आलू के छिलके फेंकने की जरूरत नहीं, घर पर बनाएं कुरकुरा स्नैक

आलू के छिलके फेंकने की जरूरत नहीं, घर पर बनाएं कुरकुरा स्नैक


आलू लगभग हर घर में इस्तेमाल होता है. इसकी सब्जी, पराठे, टिक्की और कई दूसरी चीजें बनाई जाती हैं. लेकिन आलू छीलने के बाद ज्यादातर लोग उसके छिलके कूड़े में फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं तो अब ऐसा करने की जरूरत नहीं है. आलू के छिलकों को अच्छी तरह साफ करके उनसे एक स्वादिष्ट और कुरकुरा स्नैक तैयार किया जा सकता है. यह आसानी से झट पट बन कर तैयार हो जाता है और शाम की चाय का जायका बढ़ा देता है 

सबसे पहले छिलकों को अच्छी तरह साफ करें

आलू के छिलकों से स्नैक बनाने के लिए सबसे पहले आलू को पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद छिलके उतारें और उन्हें एक बार फिर साफ पानी से धोएं. छिलकों पर मिट्टी या गंदगी बिल्कुल नहीं रहनी चाहिए. अब इन्हें कुछ देर के लिए साफ कपड़े या पेपर पर रखकर सुखा लें. अगर छिलकों में ज्यादा पानी रहेगा तो इन्हें कुरकुरा बनाने में परेशानी होगी . इसलिए इन्हें अच्छी तरह सुखाना जरूरी है. आप चाहें तो छिलकों को थोड़ा मोटा भी रख सकते हैं , इससे स्नैक खाने में ज्यादा अच्छा क्रिस्पी लगता है.

यह भी पढ़ें : घर में कैसे बनाएं गोल्डन मोदक? कमाल की है यह रेसिपी

ऐसे बनाएं कुरकुरा स्नैक

अब एक कटोरी में आलू के सूखे छिलके लें. इसमें थोड़ा सा नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला और अपनी पसंद के मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद एक पैन में थोड़ा तेल तेज आंच पर गर्म होने दें  और उसमें छिलकों को डालकर धीमी या मध्यम आंच पर भूनें. इन्हें लगातार चलाते रहें, ताकि छिलके नीचे से जलें नहीं. कुछ देर बाद छिलके सुनहरे और कुरकुरे होने लगेंगे. जब छिलके अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाएं तो उन्हें प्लेट में निकाल लें. इसे हेल्थी बनाने के लिए आप  ओवन या एयर फ्रायर में भी इन्हे  कुरकुरा कर सकते हैं .

चाय के साथ खाएं और स्वाद बढ़ाएं

आलू के छिलकों से बना यह स्नैक शाम की चाय के साथ खाया जा सकता है. इसका स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा चाट मसाला या नींबू का रस डालें . इसमें आप अपनी पसंद के मासालें मिला कर नया फ्लेवर भी बना सकते हैं . यह  खाने की चीजों को बेकार जाने से बचाने का आसान तरीका है. ध्यान रखें की  स्नैक बनाने के लिए ताजे और अच्छी तरह साफ किए हुए आलू के छिलके ही इस्तेमाल करें. हरे पड़े, सड़े या खराब आलू के छिलकों का इस्तेमाल नहीं करें . इस तरह घर में बचने वाले छिलकों से एक आसान और कुरकुरा स्नैक तैयार किया जा सकता है 

यह भी पढ़ें : घर पर कैसे बनाएं मेरठ की मशहूर नानखटाई? जान लें रेसिपी