9000mAh बैटरी वाला फोन कितना दमदार, जानें किसके लिए यह फोन बेस्ट?

9000mAh बैटरी वाला फोन कितना दमदार, जानें किसके लिए यह फोन बेस्ट?


9000mAh की बड़ी Silicon-Carbon बैटरी POCO X8 का एक्स फैक्टर जरूर है, लेकिन कंपनी का दांव सिर्फ बैटरी पर नहीं है. 6.83 इंच की 1.5K AMOLED स्क्रीन, 120Hz रिफ्रेश रेट, Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर, 67W फास्ट चार्जिंग और IP66/IP68/IP69/IP69K जैसी कई सिक्योरिटी रेटिंग इस स्मार्टफोन को दमदार बनाती हैं. क्या 29,999 रुपये में आने वाली यह डिवाइस आपके लिए परफेक्ट है, जानते हैं इस रिव्यू में…

डिजाइन मजबूत, लेकिन हैंडी नहीं 

POCO X8 का डिजाइन उन लोगों के लिए है, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल में मजबूत स्मार्टफोन चाहते हैं. फोन में Corning Gorilla Glass Victus 2 प्रोटेक्शन दिया गया है और कई लेवल की IP रेटिंग भी हैं. इसका मतलब है कि धूल और पानी से बचाव के मामले में फोन काफी मजबूत है. 

फोन की मोटाई करीब 8.6mm और वजन करीब 223-226 ग्राम है. इससे साफ पता चलता है कि यह हल्का या छोटा फोन नहीं है. बड़ी स्क्रीन और बड़ी बैटरी की वजह से इसका आकार नॉर्मल मिड-रेंज फोन से बड़ा महसूस होता है. अगर आपको छोटा और हल्का फोन पसंद है तो POCO X8 आपको भारी लग सकता है. अगर आपकी प्राथमिकता मजबूत बॉडी और बड़ी बैटरी है तो इसका बड़ा आकार परेशान नहीं करेगा.

IP69K रेटिंग कितनी खास?

POCO X8 को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली हैं. आसान भाषा में कहें तो फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए काफी मजबूत बनाया गया है. खास तौर पर IP69K जैसी रेटिंग इसे उन लोगों के लिए खास बनाती है, जो फोन का इस्तेमाल ऐसे माहौल में करते हैं, जहां पानी और धूल का सामना ज्यादा होता है. हालांकि, किसी भी फोन की IP रेटिंग का मतलब यह नहीं है कि उसे जानबूझकर पानी में डुबोकर या प्रेशर वॉटर जेट के नीचे रखकर इस्तेमाल किया जाए.

POCO X8 Review: 9000mAh बैटरी वाला फोन कितना दमदार, जानें किसके लिए यह फोन बेस्ट?

POCO X8 के डिस्प्ले में क्या खास?

इस फोन में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है. इसका फायदा स्क्रॉलिंग, वीडियो देखने और नॉर्मल इस्तेमाल में नजर आता है. स्क्रीन पर मूवमेंट काफी स्मूथ है. तेज और आउटडोर में स्क्रीन की ब्राइटनेस काफी अच्छी है. वहीं, AMOLED स्क्रीन की वजह से रंग अच्छे और गहरे दिखाई देते हैं. 1.5K रिजॉल्यूशन बड़ी स्क्रीन पर वीडियो और फोटो देखने का अनुभव भी बेहतर करता है. HDR10+, Dolby Vision, 100% DCI-P3 और 3200Hz तक इंस्टेंट टच सैंपलिंग जैसे फीचर्स इसे खास बनाते हैं. इसके अलावा Wet Touch 2.0 की मदद से गीली उंगली या बारिश जैसी कंडीशन में टच रिस्पॉन्स बेहतर रहता है. 

कैसी है इसकी परफॉर्मेंस?

POCO X8 में Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है. यह 4nm प्रोसेस पर बना ऑक्टा-कोर चिपसेट है और इसकी क्लॉक स्पीड 2.4GHz तक जाती है. हमने इस डिवाइस के 8GB+256GB वैरिएंट को करीब 15 दिन इस्तेमाल किया. यह फोन WhatsApp, Instagram, YouTube, Chrome, Maps, ऑनलाइन शॉपिंग, वीडियो कॉल और दूसरे रोजमर्रा के कामों के लिए फोन पर्याप्त पावर देता है. नॉर्मल यूज के लिए इस फोन की परफॉर्मेंस काफी अच्छी है, लेकिन हार्डकोर गेमिंग के लिए यह परफेक्ट नहीं है. इस फोन हल्के और नॉर्मल गेम आराम से चलते हैं, लेकिन हैवी गेम्स लगातार खेलने पर लैग और हीटिंग जैसे इश्यू नजर आते हैं. 

