दुनिया में प्यार को लेकर अलग-अलग तरह की परंपराएं देखने को मिलती हैं, लेकिन वियतनाम का खाऊ वाई लव मार्केट अपनी अनोखी पहचान के लिए जाना जाता है. यह कोई सामान्य बाजार नहीं, जहां लोग सामान खरीदारी के लिए पहुंचते हों. यहां भावनाएं, पुरानी यादें और स्थानीय संस्कृति एक साथ दिखाई देती हैं. साल में एक बार होने वाले इस आयोजन में ऐसे लोग भी पहुंचते हैं, जिनके रास्ते कभी अलग हो चुके हैं.
यह अनोखा आयोजन उत्तरी वियतनाम के हा जियांग क्षेत्र में होता है. यहां अलग-अलग स्थानीय समुदायों के लोग जुटते हैं. इस जगह की सबसे खास बात यह है कि यहां पुराने प्रेमी एक-दूसरे से मुलाकात करते हैं, बातचीत करते हैं और बीते रिश्ते की यादों को साझा करते हैं. वियतनाम में इस मुलाकात को सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा माना जाता है.
एक अधूरी प्रेम कहानी से शुरू हुई परंपरा
खाऊ वाई लव मार्केट के पीछे एक पुरानी लोककथा बताई जाती है. कहानी दो अलग जातीय समुदायों से जुड़े युवक-युवती की है, जिनके बीच प्रेम तो हुआ, लेकिन पारिवारिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण उनका विवाह नहीं हो सका. कहा जाता है कि अलग होने से पहले दोनों ने तय किया कि वे साल में एक दिन खाऊ वाई में जरूर मिलेंगे. आज भी इस कहानी को इस आयोजन की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ा जाता है.
यहां सिर्फ पुराने प्रेमी ही नहीं आते
जगह का नाम भले ही Love Market है, लेकिन यहा केवल पूर्व प्रेमी जोड़े नहीं आते बल्कि विवाहित लोग भी संभावित जीवनसाथी की तलाश में पहुंचते हैं. कई विवाहित लोग और परिवार भी उत्सव में हिस्सा लेते हैं. यानी यह आयोजन रिश्तों की एक ही परिभाषा तक सीमित नहीं है. किसी के लिए यह पुराने साथी से मिलने का अवसर है, तो किसी के लिए नए रिश्ते की शुरुआत की जगह. वहीं स्थानीय लोगों के लिए यह उनकी सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
इसे भी पढ़ेंः Suhagrat Paan Tradition: सुहागरात पर क्यों खिलाया जाता है पान? जानें असली वजह
कब होता है आयोजन?
यह आयोजन चंद्र कैलेंडर के अनुसार तीसरे चंद्र महीने की 27वीं तारीख को आयोजित किया जाता है, जो आमतौर पर अप्रैल या मई के आसपास आती है. तारीख हर साल सामान्य कैलेंडर में बदलती है. यहां मुलाकात का मकसद जरूरी नहीं कि पुराने रिश्ते को फिर से शुरू करना हो. कई लोगों के लिए यह अतीत को स्वीकार करने, पुरानी यादों को सम्मान देने और फिर अपनी जिंदगी में लौट जाने का अवसर माना जाता है.
2021 में मिली सांस्कृतिक पहचान
खाऊ वाई की इस परंपरा को 2021 में वियतनाम के संस्कृति मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के रूप में मान्यता दी गई. इससे इस आयोजन की सांस्कृतिक अहमियत को आधिकारिक पहचान मिली. खाऊ वाई लव मार्केट की परंपरा यह दिखाती है कि किसी पुराने रिश्ते को याद करना हमेशा उसे वापस पाने की कोशिश नहीं होता. कभी-कभी अतीत से मिलना सिर्फ उसे स्वीकार करने और मुस्कुराकर आगे बढ़ने का तरीका भी होता है.
इसे भी पढ़ेंः Butter In Dal Makhani: 4 लोगों के लिए दाल मखनी में कितना मिलाएं मक्खन? जान लें तगड़ी रेसिपी





