पूरी तरह मिटा देंगे…, अमेरिकी रक्षा मंत्री की ईरान को चेतावनी


अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ गया है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने अमेरिकी नौसेना के जहाजों पर हमला किया तो अमेरिका उसके तेल टैंकरों को नष्ट कर उन्हें डुबो देगा. 

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने दी सख्त चेतावनी

पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर के बयान को साझा करते हुए ईरान को चेतावनी दी. कूपर ने कहा था कि अगर ईरान अमेरिकी जहाजों पर हमला करता है तो उसे इसकी बड़ी आर्थिक कीमत चुकानी पड़ सकती है.

हेगसेथ ने अपने पोस्ट में कहा, यह आसान है- अगर ईरान अमेरिकी जहाजों पर गोली चलाता है तो हम उसके तेल टैंकरों को नष्ट कर देंगे और डुबो देंगे. उसे बस इतना करना है कि वह अमेरिकी नौसेना पर हमला न करे.

कूपर ने अलग से कहा कि अगर ईरान का इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) दो अमेरिकी जहाजों पर हमला करता है तो अमेरिकी सेना जवाबी कार्रवाई में तीन ईरानी जहाजों को निशाना बनाएगी. उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने सैनिकों और जहाजों की रक्षा करने में पीछे नहीं हटेगा. जरूरत पड़ने पर ईरान के सीमित और आसानी से निशाना बनाए जा सकने वाले तेल बेड़े को भी नष्ट किया जा सकता है.

अमेरिका ने तीन ईरानी तेल टैंकरों पर किया हमला

अमेरिकी चेतावनी से पहले शनिवार को अमेरिका ने तीन ईरानी तेल टैंकरों पर हमला किया था. इनमें से एक टैंकर ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप के पास था. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, ये हमले तब किए गए जब ईरान के IRGC ने अमेरिकी नौसेना के दो जहाजों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. CENTCOM ने कहा कि हमले में किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं पहुंचा.

इससे पहले ईरान की IRGC नौसेना ने फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास मौजूद जहाजों को संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चेतावनी दी थी. ईरानी बल ने दावा किया कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में बिना अनुमति वाले मार्गों से गुजर रहे तीन तेल टैंकरों को निशाना बनाया.

इसके अलावा उसने अलग-अलग इलाकों में तीन अन्य अमेरिकी जहाजों को भी निशाना बनाने का दावा किया. हालांकि, ईरान की ओर से किए गए इन दावों की अमेरिका ने तत्काल पुष्टि नहीं की.

ईरान ने भी दी बड़े हमले की धमकी

अमेरिकी हमलों और चेतावनियों के बाद ईरान ने भी अपना रुख और सख्त कर लिया है. ईरानी सैन्य कमान ने चेतावनी दी कि अगर ईरानी जहाजों को परेशान करना और समुद्री नाकाबंदी जारी रहती है तो क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य जहाजों के खिलाफ ईरान के हमले पहले से ज्यादा गंभीर हो सकते हैं.

ईरान ने कहा कि ऐसी स्थिति में उसके हमले का दायरा भी बढ़ सकता है और अमेरिकी सैन्य जहाजों को पहले की तुलना में ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सकता है. ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने भी दावा किया कि खार्ग के पास लंगर डाले एक तेल टैंकर पर अमेरिका की ओर से चार मिसाइलें दागी गईं. स्थानीय सूत्रों के हवाले से एजेंसी ने बताया कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ और टैंकर के चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है.

यह भी पढ़िएः कौन है गद्दार? ईरान वॉर डेटा लीक होते ही US आर्मी के अधिकारियों का पॉलीग्राफ टेस्ट