एक तरफ देश में डिजिटल इंडिया और हाई-टेक विकास की बातें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले से एक ऐसी विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई है जो प्रशासनिक दावों की पोल खोलती है. जिले के सुदूर आदिवासी इलाके में सड़क न होने की वजह से एक बीमार आदिवासी महिला को उसके परिजनों और ग्रामीणों ने 11 किलोमीटर तक खाट पर उठाकर पथरीले रास्तों से होते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां एम्बुलेंस खड़ी थी. अब सोशल मीडिया पर जैसे ही ये मामला वायरल हुआ यूजर्स का गुस्सा भी फूट पड़ा और उन्होंने तरह तरह के रिएक्शन देने शुरू कर दिए.
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांव की एक आदिवासी महिला अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गई. परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन किया. एम्बुलेंस रवाना भी हुई, लेकिन गांव तक पहुंचने के लिए कोई पक्की या मोटर योग्य सड़क ही नहीं थी. रास्ता पूरी तरह गड्ढों, पत्थरों और कीचड़ से भरा हुआ था, जो बारिश के मौसम में और भी बदतर हो जाता है. जब एम्बुलेंस गांव से 11 किलोमीटर दूर ही रुक गई, तो ग्रामीणों के पास कोई और रास्ता नहीं बचा. उन्होंने लकड़ियों और रस्सियों के सहारे एक खाट को ही अस्थाई स्ट्रेचर बनाया और मरीज को कंधे पर लादकर पहाड़ों और जंगलों के रास्तों से पैदल यात्रा शुरू की. घंटों की मशक्कत के बाद वे मरीज को मुख्य सड़क तक ले जा सके, जहां से उसे अस्पताल पहुंचाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि वे दशकों से इस संपर्क समस्या से जूझ रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः पहाड़ ने डराया तो पानी से आया प्रलय, आंखों में आंसू ला देंगी नेपालियों की दास्तां
सोशल मीडिया पर क्या कह रहे हैं यूजर्स?
इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है. यूजर्स ने सिस्टम को आड़े हाथों लिया है. कई यूजर्स लिख रहे हैं कि “क्या यही हमारा अमृत काल और डिजिटल भारत है, जहां 11 किलोमीटर तक बीमार को खाट पर ढोना पड़ रहा है?” लोग जिम्मेदारों को टैग करते हुए लिख रहे हैं कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही आदिवासी इलाकों को उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है. यूजर्स का कहना है कि बुनियादी स्वास्थ्य और सड़क हर नागरिक का अधिकार है. अगर समय पर इलाज न मिलने से किसी की जान चली जाए, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?
यह भी पढ़ेंः प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी ने एक दूसरे पर लुटाया प्यार- वीडियो वायरल