POCO X8 Review: 9000mAh बैटरी वाला फोन कितना दमदार, जानें किसके लिए यह फोन बेस्ट?

RAM और स्टोरेज कितनी?

भारत में POCO X8 के तीन वैरिएंट 6GB+128GB, 8GB+128GB और 8GB+256GB लॉन्च किए गए हैं. इनकी कीमत ₹29,999, ₹32,999 और ₹35,999 तय की गई है. खास बात यह है कि 256GB वाले वैरिएंट में तेज UFS 3.1 स्टोरेज दी गई है, जबकि 128GB मॉडल में UFS 2.2 स्टोरेज है. 

कितना दमदार है 50MP का कैमरा? 

POCO X8 में 50MP का रियर कैमरा OIS के साथ दिया गया है. इसके साथ 2MP का डेप्थ सेंसर है, जबकि सेल्फी के लिए 16MP का कैमरा मिलता है. कैमरा ऐप में पोर्ट्रेट, नाइट मोड, HDR जैसे कई नॉर्मल मोड हैं, लेकिन दिन की रोशनी में रियर कैमरा सेटअप से ठीक-ठाक तस्वीरें खींची जा सकती हैं, लेकिन अल्ट्रावाइड कैमरे की कमी खलती है. रात की रोशनी में तस्वीरों की क्वालिटी काफी खराब रहती है. इसके अलावा 16MP फ्रंट कैमरा वीडियो कॉल और नॉर्मल सेल्फी के लिए ठीक-ठाक है. अगर आपकी प्रायॉरिटी फोटोग्राफी है तो POCO X8 का कैमरा सेटअप इस फोन की सबसे बड़ी ताकत नहीं है.

बैटरी कितनी पावरफुल?

अब उस फीचर पर आते हैं, जिसकी वजह से POCO X8 सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है. फोन में 9,000mAh की Silicon-Carbon बैटरी दी गई है. यह नॉर्मल मिड-रेंज फोन की तुलना में काफी बड़ी बैटरी है. रिव्यू के दौरान फोन पूरे दिन बेहद आराम से चला. अगर नॉर्मल तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो डेढ़ से दो दिन का बैकअप भी आसानी से मिल सकता है. इसके अलावा POCO X8 में 67W फास्ट चार्जिंग दी गई है, जिससे इसे चार्ज करने में ज्यादा वक्त नहीं लगता. साथ ही, यह फोन 22.5W wired reverse charging सपोर्ट करता है. जरूरत पड़ने पर आप इससे दूसरे डिवाइस भी चार्ज कर सकते हैं. 

POCO X8 Review: 9000mAh बैटरी वाला फोन कितना दमदार, जानें किसके लिए यह फोन बेस्ट?

सॉफ्टवेयर कितना दमदार?

POCO X8 में Android 16 बेस्ड HyperOS 3 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलता है. इंटरफेस में ऐप्स को अलग-अलग कैटेगरी में रखने और App Finder जैसे फीचर्स मिलते हैं. हालांकि, POCO की ब्लोटवेयर वाली पुरानी समस्या इस फोन में भी नजर आई. फोन में कुछ ऐसे ऐप्स और प्रमोशनल नोटिफिकेशन मिलते हैं, जिनकी जरूरत हर यूजर को नहीं होती. खास बात यह है कि POCO ने X8 के लिए 4 बड़े Android अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है. 

स्पीकर और कनेक्टिविटी

फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर और Dolby Atmos सपोर्ट दिया गया है, जिससे वीडियो और म्यूजिक देखने-सुनने का एक्सपीरियंस बेहतर हो सकता है. इसके अलावा ऑडियो को 300 पर्सेंट बूस्ट करने का ऑप्शन भी है, जिससे शोर-शराबे में भी आवाज सुनने में दिक्कत नहीं होती है. 

POCO X8 खरीदना चाहिए या नहीं?

यह फोन उन लोगों के लिए बेहद खास है, जो दिनभर फोन इस्तेमाल करते हैं. काफी ज्यादा वीडियो देखते हैं. ट्रैवल करते हैं और बार-बार चार्जर लेकर नहीं घूमना चाहते. इसके अलावा ऐसा फोन चाहते हैं, जो धूल-पानी के मामले में ज्यादा मजबूत हो. 9,000mAh की बैटरी, 67W की चार्जिंग, 1.5K 120Hz AMOLED स्क्रीन और मजबूत बॉडी इसे मजबूत पैकेज बनाते हैं. वहीं, कैमरा सेटअप औसत से ज्यादा होते हुए भी मुख्य आकर्षण नहीं है, क्योंकि इसमें अल्ट्रावाइड कैमरा नहीं है.

यह भी पढ़ें: iPhone 18 Pro की सेल कल से शुरू, जानें सबसे सस्ती डील कहां मिलेगी?