- मंडियों में आवक कम; त्योहारों में कीमतें और बढ़ेंगी।
त्योहारी सीजन की आहट के साथ ही राजधानी दिल्ली समेत देश भर में एक बार फिर से सब्जियों के दाम बढ़ने लगे हैं. बीते एक महीने में ही सब्जियों की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक कि बढ़ोतरी हो गयी है, वहीं फलों की कीमतें आसमान छूती नजर आ रही हैं जिसका सीधा और सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्गीय परिवारों के बजट पर पड़ रहा है और लोगों को जहां सब्जियों-फलों की खरीदारी में राशनिंग करनी पड़ रही है तो वहीं, दूसरी तरफ अन्य खर्चो में भी कटौती करने को मजबूर होना पड़ रहा है.
आलू-प्याज की कीमतें भी बढ़ी
सब्जियों की लगातार बढ़ रही कीमतें इस मौसम में भी दिल्ली वालों के माथे पर पसीना निकाल रही हैं. आलम यह है कि, हर दिन घरों में इस्तेमाल होने वाले आलू-प्याज की कीमतें भी बीते समय से ऊंची कीमतों पर बिक रही है. वहीं हरी सब्जियों की कीमतों में भी भारी उछाल आया है. अगर औसत की बात करें तो सभी सब्जियों की कीमतें लगभग डेढ़ से दोगुने तक बढ़ गयी हैं.
मंडियों में ये रही सब्जियों की कीमतें
सब्जियों की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर जब एबीपी लाईव की टीम ने सब्जी विक्रेताओं से बात की तो उन्होंने बताया कि, खुदरे बाजार में टमाटर 40 से 60 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिक रही है, वहीं, कुछ दिनों पहले तक 30-40 रुपये किलो बिक रही प्याज की कीमत बढ़कर 80 प्रति किलो तक पहुंच गई है.अदरक और लहसुन के दाम भी खूब चढ़े हुए हैं. अदरक 240 प्रति किलों के आस-पास बिक रहा है.अन्य हरी सब्जियां भिंडी, खीरा और टिंडा जैसी सब्जियों के थोक और खुदरा भाव में भी भारी तेजी देखने को मिल रही है.
बात करें थोक और खुदरा दरों की तो, 12 रुपये किलो की दर से थोक में बिक रहा आलू खुदरा बाजारों में पहुंचते-पहुंचते 20 रुपये किलो तक पहुंच रहा है. 36-45 रुपये किलो थोक में बिक रहा प्याज खुदरा में 75-80 रुपये किलो मिल रहा है. टमाटर थोक में 23-25 जबकि खुदरा में 40-60, बिन्स थोक में 28 और खुदरा बाजार में 50 से 60, थोक भाव में 20 रुपये किलो बिकने वाला बैंगन खुदरा में 40 से 60, पत्ता गोभी 15 रुपये थोक और खुदरा में 40, थोक में 30 की मिल रही फूलगोभी 60-80 रुपये किलो की दर से बिक रहा है.
मंडी विक्रेताओं की मानें तो, महंगाई के मुख्य कारण खराब मौसम और बारिश हैं, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा और सप्लाई बाधित हुई है. मंडियों में हरी सब्जियों की आवक कम होने से कीमतों में यह उछाल आया है. सम्भव है कि, त्योहारों में मांग बढ़ने पर आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा देखने को मिल सकता है.
बाजार में आज कोई भी सब्जी सस्ती नहीं
खरीदारी करने पहुंचे महिलाओं का कहना है कि बाजार में आज कोई भी ऐसी सब्जी नहीं हैं, जिसके दर समान्य हो. सीजनल गोभी आने लगे हैं, बावजूद उसके, अभी भी गोभी के दाम 60 से 80 रुपए किली तक बने हुए है. जबकि, सरसो एवं पालक के साग 100 रुपए किलो से ऊपर बिक रहे है. वहीं, नींबू की कीमत आसमान पर पहुंचते हुए 500 से 700 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है. हरी धनिया का पत्ता 350 रुपए किलो है. सब्जियों की ये बढ़ी कीमतें उनके घर का बजट बिगाड़ रही हैं.
छठ-दीवाली से पहले संभले सोने के दाम, 2 दिनों की गिरावट के बाद आज फिर चमका गोल्ड





