में डूबी तेलंगाना पुलिस, विसर्जन के दौरान लगाए ठुमके; देखें वीडियो