‘मोदी जी को सलाम’, BRICS समिट पर रवि शास्त्री का बड़ा बयान; जानें क्या कहा


टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज और कोच रवि शास्त्री ने दिल्ली में चल रही BRICS समिट को लेकर बात की. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की. पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने एक खास तस्वीर साझा की, जिसमें पीएम मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पौधे को पानी देते नजर आ रहे हैं. 

पौधरोपण पहल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा ने हिस्सा लिया.

मोदी जी को सलाम 

शेयर की गई पोस्ट में रवि शास्त्री ने लिखा, “एक भारतीय के तौर पर इससे ज्यादा गर्व कभी महसूस नहीं हुआ. राष्ट्रपति पुतिन, राष्ट्रपति शी और हमारे शानदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में एक साथ. ऐसी अंतरराष्ट्रीय कूटनीति जो पहले कभी नहीं देखी गई. मोदी जी आपको सलाम.”

क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने शनिवार को एक्स पर लिखा, “2026 के ब्रिक्स दिल्ली शिखर सम्मेलन में सर्वसम्मति से अपनाई गई ‘नई दिल्ली घोषणा’ एक ऐसे ब्रिक्स का आत्मविश्वास दिखाती है जिसकी पहुंच व्यापक है और जिसका उद्देश्य मजबूत है”

आगे लिखा, “इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी, लोगों के बीच आपसी रिश्तों और अन्य मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, इसका मकसद सहयोग को अधिक व्यावहारिक, विकास-उन्मुख और ब्रिक्स देशों की आकांक्षाओं के अनुरूप बनाना है. मैं इसे अपनाने के लिए ब्रिक्स के सभी सहयोगी देशों और उनके नेताओं का धन्यवाद करता हूं.”

13 सितंबर को होगा BRICS का समापन 

बता दें कि भारत की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली BRICS समिट का समापन 13 सितंबर (रविवार) को होगा. इसकी शुरुआत 12 सितंबर (शनिवार) से हुई थी. 

 

यह भी पढ़ें: पहले टी20 में ऐसी होगी भारत-अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन, जानें पिच रिपोर्ट और मैच प्रिडिक्शन